21 नवंबर, 2020

मध्य प्रदेश समाचार | आज के समाचार | दिनांक 21.11.2020

Leave a Comment


भोपाल से प्रस्तुत हैं प्रादेशिक समाचार । 

नमस्कार समाचारों के साथ में जितेंद्र रघुवंशी पहले मुख्य समाचार ।

1. सरकार ने स्पष्ट किया प्रदेश में दोबारा लॉकडाउन की अभी कोई योजना नहीं, स्कूल-कॉलेज भी बंद रहेंगे ।

2. प्रदेश में कल भी मिले 15 सौ से ज्यादा नए मरीज, अब तक एक लाख 76 हजार हुए स्वस्थ ।

3. रतलाम में रेलवे सुरक्षा बल ने पकड़े दो करोड़ से ज्यादा नगद और सवा किलो से अधिक सोने के आभूषण ।

4. देश में 50 हजार से अधिक आयुष्मान भारत स्वास्थ्य और कल्याण केंद्रों के संचालन के साथ एक नया कीर्तिमान हासिल किया ।

कोरोना समीक्षा सीएम

       राज्य सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि प्रदेश में अभी दोबारा लॉकडाउन की कोई योजना नहीं है, साथ ही अभी स्कूल-कॉलेज भी नहीं खोले जाएंगे । कल भोपाल में कोविड-19 की स्थिति एवं रोकथाम की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आम लोगों को कोरोना संक्रमण से बचने के लिए मास्क पहनना अनिवार्य है ।सरकार इस काम में स्वयंसेवी संगठनों की भी मदद लेगी ।मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि विवाह समारोह में लोगों की संख्या सीमित रखें और सभी सुरक्षा उपायों का पालन करें ।इसके अलावा प्रदेश में सिनेमा हॉल पहले की तरह 50 फ़ीसदी क्षमता के साथ खुले रहेंगे ।


कोविड-राष्ट्रीय

        कोविड के 45हजार आठ सौ से अधिक नए मामलों के साथ देश में कोविड से अब तक संक्रमित हुए लोगों की कुल संख्या 90 लाख से अधिक हो गई है । स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि इस महामारी से देश में अब तक 1 लाख 32 हजार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है । वहीं 84 लाख से अधिक रोगी ठीक हो चुके हैं । ठीक होने वालों की दर 93% से अधिक है ।


कोरोना प्रदेश

        प्रदेश में कोरोना संक्रमित की संख्या में एक बार फिर वृद्धि होने लगी है । कल भी 1 हजार 528 नए मामले सामने आए हैं । इसके फलस्वरूप प्रदेश में कुल संक्रमित की संख्या 1 लाख 89 हजार से अधिक हो गई है । हालांकि इनमें से ठीक होने वालों की संख्या भी 1 लाख 76 हजार तक पहुंच गई है । प्रदेश में अब 10 हजार 402 सक्रिय मामले हैं । पिछले दिनों की तरह ही सबसे ज्यादा मरीज इंदौर और भोपाल में मिल रहे हैं । जबलपुर कलेक्टर कर्मवीर शर्मा ने कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए लोगों से ज्यादा सतर्क रहने का आग्रह किया है । उन्होंने कहा कि जब तक वैक्सीन नहीं आ जाती तब तक मास्क को ही वैक्सीन मानना होगा ।

         उधर, शहडोल में कोरोना के दो नए मरीज मिले हैं, जबकि 4 लोग स्वस्थ होकर घर लौटे । देवास में 10 नए मामले सामने आए हैं, यहां सक्रिय मरीजों की संख्या 39 हो गई है । अशोक नगर में 18 नए मरीज मिले हैं । जिले में अब कुल संक्रमित की संख्या 821 हो गई है, हालांकि इनमें से 655 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं । सतना में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने सर्दी, खांसी, बुखार तथा गले की खराश का इलाज फीवर क्लीनिक पर कराने की अपील की है । उधर गुना में आइसोलेशन वार्ड में भर्ती एक मरीज की मृत्यु पर कलेक्टर ने न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं । बैतूल में 18 नए मरीज मिले हैं, वही 6 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दी गई ।


जन आंदोलन

       साहित्यकार रामकुमार चतुर्वेदी ने प्रधानमंत्री के कोविड-19 के खिलाफ जन आंदोलन का समर्थन करते हुए लोगों से 2 गज की दूरी का पालन करने, समय समय पर हाथ धोने और मास्क लगाने की अपील की है ।


सीएम प्रेस कॉन्फ्रेंस

        मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आज भी अलगाववादी मानसिकता से उबरी नहीं है । भोपाल स्थित पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि जिस गुपकार अलायंस के सुर में कांग्रेस सुर मिला रही है, उसे गुप्तचर संगठन कहा जाए तो उचित होगा । इस संगठन के लोग चीन और पाकिस्तान के लिए जासूसी कर रहे हैं । श्री चौहान ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को देश को यह बताना चाहिए कि धारा 370 और 35 ए को लेकर कांग्रेस की क्या सोच है, क्योंकि कांग्रेस पार्टी और उसके नेता कश्मीर पर दोमुंही बातें क्यों करते हैं ।


