30 अगस्त, 2020

मध्य प्रदेश समाचार | आज के समाचार | दिनांक 30.08.2020

Leave a Comment
भोपाल से प्रस्तुत हैं प्रादेशिक समाचार ।

नमस्कार समाचारों के साथ में जितेंद्र रघुवंशी पहले मुख्य समाचार ।

1. प्रदेश में भारी बारिश होने से कई जिलों में नदी-नाले उफान पर, होशंगाबाद में नर्मदा खतरे के निशान से ऊपर । मुख्यमंत्री ने हवाई सर्वे कर लिया बाढ़ का जायजा ।
2. छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, बेतूल सहित अन्य कई जिलों में भारी बारिश होने से बने बाढ़ जैसे हालात, निचली बस्तियों में पानी घुसने से जनजीवन प्रभावित आवागमन हुआ बाधित ।
3. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अतिवृष्टि से उत्पन्न स्थिति की समीक्षा की, कहा जरूरत पड़ने पर सेना की ली जाएगी मदद ।
4. प्रदेश में कोरोनावायरस संक्रमित मरीजों की संख्या 60 हजार के पार, 46 हजार से ज्यादा लोग हुए स्वस्थ ।
5. ग्वालियर के पैरा स्विमर सत्येंद्र सिंह तेनजिंग नोर्गे अवार्ड पाने वाले देश के पहले दिव्यांग खिलाड़ी बने ।
6.केंद्र सरकार ने अनलॉक-4 के दिशा निर्देश जारी किये । 21 सितंबर से 100 व्यक्तियों की सीमा के साथ होगी धार्मिक, राजनीतिक सभाओं की अनुमति ।

बारिश
         प्रदेश में पिछले 24 घंटे से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते कई जिलों में जनजीवन प्रभावित हुआ है । भोपाल, जबलपुर और होशंगाबाद संभाग में तेज बारिश से नदी नाले उफान पर हैं । लगातार बारिश की वजह से होशंगाबाद जिले में नर्मदा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 7 फीट ऊपर पहुंच गया है । किसी भी तरह की स्थिति से निपटने के लिए यहां सेना और एनडीआरएफ की टुकड़ियों को बुलाया गया है । इधर रायसेन में भी नदी नाले उफान पर हैं । वरना डैम के सभी आठ गेट खुल गए हैं । नरसिंहपुर जिले में भी लगातार बारिश मुसीबत बनी हुई है । सागर जिले में भारी बारिश से ग्रामीण क्षेत्रों के 18 मार्ग बंद हो गए हैं । छिंदवाड़ा जिले में पिछले 2 दिनों से जारी भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है । जिले के चांदामेटा में घर की छत ढहने से एक महिला सहित दो बच्चों की मौत हो गई । शिवपुरी जिले में सिंध नदी पर बने माहीखेड़ा डैम के 6 गेट दूसरी बार खोले गए हैं । देवास जिले के नेमावर में नर्मदा नदी खतरे के निशान से 8 फीट ऊपर बह रही है । इधर सीहोर में लगातार बारिश से हाईवे किनारे होटल रेस्टोरेंट और ढाबों में बारिश का पानी भर गया है । बैतूल में बाढ़ से 7 करोड़ के बैराज का हिस्सा बह गया । लगातार बदलते मौसम को देखते हुए मौसम विज्ञान विभाग ने होशंगाबाद, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, बालाघाट, सिवनी, बेतूल जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है ।

बैठक-सीएम
         मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश के कई इलाकों में हो रही अति वर्षा के संबंध में उच्च स्तरीय बैठक की । इस दौरान श्री चौहान ने कहा कि आवश्यक होने पर सेना तथा वायु सेना की मदद ली जाएगी । मुख्यमंत्री ने कहा कि लोग घबराए नहीं, जहां जरूरी है, वहां राहत व बचाव के सारे इंतजाम किए जाएंगे । उन्होंने किसी भी प्रकार की सहायता के लिए या आपात स्थिति में सूचना देने के लिए डायल 100 और 1079 पर कॉल करने की अपील की ।

कोरोना-प्रदेश
           प्रदेश में कोरोना संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 60 हजार के पार पहुंच गई है, वहीं प्रदेश में कोरोना से अब तक 1330 लोगों की मौत हो चुकी है । हालांकि राज्य में अब तक करीब 46 हजार मरीज को कोरोना को मात दे चुके हैं और पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने घर लौट गए हैं । भोपाल के डॉक्टर प्रभाकर तिवारी के अनुसार राजधानी में आज कोरोना के 190 नए मामले सामने आए हैं और दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है । इसके अलावा ग्वालियर में 172, शिवपुरी में 47, अशोकनगर में 8, नीमच में 14 और उज्जैन में 22 नए संक्रमित मिले हैं । उधर देवास में आज एक कोरोना संक्रमित की मौत हो गई । शिवपुरी में अब तक 481 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है । अनूपपुर में 35 लोग मैं संक्रमण की पुष्टि हुई है । वही 20 लोगों के स्वस्थ होने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई ।

दिव्यांग पुरस्कार
          ग्वालियर के पैरा-स्विमर सतेंद्र सिंह तेनजिंग नोर्गे अवार्ड पाने वाले देश के पहले दिव्यांग खिलाड़ी बन गए हैं । राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने आज उन्हें वर्चुअल कार्यक्रम में यह पुरस्कार प्रदान किया । इसके अलावा मलखंभ प्रशिक्षक योगेश मालवीय को द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया । इस उपलब्धि पर प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण मंत्री प्रेम सिंह पटेल ने दोनों को बधाई दी है ।

मन की बात
         प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज आकाशवाणी पर सुबह 11:00 बजे मन की बात कार्यक्रम में देश विदेश के लोगों से अपने विचार साझा करेंगे । यह मासिक रेडियो कार्यक्रम की 68वी कड़ी होगी । यह कार्यक्रम आकाशवाणी और दूरदर्शन के समूचे नेटवर्क पर प्रसारित किया जाएगा ।

कंटेनमेंट निर्देश
           केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कंटेनमेंट जोन के बाहर के क्षेत्रों में और गतिविधियां खोलने के नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं । पहली सितंबर से लागू हो रहे अनलॉक-4 में और अधिक गतिविधियां खोलने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है । 21 सितंबर से 100 व्यक्तियों की सीमा के साथ सामाजिक, शैक्षणिक, खेल, मनोरंजन, सांस्कृतिक, धार्मिक, राजनैतिक कार्यों और अन्य सभाओं की अनुमति दी जाएगी । 21 सितंबर से ओपन एयर थियेटरों को खोलने की अनुमति होगी । गृह मंत्रालय ने कहा कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ व्यापक विचार-विमर्श के बाद निर्णय लिया गया है कि 30 सितंबर तक विद्यार्थियों और नियमित कक्षाओं के लिए स्कूल, कॉलेज, शैक्षिक और कोचिंग संस्थान बंद रहेंगे । कंटेनमेंट जोन से बाहर के क्षेत्रों में 9वीं से 12वीं कक्षा के छात्रों को अपने शिक्षकों से परामर्श लेने के लिए स्वेच्छा से स्कूल आने की अनुमति दी जा सकती है ।

अब कुछ समाचार संक्षेप में
1. मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने कमलनाथ सरकार द्वारा सिंधिया एजुकेशन सोसायटी को 100 रुपये में 99 साल की लीज पर दी गई 146 एकड़ भूमि का फैसला रद्द करने की मांग की है ।
2. राजस्व मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने आज सागर जिले की चंद्रपुरा, गड़ाघाट और झिला का दौरा किया इस दौरान उन्होंने खराब हुई फसलों के सर्वे के निर्देश दिए ।
3. ढोल ग्यारस का उत्सव आगर मालवा, धार, शिवपुर सहित सभी जिलों में उत्साह के साथ मनाया गया ।
4. शाजापुर जिले के सुनेरा थाना क्षेत्र में दो ट्रकों की आमने-सामने से भिड़ंत हो गई । जिसमें 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 2 लोग घायल हो गए ।
5. बड़वानी जिले के बड़ी मोहाली गांव के समीप गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए गए दो युवकों की रानी काजल डेम में डूबने से मौत हो गई ।
6. कटनी जिले के उमरिया पान में  कच्ची दीवार गिरने से  4 बच्चों की  मौत हो गई ।

इस बुलेटिन में इतना ही घर पर रहिए सुरक्षित रहिए और पढ़ते रहिए प्रादेशिक समाचार नमस्कार ।
Read More

29 अगस्त, 2020

मध्य प्रदेश समाचार | आज के समाचार | दिनांक 29.08.2020

Leave a Comment
भोपाल से प्रस्तुत हैं प्रादेशिक समाचार ।

नमस्कार समाचारों के साथ में जितेंद्र रघुवंशी पहले मुख्य समाचार ।

1. जन धन योजना में अब तक 40 करोड़ से ज्यादा बैंक खाते खोले गए, प्रधानमंत्री ने कहा इस योजना से बड़ा बदलाव आया है ।
2. कायाकल्प, दस्तक और निरोगी काया अभियान में प्रदेश के अस्पतालों का उल्लेखनीय प्रदर्शन ।
3. इंदौर में शुरू हुआ सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, अंगदान के लिए होगा अलग फ्लोर ।
4. राज्य स्तरीय खेल पुरस्कार की घोषणा ।
5. एक बार फिर सक्रिय हुआ मानसून, 6 जिलों में अति भारी बारिश की चेतावनी ।

जनधन-योजना
          प्रधानमंत्री जनधन योजना के शुक्रवार को 6 वर्ष पूरे हो गए । देश के सभी लोगों को बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ने के लिए 28 अगस्त 2014 को यह योजना लागू की गई थी । इस योजना के अंतर्गत अब तक 40 करोड़ 33 लाख बैंक खाते खोले गए हैं और इन खातों में 1 लाख 31 करोड रुपए जमा कराए गए हैं । योजना के लगभग 8 करोड खाताधारकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के अंतर्गत प्रत्यक्ष लाभ अंतरण प्राप्त हो रहा है । योजना की छठी वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि इस योजना से एक बड़ा बदलाव आया है और यह गरीबी उन्मूलन के लिए एक आधार है ।

स्वास्थ्य-पुरस्कार
          केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा दिए जाने वाले कायाकल्प अवार्ड, दस्तक अभियान और निरोगी काया अभियान में प्रदेश के अस्पतालों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अवार्ड प्राप्त करने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों का अभिनंदन किया । उन्होंने कायाकल्प अभियान में अवार्ड प्राप्त करने के लिए जिला चिकित्सालय सिवनी, भिंड, बैतूल, अनूपपुर सिविल अस्पताल एल्गिन जबलपुर तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाटन को बधाई दी । इसी प्रकार दस्तक अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए इंदौर एवं रीवा संभाग तथा सीधी, सीहोर, सिवनी एवं धार जिलों को बधाई दी । मुख्यमंत्री श्री चौहान ने निरोगी काया अवार्ड के लिए नर्मदापुरम संभाग तथा रायसेन, होशंगाबाद एवं बड़वानी जिलों की सराहना की तथा बधाई दी । अनूपपुर जिले को कायाकल्प पुरस्कार अंतर्गत सबसे तेज गति से सुधार कार्यों के लिए पुरस्कृत किया गया पुरस्कार के तहत जिले को 5 लाख रुपए की राशि प्रदान की जाएगी । कायाकल्प अभियान में सिवनी जिला चिकित्सालय को प्रदेश में पहला स्थान मिला है । इस संबंध में अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ विनोद नागर ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत जनसहयोग से अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की व्यवस्था की गई ।
     मुरैना के कैलारस व अंबाह चिकित्सालय को मरीजों को बेहतर सुविधाओं के चलते उत्कृष्ट पुरस्कार दिया गया । निरोगी काया अभियान में उल्लेखनीय कार्य करने पर नर्मदापुरम संभाग को पहला स्थान और होशंगाबाद जिले को दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है । जबलपुर के रानी दुर्गावती महिला अस्पताल ने सिविल अस्पताल की श्रेणी में कायाकल्प अवार्ड में पूरे प्रदेश में लगातार चौथी बार बाजी मारी है । सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की श्रेणी में पाटन स्वास्थ्य केंद्र अव्वल रहा है ।

उच्चतम-न्यायालय
          उच्चतम न्यायालय ने कहा कि आगामी 30 सितंबर तक अंतिम वर्ष की परीक्षा लिए बिना छात्रों को डिग्री नहीं दी जा सकेगी हालांकि राज्यों को यह सलाह दी गई है कि वे परीक्षाओं की तिथि आगे बढ़ाने के लिए विश्वविद्यालय अनुदान आयोग से अनुरोध कर सकते हैं । न्यायमूर्ति अशोक भूषण की अध्यक्षता वाली तथा न्यायमूर्ति आर सुभाष रेड्डी और न्यायमूर्ति एम आर शाह की पीठ ने मामले की सुनवाई के बाद कहा कि आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत परीक्षा रद्द किए जाने संबंधी महाराष्ट्र सरकार का निर्णय प्रभावी होगा । महाधिवक्ता तुषार मेहता यूजीसी ने यूजीसी की ओर से कहा कि स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश प्रारंभ करने के वास्ते छात्रों के हित में यह निर्णय लिया गया है । यूजीसी ने कहा है कि कुछ राज्यों द्वारा परीक्षाएं रद्द किए जाने के निर्णय से उच्च शिक्षा के स्तर पर प्रत्यक्ष असर पड़ेगा । यूजीसी ने संशोधित दिशा निर्देश जारी किया है इसमें कहा गया है कि अंतिम वर्ष की सभी परीक्षाएं कोविड-19 मानक परिचालन प्रक्रिया के तहत ली जाएंगी ।

अस्पताल-उद्घाटन
            केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री हर्षवर्धन और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को इंदौर के ढक्कन वाला कुआं अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का लोकार्पण किया । केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन वीडियो कांफ्रेंस के जरिए कार्यक्रम में शामिल हुए और श्री चौहान अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ कार्यक्रम स्थल पर मौजूद थे । लगभग 237 करोड रूपयों की लागत से निर्मित अस्पताल को कोविड-19 के संक्रमण से उपजी स्थितियों से निपटने के लिए निर्धारित लक्ष्य से 1 वर्ष पहले प्रारंभ किया गया है । दस मंजिला इस अस्पताल में लगभग सभी रोगों के इलाज की आधुनिक व्यवस्था मुहैया कराई गई हैं । 402 बिस्तर वाले अस्पताल में एक फ्लोर अंगदान के लिए सुरक्षित रखा गया है । यहां हृदय, किडनी, लीवर ट्रांसप्लांट के लिए विशेष यूनिट स्थापित की गई हैं ।

खेल पुरस्कार
         प्रदेश के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं खेल से जुड़ी हस्तियों को खेलों में किए गए उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राज्य स्तरीय खेल पुरस्कारों की घोषणा कर दी गई है । संचालक खेल एवं युवा कल्याण पवन कुमार जैन ने आज टीटी नगर स्टेडियम में राज्य-स्तरीय विक्रम, एकलव्य, विश्वामित्र, स्व. प्रभाष जोशी एवं लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कारों की घोषणा की । श्री जैन ने बताया कि वर्ष 2019 के लिए भोपाल के ओलंपियन हॉकी खिलाड़ी इनाम-उर-रहमान का नाम लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है ।

रेलवे
        पश्चिम-मध्य रेलवे भोपाल में डीआरएम उदय बोरवनकर ने कहा है कि रेलवे ने कोरोना संकट से निपटने के लिए पर्याप्त व्यवस्था की है । इसके अलावा यात्री ट्रेनें सामान्य रूप से नहीं चलने के कारण रेलवे ने कई परियोजनाओं को पूरा किया है और यात्रियों की सुविधा के लिए कई व्यवस्थाएं भी की है । वे वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से पत्रकारों से बात कर रहे थे । यात्री ट्रेनों के सामान्य परिचालन के बारे में पूछे गए सवाल पर डीआरएम ने कहा कि यह फैसला मंत्रालय के स्तर पर लिया जाएगा हालांकि कम दूरी की ट्रेनों के बारे में स्थानीय स्तर पर निर्णय लिया जा सकता है ।

उपचुनाव
            प्रदेश की 27 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए बहुजन समाज पार्टी ने अपने 8 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है । पार्टी सूत्रों ने बताया कि ग्वालियर और चंबल क्षेत्र के लिए पार्टी अध्यक्ष मायावती ने 8 लोगों के नामों की घोषणा कर दी है । इनमें जौरा, मुरैना, मेहगांव, पोहरी, अंबाह, डबरा विधानसभा सीटें शामिल हैं ।

एसिड-अटैक
          सीहोर जिले के ग्राम खाईखेड़ा के एक डेयरी फॉर्म में हुए विवाद में दो लोगों ने कुछ लोगों पर एसिड से हमला किया । इस घटना में 6 लोग घायल हुए हैं । जिन्हें भोपाल की हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है । एसिड फेंकने वाले दो आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है । यह घटना एक डेयरी फॉर्म में दूध में मिलावट को चैकिंग के समय हुए विवाद के बाद हुई ।

मौसम
        राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के अधिकतर स्थानों पर बारिश का दौर जारी है । नरसिंहपुर जिले में भी भारी बारिश के चलते नदी नाले उफान पर आने से जनजीवन प्रभावित हुआ है । होशंगाबाद में लगातार बारिश के चलते तवा डैम के नो गेट खोले गए हैं । कटनी में कल रात से हो रही भारी बारिश के चलते बाढ़ राहत दल को अलर्ट कर दिया गया है । बैतूल जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण सूखी नदी उफान पर होने से आज सुबह से नागपुर-भोपाल राजमार्ग पर आवागमन पूरी तरह से ठप्प हो गया है । पन्ना जिले में हो रही लगातार बारिश से कई नदी नाले उफान पर हैं । मंडला जिले में लगातार बारिश के चलते थावर बांध के छह गेट खोले गए हैं, जिससे नदी पर बना पुल डूबने के कारण जिले का सिवनी और बालाघाट जिले से संपर्क टूट गया है । मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, होशंगाबाद और बैतूल जिलों में अति बारिश और दर्जनभर जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है । राजधानी भोपाल और आसपास के क्षेत्रों में भी बारिश के आसार हैं ।

अब कुछ समाचार संक्षेप में
1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मध्य प्रदेश से प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर निधि योजना में स्वीकृति पत्र वितरण की शुरुआत सितंबर में करेंगे ।
2. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि 6 सितंबर को राज्य के 19 लाख किसानों के बैंक खातों में 4500 करोड रुपए भेजे जाएंगे ।
3. शिक्षा मंत्रालय द्वारा संचालक केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के भोपाल परिसर में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 संस्कृत वैभव विषय पर ऑनलाइन परिसंवाद का आयोजन हुआ ।
4. प्रदेश के सभी जेलों में बंदियों से मुलाकात पर प्रतिबंध को 31 अक्टूबर तक बढ़ा दिया गया है ।
5. राजगढ़ जिले में विद्युत उपभोक्ताओं की शिकायतों के निराकरण के लिए 1 से 15 सितंबर तक शिविर लगाए जाएंगे ।

इस बुलेटिन में इतना ही घर पर रहिए सुरक्षित रहिए और पढ़ते रहिए प्रादेशिक समाचार नमस्कार ।
Read More

28 अगस्त, 2020

मध्य प्रदेश समाचार | आज के समाचार | दिनांक 28.08.2020

Leave a Comment
भोपाल से प्रस्तुत हैं प्रादेशिक समाचार ।

नमस्कार समाचारों के साथ में जितेंद्र रघुवंशी पहले मुख्य समाचार ।

1. प्रदेश में कोरोना संक्रमित की संख्या 56 हजार के पार, लगभग 44 हजार से अधिक संक्रमित हुए स्वस्थ ।
2. केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा-फेक न्यूज़ पर अंकुश के लिए सरकार ने जांच दल गठित किया ।
3. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एनसीसी कैडेटों के लिए मोबाइल ट्रेनिंग ऐप का शुभारंभ किया ।
4. राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी देश में पहली बार होटल प्रबंधन संस्थानों में प्रवेश के लिए 29 अगस्त को आयोजित करेगी ऑनलाइन परीक्षा ।
5. बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के कारण बालाघाट, टीकमगढ़, सागर जिलों में भारी बारिश की चेतावनी ।

कोरोना-प्रदेश
         प्रदेश में अब तक कोरोना संक्रमितों की संख्या 56 हजार से अधिक हो गई है, वही लगभग 44 हजार से अधिक संक्रमित स्वस्थ हो चुके हैं । भोपाल में आज 153 नए मामले सामने आए हैं । यहां संक्रमितों की संख्या बढ़कर 10 हजार के करीब पहुंच गई है । इनमें से 8115 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं । इंदौर में आज 171 नए मामले सामने आए हैं,  यहां संक्रमितों की संख्या 12 हजार के पार जा चुकी है । इनमें से 8490 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं । जबलपुर में आज 126 मरीज मिले, वही 110 मरीजों को स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज किया गया । यहां कुल मरीजों की संख्या 2657 हो गई है । उज्जैन जिले में 34 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है । वहीं होशंगाबाद में आज एक व्यक्ति की कोरोना से मौत हो गई । यहां 21 नए संक्रमितों के साथ मरीजों की संख्या 515 हो गई है । इनमें से 373 लोग स्वस्थ हो चुके हैं । शाजापुर में आज 8 नए मरीज सामने आए हैं, इनमें से 2 पुलिसकर्मी भी है । देवास में 11 नए मरीज मिलने से संक्रमितों की संख्या 645 हो गई है । इनमें से 529 व्यक्ति स्वस्थ हो चुके हैं । खंडवा में आज 15 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है । शहडोल जिले में आज 38 नए मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 477 हो गई है । जिनमें से 271 व्यक्ति ठीक हो चुके हैं । अशोक नगर में आज 4 नए कोरोना पॉजिटिव मिले, यहां कुल संक्रमितों की संख्या 172 हो गई है । इनमें से 138 लोग स्वस्थ हो चुके हैं ।

जावड़ेकर-फेक न्यूज़
           सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा है कि फेक न्यूज़, पेड न्यूज से भी अधिक खतरनाक है । औद्योगिक संस्था इंटरनेट एंड मोबाइल एसोसिएशन ऑफ इंडिया-आईएएमएआई द्वारा आयोजित एक भव्य समारोह को संबोधित करते हुए श्री जावड़ेकर ने कहा कि फेक न्यूज़ से शांति भंग होने की बहुत अधिक संभावना होती है । उन्होंने कहा कि सामाजिक मीडिया मंच पर जनमत को भ्रमित करने का रुझान जनसाधारण के लिए बहुत खतरनाक है । उन्होंने कहा कि सरकार ने फेक न्यूज़ पर अंकुश के लिए वास्तविक जांच दल गठित की है जो डिजिटल माध्यम पर पेश की गई सूचनाओं की जांच-पड़ताल करेगा ।

राजनाथ-एनसीसी
          रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कोविड-19 महामारी के खिलाफ संघर्ष के दौरान कोरोना योद्धाओं के साथ काम करने के लिए एक लाख से अधिक एनसीसी कैडेटों के योगदान की सराहना की । वे आज नई दिल्ली में राष्ट्रीय कैडेट कोर महानिदेशालय के डीजी एनसीसी मोबाइल ट्रेनिंग ऐप का उद्घाटन कर रहे थे । इस ऐप के माध्यम से एनसीसी कैडेटों को देशव्यापी ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया जाएगा । इस अवसर पर श्री सिंह ने कहा कि एनसीसी में एकता, अनुशासन और राष्ट्र सेवा की शिक्षा प्रदान की जाती है । उन्होंने कहा कि अनेक एनसीसी कैडेट सफलता के शिखर पर पहुंचे हैं, जिनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मार्शल ऑफ द एयर फोर्स अर्जन सिंह, विख्यात खिलाड़ी अंजली भागवत, पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और पूर्व रक्षा मंत्री मनोहर पारिकर शामिल हैं । कोविड-19 से संबंधित प्रतिबंधों के मद्देनजर एनसीसी कैडेटों का प्रशिक्षण भी प्रभावित हुआ है । रक्षा मंत्री ने कहा कि निकट भविष्य में स्कूलों और कॉलेजों के खुलने की संभावना नहीं है । इसलिए डिजिटल माध्यम से प्रशिक्षण दिए जाने की जरूरत है ।

प्रणब मुखर्जी
        पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के स्वास्थ्य में कोई बदलाव नहीं है और वह अभी भी गहरी बेहोशी की हालत में है । श्री मुखर्जी को गत 10 अगस्त को सेना के रिसर्च एंड रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया था । अस्पताल ने आज मेडिकल बुलेटिन जारी कर कहा "श्री मुखर्जी गहरी बेहोशी में हैं और वेंटिलेटर पर हैं । उनके फेफड़े में संक्रमण और गुर्दे में गड़बड़ी का उपचार किया जा रहा है । उनका रक्तचाप और दिल की धड़कन आदि स्थिर है ।" पूर्व राष्ट्रपति के मस्तिष्क में जमे खून के थक्के को हटाने के लिए पिछले दिनों उनका ऑपरेशन किया गया था ।

योनो कृषि एप
         भारतीय स्टेट बैंक के 'योनो कृषि एप' से देश के करोड़ों किसान अब बीज खरीद सहित सरकारी योजना तथा बैंक की सुविधाओं का लाभ ले सकेंगे । कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने बुधवार को भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के भारतीय बागवानी अनुसंधान संस्थान (आईआईएचआर), बेंगलुरु के 'बीज पोर्टल' का भारतीय स्टेट बैंक के 'योनो कृषि एप' के साथ एकीकरण कर लोकार्पण किया । इस अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक के अध्यक्ष रजनीश कुमार विशेष रूप से उपस्थित थे । दोनों ऐप के एकीकरण से देश के करोड़ों किसान बीज खरीद सहित सरकारी योजनाओं तथा बैंक की विभिन्न सुविधाओं का लाभ डिजिटली ले सकेंगे ।

एनएटी
          राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनएटी) द्वारा देश में पहली बार 29 अगस्त को देशभर के होटल प्रबंधन संस्थान में प्रवेश के लिए ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा आयोजित की जा रही है । होटल प्रबंधन खानपान, प्रौद्योगिक एवं पोषण आहार संस्थान भोपाल के प्राचार्य आनंद कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा के दौरान कोरोना संक्रमण से बचाव के पूरे इंतजाम किए गए हैं ।

नरोत्तम यूरिया
         गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि प्रदेश में यूरिया और राशन की कालाबाजारी करने वाले सीधे जेल भेजे जाएंगे । श्री मिश्रा ने ट्वीट कर कहा- यदि किसी क्षेत्र में यूरिया या राशन की कालाबाजारी पाई गई तो उस क्षेत्र के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी ।

जेल-कोरोना जांच
          जबलपुर जिले के केंद्रीय जेल में पिछले 12 दिनों में 45 कोरोना मरीज मिलने की घटना के बाद आज इस मामले की जांच के लिए अपर कलेक्टर की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई, जो जांच के बाद व्यवस्था से संबंधित निर्णय लेगी । केंद्रीय जेल में सुरक्षा की दृष्टि से क्वॉरेंटाइन सेंटर बनाया गया है । इसमें नए आने वाले कैदियों को रखकर उनकी सैंपलिंग करवाई जाती है, लेकिन समय पर रिपोर्ट नहीं मिलने के कारण कैदियों को 3 दिन बाद जेल में शिफ्ट कर दिया जाता है ।

मौसम
         बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के कारण बुंदेलखंड अंचल सहित प्रदेश के कुछ स्थानों पर वर्षा हुई है । सबसे अधिक बारिश पर्यटन नगरी खजुराहो में दर्ज की गई, जहां 4 इंच से अधिक वर्षा रिकार्ड की गई । राजधानी भोपाल में सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं । वहीं छतरपुर में आज जोरदार बारिश हुई । इससे केन और धसान नदियां उफान पर हैं । पन्ना में रुक-रुक कर हुई बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं । यहां कई नदी नालों का जलस्तर बढ़ गया है । मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आगामी 24 घंटों में बालाघाट, टीकमगढ़, दमोह और सागर में अत्यधिक भारी वर्षा हो सकती है । राजगढ़, शाजापुर, गुना, अशोकनगर जिले में भारी वर्षा तथा चंबल संभाग, सीहोर, भोपाल, रतलाम, उज्जैन, देवास, नीमच, मंदसौर, ग्वालियर, दतिया जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना है ।

अब कुछ समाचार संक्षेप में
1. मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा भोपाल, नर्मदापुरम, ग्वालियर एवं चंबल संभाग के 16 जिलों में विद्युत देयकों से संबंधित शिकायतों के निराकरण के लिए 1 से 15 सितंबर तक शिकायत निवारण शिविर लगाए जाएंगे ।
2. इंदौर के हीरा नगर थाना पुलिस ने प्रधानमंत्री की तस्वीर से छेड़छाड़ कर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने वाले के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है ।
3. भिंड जिले में सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का निराकरण नहीं करने पर 52 अधिकारियों के विरुद्ध जुर्माने की कार्रवाई करते हुए इनसे 22 हजार 700 रुपये का जुर्माना वसूला गया ।
4. तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने शिवपुरी नगर पालिका क्षेत्र में अनिवार्य रूप से मास्क लगवाने संबंधी निर्देश अधिकारियों को दिए हैं ।
5. होशंगाबाद में इस बार नर्मदा में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन करने पर प्रतिबंध रहेगा ।
6. छतरपुर जिले के हरपालपुर थाना क्षेत्र में रेलवे के एक निर्माणाधीन पुल पर काम कर रहे तीन मजदूर नदी में अचानक आई बाढ़ में फंस गए जिन्हें रेस्क्यू कर सुरक्षित निकाल लिया गया है ।
7. खंडवा जिले में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत फसलों का बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 अगस्त कर दी गई है ।
8. अशोक नगर में 30 हजार का इनामी हत्या का आरोपी गिरिराज यादव को दिल्ली के पहाड़गंज इलाके से गिरफ्तार किया गया ।

इस बुलेटिन में इतना ही घर पर रहिए सुरक्षित रहिए और पढ़ते रहिए प्रादेशिक समाचार नमस्कार ।
Read More

27 अगस्त, 2020

मध्य प्रदेश समाचार | आज के समाचार | दिनांक 27.08.2020

Leave a Comment
भोपाल से प्रस्तुत हैं प्रादेशिक समाचार ।

नमस्कार समाचारों के साथ में जितेंद्र रघुवंशी पहले मुख्य समाचार ।

1. उच्चतम न्यायालय ने लॉकडाउन के दौरान बकाया ऋण भुगतान पर ब्याज की छूट को लेकर केंद्र सरकार से मांगा जवाब ।
2.राजमार्गों पर फास्ट टैग अनिवार्य हुआ, डिजिटल भुगतान और सुगम यातायात को मिलेगा बढ़ावा ।
3. राज्य सरकार ने यूरिया और खाद्य सामग्री की कालाबाजारी और मिलावट करने के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए ।
4. शहडोल में मीनाक्षी तालाबों ने बदली आदिवासी किसानों की जिंदगी ।

सुको/ब्याज दर
        उच्चतम न्यायालय ने केंद्र सरकार से राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन के दौरान बकाया ऋण भुगतान पर ब्याज की छूट पर अपनी स्थिति स्पष्ट करने को कहा है । लॉक डाउन के दौरान 6 महीने तक ऋणों के भुगतान पर ब्याज माफी की मांग करने वाली याचिका पर सुनवाई करते हुए शीर्ष अदालत ने कहा है कि इस मामले में रिजर्व बैंक के रवैए ने भ्रम की स्थिति बनाई है  । न्यायालय ने कहा है कि केंद्र सरकार को केवल कारोबार के बारे में ही नहीं बल्कि लोगों की दुर्दशा के बारे में भी सोचना चाहिए । केंद्र सरकार का प्रतिनिधित्व करते हुए सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि एक नियामक के रूप में बैंक इस मामले में अपनी स्थिति स्पष्ट करेगा ।


कोरोना प्रदेश
          प्रदेश में अब तक कोविड-19 से साढ़े बयालीस हजार से अधिक लोग स्वस्थ हो चुके हैं । आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार कुल मरीजों की संख्या 56 हजार हो गयी है । इस तरह सक्रिय प्रकरणों का आंकड़ा साढ़े 12 हजार के करीब पहुंच गया है । राजधानी भोपाल में आज 162 नए मरीज मिले हैं, जिससे संक्रमितों की संख्या बढ़कर 10 हजार के करीब पहुंच गई है । अशोक नगर में 208 लोगों की सैंपल रिपोर्ट में केवल एक ही व्यक्ति पॉजिटिव मिला है । हालांकि संक्रमितों का आंकड़ा 168 पर पहुंच गया है । देवास जिले में 13 नए मामले सामने आए हैं जिससे संक्रमितों की संख्या बढ़कर 634 हो गई है । जबकि जिले में 503 लोग स्वास्थ्य हो चुके हैं । श्योपुर जिले में आज कोरोना से चौथी मौत हुई है जिले में 448 कोरोना संक्रमित हुए हैं, जिसमें से 339 लोग ठीक होकर घर लौट चुके हैं । खंडवा में 3 नए संक्रमित मिले हैं जिससे संक्रमितों की संख्या अब 867 हो गई है । इनमें से लगभग 800 लोग स्वस्थ हो चुके हैं । वहीं इंदौर में 187 नए मामलों के साथ संक्रमितों की संख्या 3 हजार से अधिक हो गई है । धार में 56 नए मरीज मिलने से संक्रमितों की तादाद 772 हो गई है । उधर ग्वालियर में 102 नए मरीज मिले हैं । सागर में 34 लोगों में कोविड-19 के लक्षण पाए गए । झाबुआ के बाढ़कुंआ स्थित कोविड केअर सेंटर में एक महिला ने बच्चे को जन्म दिया । मुरैना में कोरोना संक्रमितों मरीजों की संख्या 2 हजार से ज्यादा हो गई है । टीकमगढ़ में 5 नए मरीज मिले हैं ।

फास्टैग
            केंद्र सरकार ने पूरे देश के राजमार्गों पर टोल प्लाजा पर किसी भी छूट के लिए फास्टैग अनिवार्य कर दिया है । डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने और राष्ट्रीय राजमार्गों पर निर्वाध यात्रा सुनिश्चित करने के लिए यह फैसला किया गया है । सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने वैध फास्टैग वाले वाहनो को 24 घंटे के अंदर वापसी यात्रा करने पर छूट और अन्य रियायतें देने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग शुल्क नियम में संशोधन किया है । मंत्रालय ने बताया है कि इस संशोधन के बाद छूट स्वतः मिलेगी और 24 घंटे के अंदर वापसी यात्रा करने वाले वाहनों के लिए पूर्व जानकारी देना जरूरी नहीं होगा ।

एनटीए नीट
         राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने जेईई-मेंस और नीट परीक्षा के लिए केंद्रों की संख्या में वृद्धि कर दी है । एजेंसी ने कहा है कि कोविड-19 महामारी के कारण सामाजिक दूरी बनाए रखने की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए देश भर में परीक्षा केंद्रों की संख्या जेईई-मेंस के लिए 570 से बढ़ाकर 660 और नीट 2020 के लिए 2546 से बढ़ाकर 3843 कर दी गई है । इस साल करीब साढे 8 लाख परीक्षार्थियों ने जेईई-मेंस के लिए और लगभग 16 लाख ने नीट के लिए पंजीयन कराया है । एहतिहाती उपाय के तौर पर नीट परीक्षा में एक कक्ष में प्रतिभागियों की संख्या 24 से घटाकर 12 कर दी गई है ।

सीएम/कालाबाजारी
          मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि यूरिया और खाद्य सामग्री की कालाबाजारी और मिलावट कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी । श्री चौहान ने मंत्रालय में आयोजित बैठक में कहा कि किसानों और राशन उपभोक्ताओं के लिए संचालित योजनाओं में अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए कारगर कदम उठाए जाएं । उन्होंने दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराधियों पर मुकदमे दर्ज हों और उनके वाहन भी राजसात किए जाएं ।

मीनाक्षी तालाब
          शहडोल जिले में महात्मा गांधी रोजगार गारंटी योजना के तहत बनाए गए मीनाक्षी तालाब से आदिवासी किसानों की जिंदगी बदल रही है । जिले में पांच हजार के करीब मीनाक्षी तालाब बनाए गए हैं । जिससे लगभग 6 हजार हेक्टेयर जमीन सिंचित हुई है ।

सीएम/श्रद्धांजलि
         मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जम्मू कश्मीर के बारामूला में शहीद हुए सैनिकों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए हैं । श्री चौहान ने ट्वीट के माध्यम से कहा कि मां भारती के वीर सपूतों ने देश की एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है । उन्होंने प्रदेश के राजगढ़ के जवान मनीष कारपेंटर को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि राज्य को उन पर गर्व है । श्री चौहान ने मनीष के परिवार को सम्मान स्वरूप एक करोड़ रुपये की सहायता राशि और परिवार के एक सदस्य को शासकीय नौकरी देने की घोषणा की है ।

अब कुछ समाचार संक्षेप में
1. महिला समानता दिवस के अवसर पर आज केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने महिला सशक्तिकरण करने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई ।
2. नार्दन कोलफील्ड लिमिटेड मुख्यालय सिंगरौली की ज्योत्सना महिला समिति ने आज सीईटीआई संस्कार केंद्र के बच्चों को रसद, मास्क, सैनिटाइजर और चप्पलों का वितरण किया ।
3. डॉ विकास दुबे ने आज मध्य प्रदेश साहित्य अकादमी के निदेशक का पदभार ग्रहण किया ।
4. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल स्थित मनुआभान टेकरी पर जल शोधन संयंत्र का लोकार्पण किया ।
5. प्रदेश में फसल बीमा योजना का लाभ अब 31 अगस्त तक मिलेगा ।
6. मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में उमरिया, कटनी, जबलपुर, पन्ना, दमोह, सागर, रीवा सहित 10 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है ।

इस बुलेटिन में इतना ही घर पर रहिए सुरक्षित रहिए और पढ़ते रहिए प्रादेशिक समाचार नमस्कार ।
Read More

26 अगस्त, 2020

मध्य प्रदेश समाचार | आज के समाचार | दिनांक 26.08.2020

Leave a Comment
भोपाल से प्रस्तुत हैं प्रादेशिक समाचार ।

नमस्कार समाचारों के साथ में जितेंद्र रघुवंशी पहले मुख्य समाचार ।

1. केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा-हर जिले में खुलेगा ड्राइविंग स्कूल ।
2. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया प्रदेश की कई और सड़क परियोजनाओं को मंजूरी देने का आग्रह ।
3. होशंगाबाद जिला अदालत परिसर में खुला केवल बच्चों के लिए बाल हितैषी न्यायालय ।
4. प्रदेश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 54 हजार के पार, वही अब तक 41 हजार से ज्यादा हुए स्वस्थ ।

गड़करी
         केंद्रीय सड़क परिवहन, राजमार्ग और एमएसएमई मंत्री नितिन गड़करी ने कहा है कि वह देश के हर जिले में ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल खोलना चाहते हैं । श्री गडकरी मध्य प्रदेश में 45 राजमार्ग परियोजनाओं के शिलान्यास और उद्घाटन के बाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे ।
  श्री गडकरी द्वारा शिलान्यास और उद्घाटन की गई परियोजनाओं में 1361 किलोमीटर रोड, 2 पुल और 6 ओवर ब्रिज शामिल हैं । इन परियोजनाओं की लागत 11427 करोड रुपए है । देश में सड़क दुर्घटनाओं का उल्लेख करते हुए श्री गडकरी ने कहा कि देश में हर साल 5 लाख दुर्घटनाएं होती हैं और उन में डेढ़ लाख लोग मारे जाते हैं । इनमें सबसे ज्यादा संख्या 18 से 24 वर्ष की आयु समूह के लोगों की होती है । उन्होंने कहा कि हर जिले में ड्राइविंग स्कूल खुलने से ना केवल दुर्घटनाओं पर रोक लगेगी बल्कि प्रधानमंत्री की इच्छा के अनुसार युवाओं में कौशल का विकास होगा और आत्मनिर्भर भारत का सपना भी पूरा होगा । केंद्रीय मंत्री श्री गडकरी ने वर्ष 2020-21 के लिए 10 हजार करोड़ लागत के 5 नए मार्गों को भी स्वीकृति प्रदान की । इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यह सड़के मध्य प्रदेश के विकास का मार्ग प्रशस्त करेंगी और इनसे प्रदेश और राज्य के आसपास बेहतर कनेक्टिविटी, सुविधा और आर्थिक विकास में वृद्धि होगी । श्री चौहान ने एनएचएआई के सहयोग से इस कार्य की शीघ्र पूर्णता के संबंध में केंद्रीय मंत्री श्री गडकरी से अनुरोध किया । उन्होंने केंद्रीय मंत्री से वन टाइम इन्वेस्टमेंट पॉलिसी के तहत 278 किलोमीटर लंबाई के 182 करोड़ के सड़क निर्माण कार्यों के लिए आग्रह किया । इस समारोह को केंद्रीय मंत्रियों थावरचंद गहलोत, नरेंद्र सिंह तोमर, प्रहलाद सिंह पटेल और जनरल वीके सिंह ने भी संबोधित किया । संबंधित क्षेत्रों के सांसद और विधायक और वरिष्ठ केंद्र और राज्य के अधिकारियों ने भी समारोह में भाग लिया ।

पुरस्कार
          प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर गुजरात में स्टेचू ऑफ यूनिटी परिसर में लोक प्रशासन में उत्कृष्टता के लिए प्रधानमंत्री पुरस्कार प्रदान करेंगे । वर्ष 2020 के लिए प्रधानमंत्री पुरस्कार योजना का व्यापक रूप से पुनर्गठन किया गया है ताकि सेवाओं पर प्रभावी रूप से अमल करने और जन शिकायतों के समाधान में प्रशासनिक अधिकारियों के योगदान को मान्यता प्रदान की जा सके । कार्मिक, जन शिकायत और पेंशन मामलों के मंत्रालय ने कहा है कि इस पुरस्कार का दायरा बढ़ाया गया है ताकि जिलों में विभिन्न क्षेत्रों में परिणोंन्मुखीमुखी कार्य निष्पादन की पहचान की जा सके । प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री डॉक्टर जितेंद्र सिंह ने इस वर्ष 17 जुलाई को प्रधानमंत्री अवार्ड पोर्टल की शुरुआत की थी ।

जनधन-योजना
          भोपाल स्थित पीआईबी और आरओबी के क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा 'प्रधानमंत्री जनधन योजना' विषय पर वेबिनार का आयोजन किया गया । इसमें वक्ताओं ने प्रत्यक्ष लाभ अंतरण को आम आदमी तक पहुंचाने में जनधन योजना की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया । कार्यक्रम के मुख्य वक्ताओं में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के फील्ड जनरल मैनेजर श्री राम माहूरकर और नाबार्ड भोपाल के डीजीएम कमर जावेद थे ।

मन की बात
           प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम में देश विदेश के लोगों से अपने विचार साझा करेंगे । यह मासिक रेडियो कार्यक्रम की 68वी कड़ी होगी । श्री मोदी ने ट्वीट में कहा है कि उन्होंने इस कार्यक्रम के लिए लोगों के विचारों और सुझावों की प्रतीक्षा है । उन्होंने कहा कि लोग माईजीओवी ओपन फोरम या नमो एप पर अपने विचार साझा कर सकते हैं । उन्होंने कहा कि वे टोल फ्री नंबर 1800117800 डायल कर अपने संदेश रिकॉर्ड करा सकते हैं ।

स्कूल फीस-हाईकोर्ट
           कोरोना काल में निजी स्कूलों द्वारा वसूली जा रही फीस को चुनौती देने वाली जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए उच्च न्यायालय ने ऑनलाइन क्लास संचालित करने की अनुमति देने पर राज्य सरकार से जवाब तलब किया है । मुख्य न्यायाधीश अजय कुमार मित्तल और न्यायमूर्ति विजय कुमार शुक्ला की युगल पीठ ने स्कूल फीस जमा न होने पर किसी भी छात्र का नाम ना काटे जाने संबंधी अंतरिम राहत को बरकरार रखते हुए मामले की अगली सुनवाई 1 सितंबर को निर्धारित की है । इसी तरह युगल पीठ ने सोसायटी ऑफ प्राइवेट स्कूल्स की याचिका पर अलग से सुनवाई करने को कहा है ।

सोशल मीडिया
          सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही भ्रामक और फर्जी खबरों की सच्चाई बताने के लिए केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत पीआईबी ने फैक्ट चेक की यूनिट गठित की है । इसी क्रम में पीआईबी ने सोशल मीडिया पर किए जा रहे उस दावे को गलत बताया है । जिसमें कहा जा रहा है कि देश के हर एक नगर पालिका में कोविड-19 के प्रत्येक रोगी को केंद्र सरकार द्वारा डेढ़ लाख रुपए की मदद उपलब्ध कराई जा रही है । सरकार ने इस खबर को फर्जी बताते हुए कहा है कि हमने ऐसी कोई घोषणा नहीं की है ।

बाल हितेषी-न्यायालय
           होशंगाबाद जिला न्यायालय परिसर में बाल हितैषी न्यायालय का शुभारंभ किया गया । मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय जबलपुर के मुख्य न्यायाधीश अजय कुमार मित्तल ने बाल हितैषी न्यायालय का ऑनलाइन लोकार्पण किया । बाल हितैषी न्यायालय ऐसे बच्चों के लिए तैयार किया गया है, जिनके साथ आपराधिक घटनाएं घटित होती हैं । जिला न्यायालय परिसर में ही तैयार की गई इस बिल्डिंग में रहने और भोजन के साथ बच्चों के लिए खिलौने तथा मनोरंजन के साधन भी उपलब्ध होंगे । इसमें अपराध की सुनवाई सीधे होगी, इसमें आरोपी को पीड़ित बालक-बालिका सीधे पहचान सकेंगे, लेकिन आरोपी पीड़ित बालक-बालिका को नहीं देख सकेगा । यह न्यायालय आधुनिक संसाधनों से लैस होगा ।

कोरोना प्रदेश
         प्रदेश में कोरोना से कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर करीब 54421 हो गई है । हालांकि अच्छी बात यह है कि इनमें से 41000 लोग स्वस्थ हो चुके हैं । भोपाल में कल 129 नए मरीज मिलने के साथ ही कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 9400 ज्यादा हो गई है । नीमच जिले में कोरोना संक्रमण से स्वस्थ होने वाले व्यक्तियों की संख्या मैं लगातार इजाफा हो रहा है । मंगलवार को जिले में 20 कोरोना पॉजिटिव व्यक्तियों को स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज किया गया है । खंडवा जिले में कुल 7 रिपोर्ट पॉजिटिव आई । लोगों को कोरोना संक्रमण मुक्त होने पर अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया । सीहोर जिले में आज चार कोरोना संक्रमित मिले । होशंगाबाद में 13 कोरोना संक्रमित पाए गए हैं वही 9 लोगों को स्वास्थ्य होने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई । शाजापुर जिले में कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए एक मास्क अनेक जिंदगी संचालित किया गया । अशोकनगर जिले में चार कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं ।

मौसम
       पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के इंदौर, उज्जैन, भोपाल, होशंगाबाद, ग्वालियर और चंबल संभागो में कहीं-कहीं बारिश हुई । सबसे अधिक 3 सेंटीमीटर बारिश झाबुआ के भाबरा में दर्ज की गई । मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान राज्य में कहीं-कहीं बारिश या गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान जताया है ।

अब कुछ समाचार संक्षेप में
1. शिवपुरी जिले में 'पंच-ज' अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत कांकर में कल किसानों और ग्रामीणों को जैविक खाद के उपयोग के बारे में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किया गया ।
2. खंडवा जिले में सभी विकास खंडों और खंडवा शहर की एकीकृत बाल विकास परियोजनाओं के परियोजना अधिकारियों को कार्य में लापरवाही बरतने पर 7-7 दिन का वेतन काटने के आदेश दिए गए हैं ।
3. सीहोर जिले के ग्राम मुंडला कला मैं पार्वती नदी में डूबने से 4 बालिकाओं की मौत होने पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बालिकाओं के परिजनों को चार चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की है ।

इस बुलेटिन में इतना ही घर पर रहिए सुरक्षित रहिए और पढ़ते रहिए प्रादेशिक समाचार नमस्कार ।
Read More

25 अगस्त, 2020

मध्य प्रदेश समाचार | आज के समाचार | दिनांक 25.08.2020

Leave a Comment
भोपाल से प्रस्तुत हैं प्रादेशिक समाचार ।

नमस्कार समाचारों के साथ में जितेंद्र रघुवंशी पहले मुख्य समाचार ।

1. केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री कल प्रदेश में 1 हजार किलोमीटर से ज्यादा लंबाई वाली सड़क परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे ।
2. देश में कोरोना संक्रमण से स्वस्थ होने की दर 75% से अधिक हुई ।
3. प्रदेश में कोविड-19 के बढ़ते मरीजों के बीच अब तक 40500 से ज्यादा लोग हुए ठीक ।
4. एक भारत श्रेष्ठ भारत अभियान पर केंद्रित वेबीनार में पर्यटन मंत्री उषा ठाकुर ने कहा-पूर्वोत्तर के दौरे पर जाएंगे प्रदेश के युवा ।

राजमार्ग
          केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी कल प्रदेश में राजमार्ग परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और कुछ राजमार्गों का उद्घाटन भी करेंगे । इन परियोजनाओं में 9400 करोड रुपए की लागत की 1139 किलोमीटर सड़क मार्ग का निर्माण शामिल है । प्रदेश में इस समय 35 राजमार्ग परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री थावरचंद गहलोत, नरेंद्र सिंह तोमर, प्रहलाद सिंह पटेल, फग्गन सिंह कुलस्ते और जनरल वीके सिंह इस वर्चुअल कार्यक्रम में शामिल होंगे ।

कोरोना-रिकवरी
          केंद्र सरकार ने कहा है कि देश में कोविड-19 मरीजों के स्वस्थ होने की दर और बेहतर होकर 75.27 हो गई है । पिछले 24 घंटों में 57469 मरीज स्वस्थ हुए स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि देश में ठीक होने वालों की संख्या 23 लाख 38 हजार
 से अधिक है । यह मौजूदा सक्रिय मामलों से 3 गुना से ऊपर है । स्वस्थ होने वालों की बढ़ती दर के साथ ही देश में इस संक्रमण से होने वाली मौतों का प्रतिशत भी कम हो गया है । इस समय भारत में कोविड मरीजों की मृत्यु दर 1.85% है । जो विश्व में सबसे कम है । भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद ने बताया कि पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के छह लाख से अधिक टेस्ट किए गए । अब तक देश में तीन करोड़ 59 लाख से अधिक टेस्ट किए जा चुके हैं । जांच के लिए राष्ट्रीय स्तर पर प्रयोगशालाओं की क्षमता भी बढ़ाई गई है । इस समय कुल 1520 प्रयोगशालाओं के माध्यम से कोविड-19 नमूनों की जांच की जा रही है । इनमें से 984 सरकारी तथा 536 निजी प्रयोगशाला हैं ।

कोरोना-प्रदेश
           प्रदेश में कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या 54 हजार के करीब पहुंच गई है । हालांकि इनमें से 40500 से अधिक लोग स्वस्थ हो चुके हैं । राजधानी भोपाल में आज कोरोना के 129 नए मामले सामने आए हैं । इसके बाद यहां संक्रमित मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 9413 हो गई है । अब तक यहां 7640 मरीज पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने घर पहुंच गए हैं । अब यहां सक्रिय मरीजों की कुल संख्या 1500 के करीब है । जिनका उपचार जारी है । सीहोर में आज 10 नए मरीज मिले, फिलहाल जिले में 576 मरीज कोरोना संक्रमण के पाए गए हैं । इनमें से 149 एक्टिव मरीज है । जबकि 409 मरीजों को स्वास्थ्य होने के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है । उधर देवास में 11 नए प्रकरण मिले । नीमच में आज 15 नए मरीज मिले हैं । इनमें से 12 प्रकरण जिले से संबंधित हैं । जबलपुर में आज 103 व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिले हैं । वही 70 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है । होशंगाबाद जिले में पिछले 24 घंटे में सात नए कोरोना संक्रमित मिले हैं । इनमें सुहागपुर विधायक विजय पाल सिंह शामिल हैं । वही 10 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया । शहडोल में 22 नए पॉजिटिव मरीज मिले हैं । जिससे संक्रमित लोगों की संख्या 337 हो गई है । उधर खंडवा जिले में लगातार मरीजों का रिकवरी रेट बेहतर हो रहा है । खंडवा कलेक्टर अनय द्विवेदी ने बताया की मृत्यु दर 8% से कम होकर अब 2% हो गई है । पन्ना में आज 8 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले है । जिससे जिले में प्रभावितों की संख्या 229 हो गई है । छिंदवाड़ा जिले में आज 20 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं । दो लोगों की स्वस्थ होने पर अस्पताल से छुट्टी कर दी गई है । अशोकनगर में 7 नए मरीज मिले हैं ।

एक भारत श्रेष्ठ भारत
        प्रदेश की संस्कृति, पर्यटन और अध्यात्म मंत्री सुश्री उषा ठाकुर ने आज "एक भारत श्रेष्ठ भारत: देखो अपना नॉर्थ ईस्ट" के तहत आज से 29 अगस्त तक होने वाली छह दिवसीय राष्ट्रीय वेबिनार/व्याख्यानमाला का मणिपुर के राज्यपाल डॉक्टर नजमा हेपतुल्ला के साथ शुभारंभ किया । सुश्री ठाकुर ने कहा कि मध्यप्रदेश के छात्र-छात्राओं का अध्ययन दल पूर्वोत्तर के राज्यों में भेजा जाएगा । दल वहां की संस्कृति, परंपरा, खान-पान, रीति-रिवाज, ऐतिहासिक धरोहर आदि का अध्ययन करने के साथ पूर्वोत्तर के लोगों को अपने राज्य की संस्कृति से भी परिचित कराएगा । राज्यपाल डॉक्टर नजमा हेपतुल्ला ने कहा कि आठ सिस्टर्स कहे जाने वाले पूर्वोत्तर राज्य भारत का सबसे खूबसूरत हिस्सा है । जैव-विविधता से भरपूर इन राज्यों में पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं । आईसीसीआर नई दिल्ली की पूर्व निदेशक डॉक्टर नीरू मिश्रा ने सभी आठ पूर्वोत्तर राज्यों की अद्भुत प्राकृतिक सुषमा और विशेषताओं पर आधारित प्रस्तुतीकरण दिया ।

फिल्म-शूटिंग
         टेलीविजन कार्यक्रम और फिल्मों की शूटिंग तथा निर्माण कार्य अब समूचे देश में शुरू किए जा सकते हैं । केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने बताया है कि देश के कई भागों में कोरोना महामारी के चलते इस उद्योग को पूरी तरह बंद कर दिया गया था और कुछ राज्यों में आंशिक रूप से शूटिंग की अनुमति दी गई थी । अंतरराष्ट्रीय मानकों पर आधारित इन दिशानिर्देशों में न्यूनतम कर्मचारियों का प्रावधान है । फिल्म जगत ने सरकार के इस कदम का स्वागत किया है । प्रसिद्ध फिल्म कलाकार राजीव वर्मा ने इस निर्णय पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री और सूचना और प्रसारण मंत्री को धन्यवाद दिया । वहीं भोपाल सिने भारतीय जनता टीवी एवं कामगार संघ मध्य प्रदेश के अध्यक्ष मनीष सोनी ने सरकार के फैसले की सराहना की है ।

द्रोणाचार्य पुरस्कार
            राज्य शूटिंग अकादमी के हाई परफॉर्मेंस पिस्टल शूटिंग प्रशिक्षक जसपाल राणा को इस वर्ष प्रतिष्ठित द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया है । खेल मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया ने श्री राणा को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं । श्रीमती सिंधिया ने कहा कि श्री राणा ने खिलाड़ी के रूप में मात्र 18 वर्ष की उम्र में अर्जुन अवार्ड प्राप्त किया था और अब प्रशिक्षक के रूप में देश के प्रतिष्ठित द्रोणाचार्य पुरस्कार से भी नवाजा जाएगा । उन्होंने कहा कि पद्मश्री श्री जसपाल राणा द्वारा दिए गए बेहतरीन प्रशिक्षण का नतीजा है कि मध्य प्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी की खिलाड़ी कुमारी चिकी यादव प्रदेश की पहली ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने टोक्यो ओलंपिक के लिए भारत का कोटा प्राप्त किया है ।

राजगढ़-शहीद
         राजगढ़ के खुजनेर के मनीष कारपेंटर कश्मीर के बारामुला में हुए आतंकी हमले में शहीद हो गए आज उनका यहां राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उनकी शहादत को नमन करते हुए भगवान से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को दु:ख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की ।

अब कुछ समाचार संक्षेप में
1. पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली की पहली पुण्यतिथि पर कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की ।
2. टीकमगढ़ जिले के खरगापुर में एक ही परिवार के 5 लोगों द्वारा फांसी लगाए जाने के मामले में पुलिस ने 9 लोगों को गिरफ्तार किया है । इन पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है ।
3. रेलवे द्वारा अनूपपुर में कल रन फ़ॉर फीट का आयोजन किया गया ।
4. मुरैना में कल कलेक्टर अनुराग वर्मा झाबुआ में रोहित सिंह और शिवपुरी कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने कार्यभार ग्रहण किया ।

इस बुलेटिन में इतना ही घर पर रहिए सुरक्षित रहिए और पढ़ते रहिए प्रादेशिक समाचार नमस्कार ।
Read More

23 अगस्त, 2020

मध्य प्रदेश समाचार | आज के समाचार | दिनांक 23.08.2020

Leave a Comment

भोपाल से प्रस्तुत हैं प्रादेशिक समाचार ।

नमस्कार समाचारों के साथ में जितेंद्र रघुवंशी पहले मुख्य समाचार ।

1. प्रदेश में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, नदियां उफान पर, कई शहरों का सड़क संपर्क टूटा ।
2. राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्या 51 हजार तक पहुंची, वही अब तक 39 हजार हुए स्वस्थ ।
3. राज्य विधानसभा का तीन दिवसीय सत्र 21 सितंबर से ।
4. गणेश उत्सव शुरू, घर-घर हो रही है रिद्धि सिद्धि और बुद्धि के देवता की आराधना ।

मौसम
        बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण राज्य में बारिश का सिलसिला बना हुआ है । जिसके प्रभाव से आगामी 24 घंटों के दौरान मालवा अंचल में आने वाले अनेक स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है । भारी बारिश के कारण अधिकतर इलाकों में जनजीवन प्रभावित हो गया है । अधिकतर ग्रामीण इलाकों और अनेक शहरों के बीच भी सड़क संपर्क टूट गया है । प्रदेश की सभी बड़ी नदियां उफान पर हैं । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश में अति वर्षा की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक राहत कार्य प्रारंभ किए जाने के निर्देश दिए हैं । उन्होंने कहा कि बाढ़ की स्थिति में बचाव दल राहत सामग्री के साथ पूरी तरह तैयार रहें । इंदौर में कल रात से हो रही बारिश के कारण पिछले 39 वर्षों का रिकॉर्ड टूट गया है । जिले में स्थित यशवंत सागर बांध के चार गेट खोले जा चुके हैं । पिछले 24 घंटों के दौरान यहां 11 इंच बारिश हो चुकी है । भोपाल में तेज बारिश के कारण भदभदा बांध के गेट खोल दिए गए हैं । वहीं राजधानी के समीप छान गांव की झूंसी नदी में फंसे 2 लोगों को एडीआरएफ की टीम ने सुरक्षित बचा लिया है । बैतूल जिले में कलेक्टर ने अति वर्षा से प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं किए जाने के निर्देश दिए हैं । जिले के पाढर के समीपस्थ ग्राम पलासपानी में मकान ढह जाने के कारण प्रभावित परिवार को शासकीय स्कूल में ठहराया गया है । होशंगाबाद जिले में तवा डैम के पांच गेट खोल दिए गए हैं । शाजापुर जिले में कालीसिंध,लखुन्दर, नेवज और पार्वती नदियां उफान पर हैं । जिले के खोखरकलां गांव में बारिश का पानी भर जाने से बाढ़ जैसी स्थिति हो गई है । रायसेन जिले में बारिश के चलते बारना नदी पर बना पुल पानी में डूब जाने से भोपाल-जबलपुर सड़क मार्ग बंद हो गया है । वहीं धनगंवा पर तेदुनी नदी के पुल के ऊपर से बहने के कारण गैरतगंज-गाडरवारा राजमार्ग बंद हो गया है । वही सिलवानी, उदयपुरा, रायसेन से होकर बेगमगंज, सागर जाने वाला मार्ग भी बंद है । सीहोर जिले में 316 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई । यहां पार्वती नदी पुल के ऊपर बह रही है । झाबुआ जिले के पेटलावद तहसील के बाछीखेड़ा में भारी बारिश के चलते एक तालाब फूट गया है । जिले से होकर गुजरने वाले इंदौर अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 49 पर आवागमन बंद है यहां अब तक कुल 610 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है और पम्पावती, पद्मावती, नौगांवा, माही आदि नदियां उफान पर हैं । माही सागर पर बने कालिकराय और माही डैम में पानी अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है । धार जिले में पिछले चौबीस घंटों में 58 मिलीमीटर वर्षा हो चुकी है । जिले के बदनावर क्षेत्र में कच्चा मकान गिर जाने से एक महिला की मृत्यु हो गई । वही एक अन्य घटना में उफनती पुलिया को पार कर रहे मोटरसाइकिल सवार परिवार की बहने से एक बच्चे की मौत हो गई जबकि उसके परिवार के अन्य सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया है ।
       मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में भोपाल, होशंगाबाद, जबलपुर, सागर, उज्जैन, इंदौर, ग्वालियर, चंबल संभाग और रीवा, शहडोल संभाग के अनेक जिलों में तेज बारिश की चेतावनी दी है । जबकि खरगोन, अलीराजपुर, धार, झाबुआ, रतलाम जिलों में अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है ।

कोरोना प्रदेश
         प्रदेश में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगभग 51 हजार हो गई है । वही अब तक लगभग 39 हजार लोग स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं । भोपाल में आज 179 नए मरीज मिलने के साथ ही कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 9 हजार से अधिक हो गई है । इंदौर में आज 181 नए मरीज मिलने से संक्रमित लोगों की संख्या लगभग 11000 से अधिक हो गई है । वहीं उज्जैन जिले में आज 22 नए मामले सामने आए । ग्वालियर में 164, झाबुआ में 20, सागर में 27, दतिया में 33, मुरैना में 17, खंडवा में 14, निवाड़ी में 28, दमोह में 15 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं ।

विधानसभा सत्र
           प्रदेश की 15वीं विधानसभा का सप्तम सत्र आगामी 21 सितंबर से प्रारंभ होगा जो 23 सितंबर तक चलेगा । विधानसभा सचिवालय ने इस आशय की अधिसूचना कल जारी कर दी है । तीन दिवसीय इस सत्र में महत्वपूर्ण शासकीय विधि विषयक एवं वित्तीय कार्य संपादित किए जाएंगे ।

गणेश चतुर्थी
       कल से गणेश चतुर्थी का 11 दिवसीय उत्सव शुरू हो गया है । इस मौके पर प्रदेश के गणेश मंदिरों में प्रतिमाओं का विशेष श्रंगार किया गया है । राजधानी भोपाल में एक लाख से अधिक घरों में मूर्तियों की स्थापना की गई है । विसर्जन के लिए हर वार्ड और क्षेत्र में मूर्ति एकत्र करने के लिए केंद्र बनाए जाएंगे जहां से सभी मूर्तियों को लेकर धार्मिक प्रक्रिया के अनुसार विसर्जन किया जाएगा । छिंदवाड़ा में आपदा को अवसर में बदलते हुए युवाओं ने छिंदवाड़ा के महाराजा के नाम से रखे जाने वाले श्री गणेश को घर घर पहुंचा दिया है । गणराज वेलफेयर सोसाइटी अन्य संगठनों के साथ मिलकर 2200 इको फ्रेंडली गणेश प्रतिमाओं का वितरण कर रही है । प्रतिमाओं के साथ कोरोना से बचाव की किट भी दी जा रही है । संस्था के अमित राय का कहना है कि इस पहल को गिनीज बुक और लिम्का बुक में दर्ज कराने के लिए आवेदन किया गया है ।
  वहीं जबलपुर में इस बार पर्यावरण अनुकूल कैल्शियम पाउडर से मूर्तियां बनाई जा रही हैं । प्रदूषण बोर्ड ने इन प्रतिमाओं को पर्यावरण के लिए सुरक्षित माना है । शासन के निर्देशानुसार कोरोना संक्रमण के कारण बड़ी गणेश प्रतिमाओं की स्थापना और सार्वजनिक आयोजन पर रोक लगी हुई है । भोपाल, इंदौर, उज्जैन, सीहोर, आगर मालवा, गुना, नीमच, उमरिया और शिवपुरी सहित अनेक जिलों में अपने घरों में ही लोग गणेश प्रतिमाओं की स्थापना कर उनका पूजन कर रहे हैं ।

आरोग्य सेतु एपीआई
          आरोग्य सेतु एप ने व्यापार और अर्थव्यवस्था में सुरक्षित कामकाज शुरू करने में मदद के लिए नई ओपन एप्लीकेशन प्रोग्रामिंग इंटरफेस-एपीआई सेवा शुरू की है । इससे व्यापारिक संगठन अपने कर्मचारियों की स्वास्थ्य की जानकारी ले सकेंगे और घर से काम करने की विभिन्न तरीकों को जान सकेंगे । 50 से अधिक कर्मचारियों वाले संगठन और व्यावसायिक संस्थाएं इस सेवा का लाभ ले सकते हैं ।

अब कुछ समाचार संक्षेप में
1. अशोकनगर जिले के लाखेरी बसरती गांव में एक ही परिवार की तीन बच्चियों की संदिग्ध मौत के बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम जांच के लिए पहुंच गई है ।
2. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा है कि कोरोना वैक्सीन का परीक्षण चल रहा है और इस दिशा में काफी प्रगति हुई है । वे आज नरसिंहपुर के झोतेश्वर में पत्रकारों से बात कर रहे थे ।
3. छिंदवाड़ा से नागपुर रेलमार्ग पर भीमालगोंदी से भंडारकुंड तक रेल लाइन का आज सीआरएस निरीक्षण किया गया । इससे ट्रेन के जल्द शुरू होने की संभावना बढ़ गई है ।
4. सतना जिले में बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई ।
5. ग्वालियर में आज 5000 से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हो गए ।
6. केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो सीबीआई ने मुरैना में आज एक ऑयल कंपनी के संचालक के घर पर छापामार कार्यवाही की है ।

इस बुलेटिन में इतना ही घर पर रहिए सुरक्षित रहिए और पढ़ते रहिए प्रादेशिक समाचार नमस्कार ।

Read More

21 अगस्त, 2020

मध्य प्रदेश समाचार | आज के समाचार | दिनांक 21.08.2020

Leave a Comment
भोपाल से प्रस्तुत हैं प्रादेशिक समाचार ।

नमस्कार समाचारों के साथ में जितेंद्र रघुवंशी पहले मुख्य समाचार ।

1. इंदौर लगातार चौथी बार बना देश का स्वच्छता में शहर, प्रदेश को भी मिला तीसरा स्थान ।
2. प्रदेश के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए सरकार चलाएगी प्रखर और अंकुर योजनाएं ।
3. कोरोना संक्रमित ओं की संख्या 48 हजार के पार अब तक 37 हजार से ज्यादा हुए स्वस्थ ।
4. राष्ट्रीय भर्ती एजेंसी के गठन का युवाओं के साथ-साथ शिक्षाविदों ने भी किया स्वागत ।
5. मौसम विभाग ने दी 22 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी ।

स्वच्छ सर्वेक्षण
        स्वच्छ सर्वेक्षण 2020 में प्रदेश का इंदौर शहर एक बार फिर देश का सबसे स्वच्छ शहर घोषित किया गया है । वहीं गुजरात का सूरत दूसरे और महाराष्ट्र का नवी मुंबई तीसरे स्थान पर है । केंद्र सरकार द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण 2020 के कल घोषित नतीजों में इंदौर को लगातार चौथी बार यह उपलब्धि मिली है । प्रदेश को भी देश में तीसरा स्थान हासिल हुआ है । वहीं इंदौर के अलावा प्रदेश के भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर भी देश के शीर्ष 20 शहरों की सूची में स्थान बनाने में कामयाब रहे हैं । वहीं खंडवा, कटनी, रतलाम, खरगोन, छिंदवाड़ा, बुरहानपुर, सीहोरा, उज्जैन, महू छावनी और शाहगंज को अलग-अलग श्रेणियों में सम्मानित किया गया है । इंदौर के सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि लक्ष्य केंद्रित अभियान के कारण ही यह संभव हुआ है ।

शिक्षा नीति
       स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा है कि नई शिक्षा नीति के तहत प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए विशेष योजना प्रखर चलाई जाएगी । इसमें ऐसे विद्यार्थियों को इंजीनियरिंग, मेडिकल, क्लेट की विशेष कोचिंग दी जाएगी । आज मंत्रालय में विभागीय गतिविधियों की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश में स्कूल शिक्षा में परिवर्तन लाने के लिए भाषा और गणित की मूलभूत दक्षता में सुधार जरूरी है । इसके लिए प्रोजेक्ट अंकुर शुरू किया जाएगा । स्कूल शिक्षा को गुणवत्ता युक्त बनाने के लिए शिक्षकों के प्रशिक्षण और व्यवसायिक प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान दिया गया है । इसके लिए शिक्षण-प्रशिक्षण संस्थानों को सुदृढ़ करने के साथ ही उन्हें उत्कृष्ट संस्थानों के रूप में विकसित किया जाएगा ।

कोरोना प्रदेश
         प्रदेश में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 48000 से ज्यादा हो गई है । वहीं इनमें से 36475 लोग स्वस्थ हो चुके हैं । भोपाल जिले में कोरोना संक्रमित 143 नये मरीज सामने आने के बाद अब इनकी संख्या बढ़कर 9000 से अधिक हो गई जबकि इनमें से 7000 से अधिक मरीज संक्रमण को मात देकर घर पहुंच चुके हैं । उज्जैन जिले में संक्रमण के 25 नए मामले सामने आने के बाद अब इनकी संख्या बढ़कर करीब 1500 हो गई जबकि इनमें से 1000 से अधिक मरीज इलाज के बाद ठीक हो कर घर पहुंच चुके हैं । होशंगाबाद जिले में 10 संक्रमित मिलने के बाद कोरोना प्रभावितों की संख्या बढ़कर 423 हो गई है जिनमें से 283 स्वस्थ हो चुके हैं । कटनी में आज दो पॉजिटिव मिलने के साथ जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 358 हो गई है । छतरपुर जिले में 19 मरीज कोरोना से जंग जीतकर घर लौटे । टीकमगढ़ में तीन और नए पॉजिटिव मरीज मिलने से जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 361 हो गई है । ग्वालियर जिले में 161 लोग संक्रमित मिले हैं । जिले में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या 4000 से अधिक हो गई है । इस महामारी से जिले में अब तक 2904 लोग ठीक हो चुके हैं । अनूपपुर में आज तीन और बैतूल जिले में 14 लोगों को स्वस्थ होने पर कोविड केयर सेंटर से छुट्टी दे दी गई । अशोकनगर जिले में आज एक पॉजिटिव मिलने के बाद संक्रमितों की संख्या 148 हो गई । नीमच जिले में आज तीन पॉजिटिव मिले हैं ।

राजीव गांधी जयंती
         पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की कल 76वी जयंती थी । इसे हर वर्ष सद्भावना दिवस के रुप में मनाया जाता है । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत राजीव गांधी को उनकी 76वी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की है । इस अवसर पर राज्य में सभी शासकीय कार्यालयों में अधिकारियों और कर्मचारियों को सद्भावना की प्रतिज्ञा दिलाई गई । पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भोपाल स्थित कांग्रेस मुख्यालय में स्वर्गीय राजीव गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की । जबलपुर, उमरिया, आगर मालवा, मंदसौर, टीकमगढ़, गुना, शिवपुर, विदिशा जिलों में भी सद्भावना दिवस मनाया जाने के समाचार मिले हैं ।

एनआईए प्रतिक्रिया
          केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा राष्ट्रीय भर्ती एजेंसी के गठन का प्रदेश में भी लोगों ने स्वागत किया है । भारतीय जनसंचार संस्थान, नई दिल्ली के महानिदेशक प्रोफ़ेसर संजय द्विवेदी ने इसे क्रांतिकारी कदम करार दिया है । वही माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल के प्रोफेसर डॉ संजीव गुप्ता ने इसे युवाओं के हित में बताया है । विदिशा के युवा भी सरकार की इस पहल से खुश हैं ।

नरोत्तम मिश्रा
         गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश में सुशासन के लिए उत्कृष्ट रोड मैप तैयार किया जाएगा । वे मंत्रालय में रोड मैप के ड्राफ्ट को अंतिम रूप देने के लिए मंत्रिपरिषद समूह की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे ।

मदिरा लाइसेंस
        प्रदेश में लाइसेंसी विदेशी मदिरा दुकानों पर विक्रय दर सूची अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए गए हैं । प्रदेश की सभी देशी मदिरा दुकानों पर विक्रय दरों के प्रदर्शन का प्रावधान है । आबकारी विभाग ने अब विदेशी मदिरा दुकानों पर भी ब्रांडवार और लेबिलवार मदिरा के विक्रय दरों का प्रदर्शन अनिवार्य रूप से किए जाने के लिए कहा है ।

मौसम
        प्रदेश के अधिकतर इलाकों में मानसून की झड़ी लगी है । कई जिलों में बारिश के कारण जनजीवन पर असर पड़ा है । वहीं कई गांव का शहरों से संपर्क टूट गया है । मौसम विभाग ने आज भी होशंगाबाद, डिंडोरी, नरसिंहपुर और जबलपुर सहित 22 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है । सबसे अधिक 12 सेंटीमीटर बारिश सीहोर जिले की रेहटी में दर्ज की गई । शिवपुरी जिले में सिंध नदी उफान पर आने के कारण अशोकनगर जिले से शिवपुरी जिले का संपर्क टूट गया है । जबलपुर जिले में बरगी बांध के गेट खुलने से नर्मदा के सभी घाट डूब गए हैं ।

अब कुछ समाचार संक्षेप में
1. स्वास्थ्य मंत्री डॉ प्रभु राम चौधरी ने रायसेन जिले में ₹11 करोड़ 70 लाख की लागत से बनने वाले 4 पुलों के निर्माण का भूमि पूजन किया ।
2. छिंदवाड़ा में हरतालिका तीज के अवसर पर बाजारों में भीड़ उमड़ रही है श्रद्धालुओं आज के व्रत के लिए पूजन सामग्री खरीदते दिखे ।
3. आयकर विभाग द्वारा कल भोपाल में रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े एक समूह के विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापे मारे गए ।
4. आगर मालवा जिले में मच्छर जनित बीमारियों से बचाव को लेकर लोगों को जागरूक किया गया ।

इस बुलेटिन में इतना ही घर पर रहिए सुरक्षित रहिए और पढ़ते रहिए प्रादेशिक समाचार नमस्कार ।
Read More

20 अगस्त, 2020

मध्य प्रदेश समाचार | आज के समाचार | दिनांक 20.08.2020

Leave a Comment
भोपाल से प्रस्तुत हैं प्रादेशिक समाचार ।

नमस्कार समाचारों के साथ में जितेंद्र रघुवंशी पहले मुख्य समाचार ।

1. प्रदेश में राशन से वंचित लोगों को 1 सितंबर से मिलेगा ₹1 किलो गेहूं, चावल और नमक ।
2. सरकार ने दी राष्ट्रीय भर्ती एजेंसी के गठन को मंजूरी उम्मीदवारों को मिलेगी अलग-अलग परीक्षाओं से मुक्ति ।
3. प्रधानमंत्री कल करेंगे स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 के नतीजों का ऐलान, इंदौर-भोपाल सहित प्रदेश के कई शहरों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद ।

सीएम-ऐलान
        मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि 1 सितंबर से प्रदेश के ऐसे सभी गरीबों को जिन्हें अभी तक उचित मूल्य राशन नहीं मिल पा रहा था । उन्हें एक रुपए किलो गेहूं, चावल और नमक मिलेगा । उन्होंने आज भोपाल में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के नए हितग्राहियों से वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से चर्चा करते हुए कहा कि एक व्यक्ति को हर महीने 5 किलो उचित मूल्य राशन दिया जाएगा ।
    मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके अलावा गरीब परिवार को नवंबर माह तक 5 किलो प्रति व्यक्ति निशुल्क राशन भी प्रदान किया जाएगा । सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के 37 लाख गरीब हितग्राही लाभान्वित होंगे । उन्होंने कलेक्टरों को निर्देश दिए कि वे अपने जिले में सभी नए हितग्राहियों को 31 अगस्त तक पात्रता पर्ची जारी किए जाना तथा उनकी आधार सीडिंग सुनिश्चित करें ।

मंत्रिमंडल-बैठक
          केंद्रीय मंत्रिमंडल ने आज गैर राजपत्रित पदों और बैंकों के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा का आयोजन करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय भर्ती एजेंसी के गठन का निर्णय लिया है । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आज नई दिल्ली में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में यह फैसला लिया गया । इससे सरकारी नौकरी के इच्छुक उम्मीदवारों को अब अलग-अलग परीक्षा नहीं देनी होगी । केंद्रीय कार्मिक और पेंशन मामलों के मंत्री डॉक्टर जितेंद्र सिंह ने बैठक के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा कि इससे भर्ती, चयन प्रक्रिया और प्लेसमेंट की प्रक्रिया बेहद आसान हो जाएगी । इस एजेंसी का उद्देश उम्मीदवारों को अलग-अलग परीक्षाओं के जाल से छुटकारा दिलाना और भर्ती प्रक्रिया को आसान बनाना है ।

पीएम-सावधानी
        प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से कोविड महामारी के कारण मौजूदा मानसून के दौरान खास सावधानी बरतने की अपील की है । श्री मोदी ने ट्वीट में कहा कि इस मौसम में बदलाव और विषाणु जनित रोगों के फैलाव का समय है । इसे देखते हुए सतर्कता और ऐतिहासिक उपाय जरूरी हैं । प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार स्थिति पर बारीकी से नजर रख रही है और प्रभावित लोगों का समुचित देखभाल सुनिश्चित कर रही है ।

आदिवासी-उत्पाद
          जनजातीय मामलों के मंत्री अर्जुन मुंडा ने आज आदिवासी उत्पादों की बिक्री के लिए देशभर में वैन सेवा 'ट्राइब्स इंडिया ऑन व्हील्स' की नई दिल्ली में शुरुआत की । श्री मुंडा ने वीडियो कांफ्रेंस के जरिए 31 शहरों में 57 वैन को हरी झंडी दिखाई यह वैन सेवा अहमदाबाद, इलाहाबाद, बेंगलुरु, भोपाल, चेन्नई, कोयंबटूर, दिल्ली, गोवाहाटी, हैदराबाद, जगदलपुर, खूंटी, मुंबई और रांची आदि शहरों में शुरू की गई । इस अवसर पर श्री मुंडा ने कहा कि इन मोबाइल वैन के माध्यम से ट्रायफेड द्वारा जैविक और प्राकृतिक रूप से प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाली वस्तुओं को रियायती दर पर विभिन्न स्थानों पर उपभोक्ताओं को पहुंचाने का काम किया जाएगा ।

कोरोना प्रदेश
         प्रदेश में कोविड-19 मामलों की संख्या 48 हजार के करीब पहुंच गई है । जबकि राज्य में 36 हजार से ज्यादा लोग स्वस्थ हो चुके हैं । प्रदेश में अब 10,000 से अधिक सक्रिय मामले हैं । भोपाल में 199 नए मामले सामने आने के बाद सक्रिय मरीजों की संख्या 9300 से अधिक हो गई है । इंदौर जिले में 179 नए मरीज मिलने से संक्रमित लोगों की संख्या 10370 तक पहुंच गई है । बैतूल में 16, रीवा में 4, सतना में 19, जबलपुर में 92, शाजापुर में 60, मंदसौर में 20, कटनी में 4, नरसिंहपुर में 2, खंडवा में 14, झाबुआ में 12, सागर में 28, मुरैना में 13, मंडला में 8, बड़वानी में 17, निमाड़ी में 2, अनूपपुर में 7, पन्ना में 6, आगर मालवा में 5, दतिया में 18, उज्जैन में 23, रतलाम में 13 और शहडोल जिले में संक्रमण के 13 नए मामले सामने आए हैं ।

पीएम-स्वच्छता सर्वेक्षण
          प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 के नतीजों की घोषणा आज करेंगे । यह देश का पांचवा वार्षिक स्वच्छता सर्वेक्षण है । अब तक यह इंदौर स्वच्छता में देश में पहले नंबर पर रहा है । वहीं राजधानी भोपाल दूसरे नंबर पर था । इस बार भी प्रदेश के अन्य शहरों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद बनी हुई है । स्वक्षता महोत्सव नाम के इस कार्यक्रम में उल्लेखनीय निष्पादन करने वाले राज्यों और शहरों को 129 पुरस्कार दिए जाएंगे । प्रधानमंत्री स्वच्छ भारत मिशन शहरी के तहत चयनित लाभार्थियों से स्वेच्छाग्राहियों और सफाई कर्मियों के साथ वीडियो कांफ्रेंस के जरिए बातचीत भी करेंगे । इस अवसर पर स्वच्छता सर्वेक्षण-2020 परिणाम डैशबोर्ड का शुभारंभ करेंगे । स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 विश्व का सबसे बड़ा स्वच्छता सर्वेक्षण है ।

इस्पात मंत्री-मुलाकात
         केंद्रीय इस्पात राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते से रायसेन में आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों ने भेंट की । अधिकारियों को आदिवासी विकास योजनाओं का लाभ अधिक लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए । साथ ही केंद्रीय मंत्री ने आदिवासियों को अनाधिकृत सूदखोरों के चंगुल से बचाने के लिए सख्त कार्यवाही करने सहित नए नियमों के तहत आदिवासियों को पट्टा वितरण की कार्यवाही करने के भी निर्देश दिए ।

सद्भावना दिवस
            प्रदेशभर के शासकीय कार्यालयों में आज सद्भावना दिवस मनाया जाएगा । केंद्र सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के निर्देशानुसार राज्य शासन द्वारा सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सद्भावना की शपथ दिलाई जाएगी ।

मौसम
        प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है । मौसम विभाग के अनुसार राजधानी भोपाल सहित शहडोल, रीवा, जबलपुर, सागर, होशंगाबाद और ग्वालियर संभागों के अधिकांश जिलों में बारिश हुई ।

अब कुछ समाचार संक्षेप में
1. भारतीय जनता पार्टी का 22 अगस्त से तीन दिवसीय सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम ग्वालियर चंबल अंचल में आयोजित किया जाएगा ।
2. मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी भोपाल के गोविंदपुरा स्थित कॉल सेंटर के 27 प्रतिनिधियों के कोरोना संक्रमित होने के कारण आगामी आदेश तक बंद कर दिया गया है ।
3. होशंगाबाद जिले में जिला प्रशासन ने सार्वजनिक स्थलों पर गणेश प्रतिमाएं और ताजिया स्थापित किए जाने पर प्रतिबंध लगा दिया है ।
4. बैतूल जिले में बिजली संबंधित शिकायतों के समाधान के लिए व्हाट्सएप नंबर और यूपे एप का उपयोग कर सकते हैं ।

इस बुलेटिन में इतना ही घर पर रहिए सुरक्षित रहिए और पढ़ते रहिए प्रादेशिक समाचार नमस्कार ।
Read More

19 अगस्त, 2020

मध्य प्रदेश समाचार | आज के समाचार | दिनांक 19.08.2020

Leave a Comment
भोपाल से प्रस्तुत हैं प्रादेशिक समाचार ।

नमस्कार समाचारों के साथ में जितेंद्र रघुवंशी पहले मुख्य समाचार ।

1. मुख्यमंत्री ने कहा-प्रदेश में सरकारी नौकरियां अब राज्य के बच्चों के लिए ही होंगी ।
2. प्रधानमंत्री 30 अगस्त को आकाशवाणी से करेंगे मन की बात ।
3. प्रदेश में भारी बारिश से जनजीवन पर असर, बरगी बांध के 13 गेट खोले गए ।

सीएम-ऐलान
        मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि अब सरकारी नौकरियां सिर्फ राज्य के बच्चों के लिए ही होंगी । श्री चौहान ने भोपाल में बताया कि इस संबंध में सरकार ने फैसला ले लिया है और आवश्यक कानून बनाने की तैयारियां भी प्रारंभ कर दी गई हैं । श्री चौहान ने एक वीडियो संदेश के माध्यम से कहा कि मध्यप्रदेश के संसाधनों पर अब इस राज्य के निवासियों का हक होना चाहिए ।
      भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने राज्य में सरकारी नौकरी में राज्य के ही नागरिकों को देने संबंधी राज्य सरकार के आज के फैसले को ऐतिहासिक बताते हुए इसका स्वागत किया है । राज्य के कृषि मंत्री कमल पटेल ने भी इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि राज्य के संसाधनों का लाभ राज्य के ही युवाओं को मिलेगा ।

कोरोना-प्रदेश
         प्रदेश में पिछले 24 घंटों में 930 नए मामले सामने आने के बाद कोविड-19 मामलों की संख्या बढ़कर 46385 हो गई है । वही 1 दिन में 23 मरीजों की मौत के साथ ही मरने वालों की संख्या बढ़कर 1128 हो गई है । राज्य में स्वस्थ होने वालों की संख्या 35025 हो गई है । कल भी अस्पतालों से 987 कोरोना रोगियों को ठीक होने के बाद छुट्टी दी गई । प्रदेश में 10232 सक्रिय मामले हैं । कोरोना संक्रमित लोगों की जिलेवार संख्या देखें तो बीते चौबीस घंटों में इंदौर जिले में कोरोना के सर्वाधिक 245 नये प्रकरण मिले हैं । इसके बाद भोपाल में 125, खरगोन में 36 तथा ग्वालियर और गुना में 20-20 प्रकरण है । देवास में आज 11 संक्रमित मिले । अशोकनगर में आज तीन और नए मरीज मिले । वही नीमच में आज 18 लोगों ने कोरोना को मात दी । शहडोल में आज 20 नए मामले सामने आए । अब यहां एक्टिव मरीजों की संख्या 146 हो गई है ।

मन की बात
        प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस महीने की 30 तारीख को आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम में अपने विचार साझा करेंगे यह इस मासिक रेडियो कार्यक्रम की 68 भी कड़ी होगी । श्री मोदी ने मन की बात कार्यक्रम के लिए लोगों से सुझाव और संदेश देने को कहा है । श्रोता फोन नंबर 1800 117800 पर फोन कर अपने संदेश रिकॉर्ड करा सकते हैं । नमो एप फोरम या माईजीओवी पर भी सुझाव और संदेश भेजे जा सकते हैं । इसके अलावा 1922 नंबर पर मिस्ड कॉल देकर एसएमएस पर मिले लिंक से भी सीधे सुझाव भेजे जा सकते हैं ।

विधायक नोटिस
           कांग्रेस से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हुए 22 पूर्व विधायकों को सर्वोच्च न्यायालय द्वारा दिए गए नोटिस पर प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा का कहना है कि विधि विशेषज्ञों से सलाह के बाद जवाब प्रस्तुत करेंगे ।

प्रधानमंत्री-स्वच्छता सर्वेक्षण
           प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 के नतीजों की घोषणा 20 अगस्त को करेंगे । यह देश का पांचवा वार्षिक स्वच्छता सर्वेक्षण है । स्वच्छता महोत्सव नाम के इस सर्वेक्षण में उल्लेखनीय निष्पादन करने वाले राज्यों और शहरों को 129 पुरस्कार दिए जाएंगे । प्रधानमंत्री स्वच्छ भारत मिशन-शहरी के तहत चयनित लाभार्थियों से स्वेच्छाग्राहियों और सफाई कर्मियों के साथ वीडियो कांफ्रेंस के जरिए बातचीत भी करेंगे । इस अवसर पर स्वच्छ सर्वेक्षण-2020 परिणाम डैशबोर्ड का शुभारंभ करेंगे । स्वच्छ सर्वेक्षण-2020 विश्व का सबसे बड़ा स्वच्छता सर्वेक्षण है ।

राष्ट्रपति राज्यपाल
         गोवा के राज्यपाल सत्यपाल मलिक को मेघालय का राज्यपाल नियुक्त किया गया है । महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी अपने कार्य के अलावा गोवा के राज्यपाल का कामकाज भी देखेंगे ।

मौसम
        प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है । नर्मदा तवा सहित कई नदियां और नाले उफान पर हैं । राजधानी भोपाल सहित कई जिलों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है । जबलपुर में बरगी बांध के 13 गेट खोले गए । वहीं शहर में बीते चौबीस घंटों में 5 इंच बारिश से जलभराव की स्थिति बन गई है । होमगार्ड की रेस्क्यू टीम ने करीब 7 लोगों को नाव के सहारे सुरक्षित निकाला । पन्ना में जोरदार बारिश का दौर जारी है । इस कारण शहर के निचले इलाकों में पानी भर गया । उधर रायसेन में बीते चौबीस घंटों में 32.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई । मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आगामी 24 घंटे में जबलपुर और सागर संभाग के कई जिलों और विदिशा, रायसेन जिलों में कहीं-कहीं अति भारी बारिश हो सकती है । वहीं रीवा, सतना, अनूपपुर, उमरिया, डिंडोरी, खंडवा, खरगोन, अलीराजपुर, होशंगाबाद, सीहोर, बैतूल, अशोकनगर, शिवपुरी सहित कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है । उमरिया जिले में लगातार भारी बारिश के चलते क्षेत्र में पानी भर गया । कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव ने जिले वासियों से सतर्क रहने की अपील की है ।

अब कुछ समाचार संक्षेप में
1. केंद्रीय इस्पात राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते कल से प्रदेश के दौरे पर रहेंगे । इस दौरान वे भोपाल से नरसिंहपुर भी जाएंगे ।
2. शिवपुरी जिले में प्रवासी श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए 20 से 25 अगस्त तक रोजगार मेला का आयोजन किया जाएगा ।
3. सागर जिले के बंडा की एसडीएम शशि मिश्रा एक सड़क हादसे में घायल हो गई । एसडीएम मिश्रा शाहगढ़ क्षेत्र के दौरे पर थी । तभी एक ट्रक ने मिश्रा की गाड़ी को सीधी टक्कर मार दी ।
4. छिंदवाड़ा जिले में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए पोला पर्व पर परंपरागत गुड़ी यात्रा निकाली गई ।

इस बुलेटिन में इतना ही घर पर रहिए सुरक्षित रहिए और पढ़ते रहिए प्रादेशिक समाचार नमस्कार ।
Read More

18 अगस्त, 2020

मध्य प्रदेश समाचार | आज के समाचार | दिनांक 18.08.2020

Leave a Comment
भोपाल से प्रस्तुत हैं प्रादेशिक समाचार ।

नमस्कार समाचारों के साथ में जितेंद्र रघुवंशी पहले मुख्य समाचार ।

1. कोरोना काल में शिक्षकों को तनाव से बचाने के लिए प्रदेश के शिक्षकों के लिए ऑनलाइन मानसिक स्वास्थ्य कोर्स शुरू किया गया ।
2. राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्या 45000 से अधिक हुई वहीं, 34000 से अधिक लोग हुए स्वास्थ्य ।
3. मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए नीट 13 सितंबर को और इंजीनियरिंग पाठ्यक्रमों में नामांकन के लिए जेइई-परीक्षा 1 से 6 सितंबर के बीच होगी ।
4. प्रदेश में बारिश का दौर जारी । शहडोल में बाणसागर बांध के गेट खोले गए, वहीं मंडला में भारी बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित ।

मानसिक-स्वास्थ्य
         स्कूल शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने मंत्रालय में आज शिक्षकों के लिए ऑनलाइन मानसिक स्वास्थ्य कोर्स श्रंखला का शुभारंभ किया । उन्होंने कहा कि विश्व के साथ ही देश-प्रदेश कोरोना संकटकाल से लंबे समय से जूझ रहा है । विद्यार्थियों के मन में अपनी शिक्षा और भविष्य को लेकर चिंता होना स्वभाविक है । ऐसी विकट परिस्थितियों में भी शिक्षा विभाग बच्चों की पढ़ाई को नियमित बनाने और उनकी समस्याओं का समाधान करने के लिए कई नवाचार कर रहा है । इसी क्रम में शिक्षकों के लिए ऑनलाइन मानसिक स्वास्थ्य कोर्स शुरू किया जा रहा है । इससे शिक्षक तनाव और चिंता के वातावरण में भी बच्चों का दृष्टिकोण सकारात्मक बनाकर पढ़ाई कराने के साथ-साथ उनकी चिंताओं एवं समस्याओं का भी निराकरण हो सकेगा । यह कोर्स शिक्षकों के लिए और अधिक सक्षम एवं कौशल युक्त बनाएगा । वही श्री परमार ने मंत्रालय में शिक्षक प्रशिक्षण संस्थानों के कार्यक्षेत्र और उत्तर दायित्व के निर्वहन के लिए विजन डॉक्यूमेंट वेबीनार का शुभारंभ किया । इस मौके पर उन्होंने कहा कि विजन डॉक्यूमेंट कार्यशाला आंतरिक मूल्यांकन कर नई शिक्षा नीति के अनुरूप कई बदलाव आत्मसात करने में मार्गदर्शी साबित होगी ।

ई-पोर्टल
       केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा ने आज जनजातीय स्वास्थ्य और पोषण से संबंधित स्वास्थ्य नाम के ई-पोर्टल का उद्घाटन किया । इसमें भारत की जनजातीय आबादी के स्वास्थ्य और पोषण से संबंधित तमाम सूचनाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गई हैं । स्वास्थ्य पोर्टल में देश के विभिन्न भागों के जनजातीय लोगों के इलाज के नए नए तौर-तरीकों और उनसे संबंधित मामलों को संकलित किया गया है ताकि लोग एक दूसरे के अनुभवों का फायदा उठा सकें । श्री मुंडा ने कहा कि इस पोर्टल की शुरूआत देश की जनजातीय आबादी की सेवा के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में एक पहल है ।

रोजगार अभियान
         छिंदवाड़ा जिले में गरीब कल्याण रोजगार अभियान ग्रामीण कामगारों के लिए वरदान साबित हो रहा है । कोरोना  महामारी के कारण जिले में वापस लौटे प्रवासी मजदूरों और ग्रामीणों को जिले में ही 25 प्रकार के कार्यों में रोजगार उपलब्ध करवाया जा रहा है । इस अभियान के अंतर्गत जहां विकास कार्यों को गति मिल रही है । वहीं प्रवासी श्रमिकों को गांव में ही रोजगार मिलने से जीवन यापन के लिए दूसरे स्थानों पर नहीं जाना पड़ रहा है । साथ ही आर्थिक स्थिति भी मजबूत हो गई है ।

कोरोना-प्रदेश
         प्रदेश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 45455 हो गई है । वहीं इनमें 34400 से अधिक लोग स्वस्थ हो गए हैं । राजधानी भोपाल में 130 नए मरीज मिलने के साथ यहां संक्रमितों की संख्या 8592 पर पहुंच गई है । इनमें से 6847 लोग स्वस्थ हो चुके हैं । उज्जैन जिले में कोरोना के 19 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1429 हो गई है । इनमें से 1178 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं । नीमच जिले में 9 और कोरोना मरीज मिलने के बाद संक्रमितों की संख्या 917 हो गई है । वहीं पांच लोगों को स्वस्थ होने पर छुट्टी दे दी गई । होशंगाबाद जिले में 35 नए मरीज मिले हैं । टीकमगढ़ जिले में एक और मरीज मिलने से संक्रमितों की संख्या 352 हो गई है । देवास जिले में आज 10 नये मरीज मिले ।सीहोर जिले में 17 कोरोना संक्रमित मिलने के बाद एक्टिव मरीजों की संख्या 149 हो गई है । सतना जिले के चित्रकूट में अमावस्या मेला रद्द कर दिया गया है । यहां 18 और 19 अगस्त को लॉकडाउन रहेगा । छिंदवाड़ा जिले में 24 नए पॉजिटिव मरीज मिले । खंडवा जिले में दो लोग पॉजिटिव मिले । वहीं 12 लोगों को स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज कर दिया गया । कटनी में 6 नए मरीज मिलने के बाद संक्रमितों की संख्या 341 हो गई है ।

निशक्तजन
          सामाजिक न्याय और निशक्तजन कल्याण मंत्री प्रेम सिंह पटेल ने कहा है कि भारत सरकार द्वारा 15 अगस्त से शुरू नशा मुक्ति अभियान प्रदेश में भी चलाया जा रहा है । आगामी 15 मार्च तक चलने वाले इस कार्यक्रम के तहत 9 विषयों पर काम होगा । नशा ग्रस्त लोगों को नशा मुक्ति दिलाने के साथ ही संभावित लोगों को नशे से बचाने पर अधिक ध्यान दिया जाएगा । सोशल मीडिया के माध्यम से विभिन्न समूहों को भी इसमें शामिल किया जा रहा है । अभियान के लिए प्रत्येक जिले को 10-10 लाख रूपए की राशि आवंटित की गई है । इस मौके पर उन्होंने विभागीय अधिकारियों को प्रत्येक जिले में जाकर दिव्यांगजन, वृद्धजन और कल्याणी महिलाओं के लिए किए जा रहे कार्यो की समीक्षा करने के निर्देश दिए ।

उच्चतम न्यायालय-नीट
          उच्चतम न्यायालय ने कोविड-19 संक्रमण को देखते हुए राष्ट्रीय पात्रता प्रवेश परीक्षा नीट और संयुक्त प्रवेश परीक्षा-जेइई को स्थगित करने संबंधी याचिका आज खारिज कर दी । न्यायालय ने कहा कि छात्रों के भविष्य को बहुत समय तक अधर में लटकाए नहीं रखा जा सकता । इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 1 सितंबर से 6 सितंबर के बीच और मेडिकल प्रवेश परीक्षा 13 सितंबर को आयोजित कराई जाएगी । न्यायमूर्ति अरुण मिश्रा, न्यायमूर्ती बी आर गवई और न्यायमूर्ति कृष्ण मुरारी की पीठ ने विभिन्न राज्यों के 11 उम्मीदवारों द्वारा इन प्रवेश परीक्षा को स्थगित करने संबंधी याचिकाओं की सुनवाई करते हुए कहा कि सभी सावधानियों का पालन करते हुए जीवन को आगे बढ़ाया जाना चाहिए ।

डॉल्फिन
         केंद्रीय पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा है कि उनका मंत्रालय देश की नदियों और सागरों में डॉल्फिन के संरक्षण के लिए 15 दिनों में एक समग्र डॉल्फिन परियोजना की शुरुआत करेगा । श्री जावड़ेकर ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के वन मंत्रियों, सचिवों और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि अपने स्वतंत्रता दिवस के भाषण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डॉल्फिन और सिंह परियोजना के बारे में घोषणा की थी । उन्होंने कहा देश में शेरों की संख्या बढ़कर 600 से अधिक हो गई है । श्री जावड़ेकर ने राज्यों से क्षतिपूरक वनीकरण कोष प्रबंधन और योजना प्राधिकरण की 80% धनराशि वृक्षारोपण गतिविधियों और शेष धनराशि क्षमता निर्माण बुनियादी ढांचे के निर्माण पर खर्च करने का अनुरोध किया ।

मन की बात
        प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस महीने की 30 तारीख को आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम में अपने विचार साझा करेंगे । यह इस मासिक रेडियो कार्यक्रम की 68वी कड़ी होगी । श्री मोदी ने मन की बात कार्यक्रम के लिए लोगों से सुझाव और संदेश देने को कहा है । श्रोता फोन नंबर 1800117800 पर फोन कर अपने संदेश रिकॉर्ड करा सकते हैं । नमो एप फोरम या माईजीओवी पर भी सुझाव संदेश भेजे जा सकते हैं । इसके अलावा 1922 नंबर पर मिस कॉल देकर एसएमएस पर मिले लिंक से भी सुझाव भेजें जा सकते हैं ।

मौसम
       प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है । राजधानी भोपाल सहित कई जिलों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है । पिछले चौबीस घंटों के दौरान शहडोल, रीवा, सागर, जबलपुर, होशंगाबाद, उज्जैन, ग्वालियर और चंबल संभाग में अनेक स्थानों पर बारिश हुई । सबसे अधिक 70 सेंटीमीटर बारिश बेहर में दर्ज की गई । शहडोल जिले में स्थित बाणसागर बांध की आज छह गेट लगातार बारिश के चलते खोल दिए गए । मंडला जिले में भारी बारिश के चलते नदी नाले उफान पर आने से जनजीवन प्रभावित हुआ है । वहीं जिले के कई गांवों का संपर्क टूट गया है । मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान जबलपुर, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, सागर और शहडोल संभागों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना जताई है ।

अब कुछ समाचार संक्षेप में
1. शास्त्री गायक पंडित जसराज का आज अमेरिका में हृदय गति रुक जाने से निधन हो गया । वे 90 वर्ष के थे ।
2. सीहोर जिले में भूमाफिया के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 4 एकड़ की भूमि पर बिना अनुमति लाइसेंस के निर्मित की जा रही है अवैध कॉलोनी के विरुद्ध कार्यवाही की गई ।
3. खंडवा में कोरोना मरीजों को लाने वाली एंबुलेंस के चालक का कोरोना योद्धा के रूप में सम्मानित किया गया ।
4. सहयोग से सुरक्षा अभियान के तहत आगर मालवा जिले में कोरोनावायरस के फैलाव को रोकने में सहयोग करने और   कोरोना योद्धाओं का सम्मान करने की लोगों को शपथ दिलाई गई ।

