भोपाल से प्रस्तुत हैं प्रादेशिक समाचार.......
पहले मुख्य समाचार........
मुख्य समाचार :-
1.प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज नई दिल्ली में भारत टैक्स-2025 को करेंगे संबोधित ।
2.भोपाल में 24 फरवरी से आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की तैयारियां जोरो पर।
3.उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यकम में परीक्षा का आयोजन होगा आज।
और.....
4.अखिल भारतीय पुलिस वॉटर स्पोटर्स प्रतियोगिता 17 फरवरी से भोपाल में।
भारत टैक्स
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में भारत टैक्स-2025 में भाग लेंगे। इस अवसर पर वे उपस्थित जनसमूह को संबोधित भी करेंगे। इसमें 120 से अधिक देशों के नीति निर्माता और वैश्विक सीईओ, प्रदर्शक, अंतरराष्ट्रीय खरीदार भाग लेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय ने आज एक बयान में कहा कि यह एक विशिष्ठ कार्यक्रम है क्योंकि यह कच्चे माल से लेकर तैयार उत्पादों तक की संपूर्ण वस्त्र मूल्य श्रृंखला को एक ही मंच पर एक साथ लाता है। 17 फरवरी तक चलने वाले भारत टेक्स 2025 में नीति निर्माताओं, वैश्विक सीईओ के साथ-साथ 5000 से अधिक प्रदर्शकों, 120 से अधिक देशों के 6000 अंतरराष्ट्रीय खरीदारों और अन्य आगंतुकों के आने की उम्मीद है।
ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट
देश-विदेश के उद्यमियों को निवेश के अवसरों से रूबरू कराने के उद्देश्य से राजधानी भोपाल में 24 फरवरी से आयोजित दो दिवसीय ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट की तैयारियां जौरों पर है। इसका शुभांरभ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे। व्यापार और उद्योग अनुकूल माहौल बनाने के लिये प्रतिबद्ध मध्यप्रदेश सभी उद्यमियों के लिए निवेश के अपार अवसर और उसके बाद दीर्घकालिक विकास सुनिश्चित करने के प्रति संकल्पित है। मध्यप्रदेश पर्यटन, फार्मास्युटिकल्स, ऑटोमोबाइल, खनन, डेयरी और खाद्य प्रसंस्करण जैसे क्षेत्रों के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है।
मुख्यमंत्री समिट
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट से युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और प्रदेश की क्षमता का उपयोग देश की अर्थव्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में कार्य हो रहा है। आज अपने निवास से जारी संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में आस्था, श्रद्धा से जुड़े कार्यों का भी क्रियान्वयन किया जा रहा है, जिससे हमें हमारी विरासत पर गर्व करने का अवसर मिले। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेशवासियों को विकास गतिविधियों की सौगात निरंतर जारी रहेगी।
जन आरोग्य योजना
केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना भारत सरकार का दुनिया का सबसे बड़ा स्वास्थ्य कवरेज कार्यक्रम है। इसकी शुरुआत 10 करोड़ 74 लाख परिवारों से हुई यानी 55 करोड़ लोग शामिल थे। इस तरह से भारतीय आबादी के 40 प्रतिशत लोगों को स्वास्थ्य कवरेज मिला। अंतरराष्ट्रीय बाल कैंसर जागरूकता दिवस के अवसर पर झज्जर में राष्ट्रीय कैंसर संस्थान में एम्स में आयोजित ऑन्कोलॉजी कॉन्क्लेव 2025 का उद्घाटन करते हुए उन्होंने कहा कि समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना की शुरुआत की गई थी।
साक्षरता कार्यक्रम
प्रदेश के सभी जिलों के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम में बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मकता परीक्षा का आयोजन आज किया जायेगा। परीक्षा में लगभग 17 लाख से अधिक नवसाक्षर अपनी योग्यता को साबित करेंगे। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रावधानों के अनुसार प्रदेश में साक्षरता दर बढ़ाने के लिये 15 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के ऐसे असाक्षर को साक्षर करने के लिये उल्लास-नवभारत साक्षरता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। जिनमें यूनेस्को की परिभाषा अनुसार, मुद्रित एवं लिखित सामग्री का उपयोग करके पहचानने, समझने, व्याख्या करने, बनाने, संवाद करने और गणना करने की क्षमता नहीं है। देशभर में यह कार्यक्रम वर्ष-2022 से वर्ष 2027 तक संचालित किया जा रहा है।
निवेश
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से 'श्री टेक डेटा लिमिटेड कंपनी के सीईओ विजय आनंद ने भेंट की। इस दौरान प्रदेश में उन्नत बुनियादी ढांचे और तकनीकी विस्तार पर चर्चा हुई। उन्होंने प्रदेश में डेटा सेंटर, ग्रीन हाइड्रोजन, सौर ऊर्जा और ट्रांसमिशन सेक्टर में निवेश की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत कर 9100 करोड़ रूपये के निवेश का प्रस्ताव दिया। इसके अन्तर्गत इंदौर में 4 हजार करोड़ रूपये की लागत से डेटा सेंटर स्थापित करने, बीना में 3 हजार करोड़ रूपये की लागत से ग्रीन हाइड्रोजन प्लांट विकसित करने, उज्जैन में 600 करोड़ रूपये के निवेश से सोलर पॉवर यूनिट स्थापित करने और उज्जैन में ही बिजली ट्रांसमिशन एवं वितरण अवसंरचना के लिए 1500 करोड़ रूपये के निवेश प्रस्ताव दिये। यह निवेश मध्यप्रदेश के औद्योगिक और आर्थिक विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
वॉटर स्पोर्ट्स
24वीं अखिल भारतीय पुलिस वॉटर स्पोर्ट्स प्रतियोगिता का आयोजन मध्य प्रदेश पुलिस की मेजबानी में 17 से 21 फरवरी तक स्थानीय बोट क्लब बडा तालाब भोपाल में किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में 22 राज्यों, केन्द्रशासित प्रदेशों तथा केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के कुल 557 प्रतिभागी सहभागिता करेंगे। इनमें 123 महिला खिलाड़ी भी शामिल हैं। पांच दिन तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में केनोइंग, क्याकिंग तथा रोइंग की कुल 27 स्पर्धाऐं होंगी, जिसमें कुल 360 पदकों के लिए विभिन्न राज्यों और अर्द्धसैनिक बलों की टीमें अपना जौहर दिखाएंगी।
कुछ समाचार संक्षेप में
1.सतना में नगरीय विकास और आवास राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी ने स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की समीक्षा की।
2.बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के 10 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देवास में साइबर सुरक्षा के लिए कार्यशाला का आयोजन किया गया।
3.बुंदेलखंड की लोक संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए छतरपुर जिले के ग्राम बसारी में बुंदेली उत्सव का शुभारंभ हुआ।,
4.शहडोल जिले में मिशन वात्सल्य अंतर्गत बाल संरक्षण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया।
5.केंद्र सरकार के भूमि संसाधन विभाग द्वारा चलाए जा रहे पायलट कार्यक्रम के तहत नर्मदापुरम जिले की माखननगर नगर परिषद को चयनित किया गया है।
6.जबलपुर शहर में अब पर्यटक और स्थानीय लोग वाटर स्पोर्ट्स का आनंद ले सकेंगे। इस माह मुख्यमंत्री मोहन यादव इसका उद्घाटन करेंगे।
7.खंडवा के प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस - फिनटेक कोर्स में अतिथि व्याख्यान आयोजित हुआ।
8.सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों के निराकरण के लिए राजधानी भोपाल की नगरीय पुलिस जोन 2 द्वारा लगातार शिविर लगाएं जा रहे हैं।
और.....
9.सीहोर जिले में मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित की जाने वाली राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 1 हजार से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे।
अंत मे मुख्य समाचार एक बार फिर.....
1.प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज नई दिल्ली में भारत टैक्स-2025 को करेंगे संबोधित ।
2.भोपाल में 24 फरवरी से आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की तैयारियां जोरो पर।
3.उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यकम में परीक्षा का आयोजन होगा आज।
और.....
4.अखिल भारतीय पुलिस वॉटर स्पोटर्स प्रतियोगिता 17 फरवरी से भोपाल में।
आज के इस बुलेटिन में बस इतना ही....... नमस्कार

0 comments:
एक टिप्पणी भेजें