शिखर सम्मेलन

        प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सऊदी अरब के शाह के आमंत्रण पर 15वे जी-ट्वेंटी शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे । सऊदी अरब की अध्यक्षता में यह शिखर सम्मेलन वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से आज शनिवार और रविवार को होगा । सम्मेलन का विषय है- सभी के लिए 21 वी शताब्दी के अवसर जुटाना ।विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने कहा कि जी-ट्वेंटी शिखर सम्मेलन समावेशी, लचीली और टिकाऊ आधार पर कोविड-19 से मुक्त होने पर केंद्रित होगा । जी-ट्वेन्टी देशों के नेता इस वैश्विक महामारी से निपटने की तैयारियों और नौकरियों की बहाली के तरीकों और उपायों पर चर्चा करेंगे ।


रतलाम बरामद

         रेलवे सुरक्षा बल ने रतलाम रेलवे स्टेशन पर कल एक व्यक्ति से 2 करोड़ 29 लाख रुपए नगद, 68 लाख रुपये मूल्य का 1 किलो 335 ग्राम सोना और 34 लाख रुपये मूल्य की करीब 57 किलो चांदी के आभूषण बरामद किए हैं । रेलवे सुरक्षा बल के कमांडेंट रमन कुमार ने पत्रकारों को बताया कि यह नगदी व आभूषण किसके हैं, यह अभी पता नहीं लग पाया है । पकड़ा गया व्यक्ति भी सिर्फ कोरियर का काम कर रहा था और उसे यह सामान जयपुर-मुंबई ट्रेन में देना था । एक अन्य व्यक्ति फरार होने में सफल हो गया । पूरे मामले की जानकारी आयकर विभाग को भी दे दी गई है ।


आयुष्मान भारत

          देश में 50 हजार से अधिक आयुष्मान भारत स्वास्थ्य और कल्याण केंद्रों के संचालन के साथ एक नया कीर्तिमान हासिल किया है । इससे देश में 25 करोड़ से अधिक लोगों को सस्ती प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं मिली हैं । आयुष्मान भारत योजना 2018 में शुरू की गई थी जिसका उद्देश्य लोगों को उनके आवास के निकट व्यापक प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल सेवाएं प्रदान करना है । वर्ष 2022 तक लगभग डेढ़ लाख ऐसे केंद्र स्थापित करने का लक्ष्य है । स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने इस कठिन समय में व्यापक प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल सेवाएं प्रदान करने के लिए समर्पित स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, चिकित्सा अधिकारियों, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों और आशा कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया है ।


विश्व बाल दिवस

        विश्व बाल दिवस कल मनाया गया । यह दिन बच्चों के अधिकारों की हिमायत करने और बढ़ावा देने की प्रेरणा देता है । यह बच्चों के लिए बेहतर विश्व बनाने के उद्देश्य से संवाद और कार्य करने की भी प्रेरणा देता है । यूनिसेफ इंडिया के प्रतिनिधि डॉ यास्मीन अली हक ने बताया कि इस वर्ष विश्व बाल दिवस जलवायु परिवर्तन पर केंद्रित है ।


मौसम

        प्रदेश में मौसम की आंख मिचौली जारी है । कहीं लोगों को उमस का सामना करना पड़ रहा है तो कहीं झमाझम बारिश हो रही है । कल उमरिया और डिंडोरी में बारिश से मौसम बदल गया । वही सतना जिले में 2 दिन से रुक-रुक कर हुई बारिश और सर्द हवाओं के कारण ठंड का प्रभाव बढ़ गया है । इस बारिश से किसानों के चेहरों पर खुशी देखी जा रही है । प्रदेश में कल सबसे कम 12 डिग्री सेल्सियस तापमान ग्वालियर में दर्ज किया गया ।


अब कुछ समाचार संक्षेप में

1. केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री थावरचंद गहलोत ने सीहोर में निर्माणाधीन राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य एवं पुनर्वास संस्थान का निरीक्षण किया ।

2. केंद्रीय पर्यटन और संस्कृति मंत्री पहलाद पटेल प्रदेश के प्रवास पर हैं । इस दौरान वे विभिन्न कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे ।

3. आदिम जाति कल्याण मंत्री सुश्री मीणा सिंह ने झाड़ू लगाकर स्वच्छ मानपुर, स्वस्थ मानपुर का संदेश दिया ।

4. खंडवा में अखिल भारतीय सहकारिता सप्ताह के समापन कार्यक्रम का आयोजन हुआ ।


इस बुलेटिन में इतना ही घर पर रहिए सुरक्षित रहिए और पढ़ते रहिए प्रादेशिक समाचार नमस्कार ।

If You Enjoyed This, Take 5 Seconds To Share It

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें