भोपाल से प्रस्तुत हैं प्रादेशिक समाचार ।
नमस्कार समाचारों के साथ में जितेंद्र रघुवंशी पहले मुख्य समाचार ।
1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कृषि सुधार किसानों को और सशक्त बनाएंगे।
2. राजधानी भोपाल को स्वच्छता, सुंदरता, विकास और सुशासन का मॉडल बनाया जाएगा कहा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने।
3. आने वाले दिनों में प्रदेश में बढ़ेगा ठंड का असर।
मन की बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हाल के कृषि सुधारों ने किसानों के लिए संभावनाओं के नए द्वार खोले हैं । आकाशवाणी पर प्रसारित अपने मन की बात कार्यक्रम में देश को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि किसान लंबे समय से इन सुधारों की मांग कर रहे थे और उनकी सरकार ने इसे पूरा किया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि संसद ने बहुत विचार-विमर्श के बाद कृषि सुधारों को कानूनी रूप दिया है । उन्होंने कहा कि इन सुधारों ने ना केवल किसानों के बंधनों को समाप्त किया है बल्कि उन्हें नए अधिकार और अवसर भी दिए हैं।
प्रधानमंत्री ने युवाओं से अनुरोध किया है कि वे अपने आसपास के गांव का दौरा करके किसानों को खेती में नवाचारों और हाल के कृषि सुधारों के बारे में जागरूक करें। उन्होंने कहा कि राष्ट्र गुरु नानक देव का 551वा प्रकाश पर्व मनाएगा। उन्होंने कहा कि गुरु नानक के उपदेश बैंकुबर से वेलिंगटन और सिंगापुर से दक्षिण अफ्रीका तक गूंजते हैं। 6 दिसंबर को बाबा साहेब अंबेडकर की पुण्यतिथि मनाई जाएगी। प्रधानमंत्री ने सभी से देश के लिए संकल्प लेने और एक व्यक्ति के रूप में संविधान द्वारा सौंपें गए कर्तव्यों का पालन करने का आग्रह किया।
किसान चर्चा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किसान यूनियन के नेताओं से दिल्ली पुलिस द्वारा निर्धारित जगह पर जाने का आग्रह किया है। श्री शाह ने कृषि सुधार कानूनों का विरोध कर रहे किसानों से कहा कि केंद्र सरकार उनकी हर मांग पर चर्चा के लिए तैयार है। गृह मंत्री ने कहा कि किसान निर्धारित जगह पर धरना प्रदर्शन करेंगे तो इससे जनता को परेशानी नहीं होगी। इस बीच कृषि और किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने आशा व्यक्त की है कि किसानों के प्रतिनिधि 3 दिसंबर को चर्चा के लिए आएंगे।
मुख्यमंत्री बैठक
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्राकृतिक सुंदरता से परिपूर्ण प्रदेश की राजधानी भोपाल को और अधिक निखारने के लिए एक कार्ययोजना बनाकर अमल किया जाए। भोपाल स्वच्छता सुंदरता विकास और सुशासन का मॉडल बनना चाहिए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि आपराधिक तत्वों के विरुद्ध अभियान जारी रहे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कल सुबह अपने निवास पर भोपाल के विकास सौंदर्यीकरण और कानून व्यवस्था को लेकर बैठक की। मुख्यमंत्री ने बैठक में कहा कि अगले 2 सप्ताह में विकास का प्लान बनाया जाए। मुख्यमंत्री कार्यालय और नगरीय प्रशासन के समन्वय से संबंधित योजना बने। निर्धन तबके के निर्माणाधीन आवास जल्द बने। बैठक मैं कमिश्नर भोपाल कविंद्र कियावत कलेक्टर अविनाश लवानिया डीआईजी इरशाद वली प्रमुख सचिव मनीष रस्तोगी के साथ वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रदेश कोरोना
प्रदेश में कोरोना के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या दो लाख के पार पहुंच गई है। वहीं इनमें से एक लाख 83 हजार से ज्यादा मरीज अब तक स्वस्थ हो चुके हैं। शहडोल जिले में कोरोना के 7 नए मामले सामने आए हैं। कटनी में 4, अनूपपुर में 2 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। सागर जिले में 18 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं यहां 108 सक्रिय मामले हैं।
प्रकाश पर्व
श्री गुरु नानक देव जी का 551 वा प्रकाश पर्व आज मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरू नानक जयंती पर प्रदेश के नागरिकों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने आजीवन मानव कल्याण के लिए कार्य किया। वे परिश्रम, समानता, सद्भाव और भाईचारे के मूल्यों को प्रोत्साहित करते रहे। श्री चौहान ने गुरू नानक जयंती पर हो रहे कार्यक्रमों की सफलता की कामना करते हुए कोरोना के दृष्टिगत सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखने का आग्रह किया है। शहडोल मैं इस अवसर पर गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।कल सुबह गुरु ग्रंथ साहब के अखंड पाठ के साथ गुरुद्वारा परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
मौसम
कुछ दिन पहले बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ने निवार का असर अभी भी बना हुआ है। उसके असर से प्रदेश में 16 से 18 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। तूफान के कारण मिल रही नमी से पूर्वी मध्य प्रदेश में बादल बने हुए हैं कहीं-कहीं गरज चमक के साथ बरसात भी हो रही है। ठंडी हवाओं ने एक बार फिर राजधानी भोपाल सहित पूरे प्रदेश में ठिठुरन बढ़ा दी है। अभी तीन-चार दिन तक मौसम शुष्क बने रहने के आसार हैं साथ ही हवा का रुख भी उत्तरी बने रहने की संभावना है। इस वजह से ठंड के तेवर काफी तीखे हो सकते हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहेगा। खासतौर से मंडला, सिवनी, पैच, डिंडोरी जैसे जिलों का तापमान नीचे आने की पूरी संभावना है। आने वाले दिसंबर माह के पहले हफ्ते में तापमान 10 डिग्री से नीचे बना रहेगा।
अब कुछ समाचार खेल जगत से
ऑस्ट्रेलिया ने 3 वनडे की सीरीज के दूसरे मुकाबले में भारतीय टीम को 51 रन से हरा दिया। इसी के साथ टीम ने सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज के पहले वनडे में इसी सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में भारतीय टीम को 66 रन से हराया था। सीरीज का आखिरी मुकाबला 2 दिसंबर को कैनबरा में होगा।
टीम इंडिया विदेशी जमीन पर लगातार दूसरी वनडे सीरीज हारी है। पिछली बार फरवरी में न्यूजीलैंड ने अपने घर में टीम इंडिया को 3-0 से हराया था।
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 390 रन का टारगेट दिया। इसके जवाब में भारतीय टीम 9 विकेट गंवाकर 338 रन ही बना सकी। टीम के लिए विराट कोहली ने 89 और लोकेश राहुल ने 76 रन बनाए।
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने 4 विकेट गंवाकर 389 रन बनाए। भारत के खिलाफ टीम का यह सबसे बड़ा स्कोर भी है। इससे पहली ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज के पहले ही वनडे में 27 नवंबर को 374 बनाते हुए भारत के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर बनाया था। ओवरऑल भारत के खिलाफ सबसे बड़ा 438 रन का स्कोर बनाने का रिकॉर्ड साउथ अफ्रीका के नाम दर्ज है। यह स्कोर 2015 मुंबई वनडे में बनाया था।
ऑस्ट्रेलिया की तरफ से स्मिथ ने 64 बॉल पर 104 रन की पारी खेली। यह उनका वनडे करियर का 11वां शतक रहा। उनके अलावा डेविड वॉर्नर ने 83, एरॉन फिंच ने 60, मार्नस लाबुशाने ने 70 और ग्लेन मैक्सवेल ने 63 रन की पारी खेली।
अब कुछ समाचार संक्षेप में
1. लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ प्रभु राम चौधरी पर्यटन स्थल सांची में चेत्यगिरी बिहार वार्षिक उत्सव में शामिल हुए।
2. अब दूरदर्शन से प्रदेश के कॉलेजों की पढ़ाई होगी उच्च शिक्षा विभाग ने 1 दिसंबर से 1 जनवरी तक का कार्यक्रम जारी किया है।
3. विधानसभा सचिवालय के तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों के लिए आवास बनाए जाएंगे आज सुबह इस का भूमि पूजन होगा।
4. शिवपुरी में रविवार को कोरोना के बचाव के चलते बाजार बंद रहे।
5. अशोकनगर जिले में आयोजित रोजगार मेले में 84 युवाओं का चयन हुआ है।
6. सतना जिले के अमरपाटन में भी रोजगार मेले का आयोजन किया गया।
इस बुलेटिन में इतना ही घर पर रहिए सुरक्षित रहिए और पढ़ते रहिए प्रादेशिक समाचार नमस्कार ।