इस बुलेटिन में इतना ही घर पर रहिए सुरक्षित रहिए और पढ़ते रहिए प्रादेशिक समाचार नमस्कार ।
Read More

14 अगस्त, 2020

मध्य प्रदेश समाचार | दोपहर के समाचार | दिनांक 14.08.2020

Leave a Comment
भोपाल से प्रस्तुत हैं प्रादेशिक समाचार ।

नमस्कार समाचारों के साथ में जितेंद्र रघुवंशी पहले मुख्य समाचार ।

1. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आगामी त्योहारों के दौरान सार्वजनिक आयोजन न करने की अपील की ।
2. प्रदेश में कोरोना के 1000 नए मामले सामने आय, कुल संक्रमितों की संख्या 42000 हुई ।
3. राज्य में स्वतंत्रता दिवस समारोह कोविड-19 के दिशा निर्देशों के अनुरूप मनाने की तैयारी, राष्ट्रपति पूर्व संध्या पर आज राष्ट्र को करेंगे संबोधित ।
4. प्रदेश के छिंदवाड़ा, बैतूल सहित 8 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी ।

मुख्यमंत्री बैठक
           मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आगामी दिनों में गणेश उत्सव व मुहर्रम जैसे त्योहारों में किसी तरह का सार्वजनिक आयोजन और समागम न करने की अपील की है । उन्होंने अधिकारियों को इस तरह के आयोजन ना होने देने के निर्देश दिए हैं । उन्होंने कल कोरोना समीक्षा बैठक में कहा कि कहीं भी मूर्तियों और ताजियों का निर्माण हो रहा हो तो उस पर तत्काल रोक लगाएं । मुख्यमंत्री ने लोगों से धार्मिक कार्यक्रम घर में ही करने की अपील की । उन्होंने बताया कि प्रदेश में कोरोना से स्वस्थ होने की दर 74.7% हो गई है और इसे बेहतर बनाने के लिए प्रभावी उपाय किए जा रहे हैं । श्री चौहान ने राजगढ़ और सीधी जिले की स्थिति की समीक्षा की । बैठक में बताया गया कि अब प्रदेश में प्रतिदिन 20000 से ज्यादा टेस्ट किए जा रहे हैं ।


कोरोना-प्रदेश
         प्रदेश में कल कोरोना के 1000 से ज्यादा मामले सामने आए और कुल मामलों की संख्या 42000 से अधिक हो गई है । अब तक 32000 लोग स्वस्थ हो चुके हैं और करीब 9700 सक्रिय मामले हैं । इंदौर में 188 नए मामले सामने आए । वहीं राजधानी भोपाल में 110 नए संक्रमित मिले हैं । जबलपुर में कल 93 नए मामले सामने आए । वहीं 50 लोग बीमारी से स्वस्थ हुए । एक कोरोना मरीज की मृत्यु भी हो गई । जबलपुर कलेक्टर भरत यादव ने कोरोना संक्रमण के मामले में वृद्धि को देखते हुए खास तौर पर वृद्ध व्यक्तियों के लिए विशेष शारीरिक जांच कराने के आदेश दिए हैं । उन्होंने कहा कि कोरोना के अलावा बुजुर्गों की हर तरह की जांच अस्पताल में की जानी चाहिए ।
        ग्वालियर में 76 नए मामले सामने आए और इस समय जिले में करीब 700 सक्रिय मामले हैं । खंडवा जिले में नौ, छिंदवाड़ा, झाबुआ, मंडला में 3-3 और मुरैना में 23, दमोह में सात, नीमच में 8 नए संक्रमित सामने आए हैं । होशंगाबाद में कोरोना की रोकथाम के उपायों के साथ ही संक्रमित मरीजों को कोविड-19 पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की पहल की गई है । उन्हें पौष्टिक आहार और आयुष काढ़ा के साथ ही मनोरंजन की सुविधाएं भी दी गई ।

स्वतंत्रता दिवस
         राष्ट्र कल अपना 74वां स्वतंत्रता दिवस मनाएगा । इस अवसर पर आयोजित होने वाले समारोह को ध्यान में रखते हुए देश भर में व्यापक तैयारियां की गई हैं । प्रदेश की राजधानी भोपाल में मुख्य समारोह लाल परेड मैदान पर कोरोना के निर्देशों के पालन के साथ आयोजित किया जाएगा । जिलों में भी कार्यक्रम की तैयारियां की जा रही हैं । वहीं कल दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले में स्वतंत्रता दिवस समारोह की अभ्यास की फुल ड्रेस रिहर्सल की गई । कोविड-19 महामारी से उत्पन्न स्थिति को ध्यान में रखते हुए दिल्ली पुलिस ने आमंत्रित लोगों से लाल किला परिसर में समारोह के दौरान केंद्रीय गृह और स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी दिशा निर्देशों का पूरी तरह पालन करने को कहा है ।

राष्ट्रपति संबोधन
          राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 74 वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आज राष्ट्र को संबोधित करेंगे । यह संबोधन हिंदी में शाम 7:00 बजे से आकाशवाणी के सभी नेटवर्क और दूरदर्शन के सभी चैनलों पर प्रसारित किया जाएगा । हिंदी प्रसारण के बाद अंग्रेजी भाषा में इसका प्रसारण होगा । आकाशवाणी से राष्ट्रपति के संबोधन का क्षेत्रीय भाषाओं में क्षेत्रीय नेटवर्क पर रात 9:30 बजे से प्रसारण किया जाएगा । राष्ट्रपति के संबोधन का दूरदर्शन पर हिंदी और अंग्रेजी में प्रसारण के बाद दूरदर्शन के क्षेत्रीय चैनल क्षेत्रीय भाषाओं में इसका प्रसारण करेंगे ।

पटेल चिट्ठी
        केंद्रीय पर्यटन और संस्कृति राज्यमंत्री प्रहलाद पटेल ने दमोह संसदीय क्षेत्र की कोपरा मध्यम सिंचाई परियोजना के कार्य को शुरू करने के लिए आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने के संबंध में राज्य के जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट को पत्र लिखा है । उन्होंने कहा है कि सागर जिले की रेहली तहसील में कोपरा नदी पर प्रस्तावित यह परियोजना क्षेत्र के विकास के लिए बहुत महत्वपूर्ण है और इसकी लंबे समय से मांग की जा रही है । उन्होंने परियोजना से प्रभावित वन भूमि के बदले में राजस्व भूमि स्थानांतरित करने का प्रस्ताव सरकार को शीघ्र भेजने का अनुरोध किया है । इस परियोजना से करीब 10000 हेक्टेयर में सिंचाई हो सकेगी ।

पूरक-परीक्षाएं
        सीबीएसई की दसवीं और बारहवीं कक्षाओं की पूरक परीक्षाएं अगले महीने आयोजित की जाएंगी । इसके साथ ही 12वीं के विद्यार्थियों को नतीजे सुधारने के लिए वैकल्पिक परीक्षा भी अगले महीने होगी । नियमित विद्यार्थियों से अपने स्कूलों से संपर्क करने और प्राइवेट विद्यार्थियों से बोर्ड की वेबसाइट पर दी गई लिंक के माध्यम से आवेदन करने को कहा गया है । सीबीएसई ने कहा है कि परीक्षा की तारीख जल्द ही घोषित कर दी जाएगी ।

मौसम
         समूचे मध्य प्रदेश में मानसून सक्रिय है । राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के अधिकांश जिलों में कहीं तेज कहीं हल्की बारिश हुई है । सतना, पन्ना, सिंगरौली में 13-13 सेंटीमीटर, अनूपपुर, कककीवाड़ा, नयपुर और अजय गढ़ 8-8, कटनी, बेहर, भाभरा में 7-7 और इछावर, थांदला और रानापुर 6-6 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई । मौसम विभाग ने आज छिंदवाड़ा, बैतूल, हरदा, खंडवा, अलीराजपुर, झाबुआ और धार जिले में अति भारी बारिश की चेतावनी दी गई है । वहीं अनूपपुर, डिंडोरी, छतरपुर, सीहोर, राजगढ़, होशंगाबाद, बुरहानपुर, खरगोन, बड़वानी, देवास, आगर, शिवपुरी, दतिया, मुरैना में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई है ।

अब कुछ समाचार संक्षेप में
1. संस्कृति व जनसंपर्क विभाग के प्रमुख सचिव शिवशेखर शुक्ला ने कल ओमकारेश्वर का दौरा कर स्वीकृत कार्यों की तैयारियों का जायजा लिया और आदि शंकराचार्य की प्रतिमा स्थापना के लिए निर्धारित स्थल को भी देखा ।
2. सागर के डॉ हरीसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर आरपी तिवारी को केंद्रीय विश्वविद्यालय पंजाब, भटिंडा का कुलपति नियुक्त किया गया है ।
3. बैतूल में स्वतंत्रता दिवस समारोह के जिला स्तरीय समारोह में कलेक्टर राकेश सिंह द्वारा कलेक्टर कार्यालय में ध्वजारोहण किया जाएगा और उसके बाद मुख्यमंत्री का संबोधन सुनने की इंतजाम किए गए हैं ।
4. अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक जी आर मीना ने कल निवाड़ी के दौरे पर उप जेल का निरीक्षण किया और बंदियों की स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली ।
5. मुरैना जिले में अब तक 358 मिलीमीटर औसत वर्षा रिकॉर्ड की गई है जो कि पिछले साल की तुलना में 16 मिलीमीटर कम है ।

इस बुलेटिन में इतना ही घर पर रहिए सुरक्षित रहिए और पढ़ते रहिए प्रादेशिक समाचार नमस्कार ।
Read More

मध्य प्रदेश समाचार | आज के समाचार | दिनांक 14.08.2020

Leave a Comment
भोपाल से प्रस्तुत हैं प्रादेशिक समाचार ।

नमस्कार समाचारों के साथ में जितेंद्र रघुवंशी पहले मुख्य समाचार ।

1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि सरकार ईमानदार करदाताओं का करेगी सम्मान । पारदर्शी कराधान-ईमानदार का सम्मान पोर्टल जारी ।
2. परिवहन मंत्री गोविंद राजपूत ने कहा- बस ऑपरेटरों की मांगों पर मुख्यमंत्री से मिलकर निर्णय लेंगे ।
3. प्रदेश में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 42 हजार के ज्यादा, रिकवरी रेट बढ़कर हुआ 75% ।
4. मानसून पूरे प्रदेश में सक्रिय छिंदवाड़ा, बैतूल, हरदा सहित कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी ।

सम्मान पोर्टल-प्रधानमंत्री
          प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि सरकार का यह प्रयास है कि कर प्रणाली को पारदर्शी और परेशान न करने वाली बनाया जाए । आज वीडियो कांफ्रेंस के जरिए पारदर्शी कराधान-ईमानदार का सम्मान पोर्टल को जारी करते हुए उन्होंने कहा कि ईमानदार करदाताओं की राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका है । श्री मोदी ने कहा कि सरकार ईमानदार करदाताओं का सम्मान करेगी और उन्हें परेशान नहीं होना पड़ेगा । उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मचारियों में कुशलता और सत्य निष्ठा को सम्मानित किया जाएगा । प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रौद्योगिकी, व्यक्तिगत जांच-पड़ताल का स्थान लेगी । उन्होंने कहा कि इस वर्ष 25 सितंबर से करदाताओं और अधिकारियों के बीच आमने-सामने की मुलाकात अनिवार्य नहीं रहेगी । श्री मोदी ने कहा कि कर दरों में काफी कमी की गई है । सरकार की विवाद से विश्वास योजना का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इस योजना का लक्ष्य ज्यादातर मामलों को कोर्ट के बाहर सुलझाना है । प्रधानमंत्री ने कहा कि इस योजना के अंतर्गत अब तक तीन करोड़ से ज्यादा मामले सुलझाए जा चुके हैं ।
       मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने केंद्र सरकार द्वारा लांच की गई 'पारदर्शी कराधान-ईमानदार का सम्मान' की नयी व्यवस्था का स्वागत करते हुए कहा कि इस व्यवस्था से नागरिकों के साथ ही देश भी सशक्त होगा । श्री चौहान ने ट्वीट कर कहा ऐसे अभिनव प्रयासों से आत्मनिर्भर भारत का स्वप्न शीघ्र साकार होगा ।

बस-ट्रक
       एमपी में बसों और ट्रकों के संचालन और समस्याओं के बारे में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और संबंधित मंत्रियों से चर्चा करके सभी के हित में निर्णय लिया जाएगा । परिवहन मंत्री गोविंद राजपूत ने आज बस और ट्रक ऑपरेटरों के साथ सागर में एक बैठक में चर्चा के बाद यह बात कही । श्री राजपूत ने बताया कि सरकार आजीवन टेस्ट को किस्तों में भरने के लिए पहले ही कह चुकी है । ट्रक मालिकों ने डीजल पर वैट टैक्स कम करने और टैक्स माफी की बात रखी है । वेट टैक्स वाणिज्यकर मंत्री तय करेंगे जबकि टैक्स माफी के बारे में सीएम से चर्चा कर तय किया जाएगा ।
      वही ट्रक, बस ऑपरेटर संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि यदि मांगे पूरी नहीं हुई तो फिर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे ।

निशुल्क राशन
          खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने कहा है कि 37 लाख लोगों को इस माह के अंत तक निशुल्क राशन पर्ची उपलब्ध करवाई जाएगी । राशन पर्ची नहीं होने के कारण यह लोग शासन की योजना का लाभ नहीं उठा पा रहे थे । श्री सिंह ने बताया कि वन नेशन-वन राशन कार्ड योजना के अंतर्गत मध्यप्रदेश का श्रमिक यदि प्रदेश के बाहर काम करना चाहता है तो उसे प्रदेश के बाहर खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाएगा । बैठक में संचालक खाद्य श्री तरुण पिथोड़े ने बताया कि विभाग वेयरहाउस के निर्माण के संबंध में अशासकीय व्यक्ति को विभागीय एक्सपर्ट उपलब्ध करवाने की व्यवस्था करेगा ।

साफ-सफाई बीड़ा
         भारत के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में कल नगर निगम के सफाई कर्मियों के अवकाश पर रहने के चलते शहर के नागरिकों और सामाजिक संगठन के साथ शासकीयअधिकारी-कर्मचारियों ने साफ सफाई का बीड़ा उठाया है । नगर निगम मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार प्रतिवर्ष की तरह गोगा नवमी के अगले दिन सफाई कर्मी अवकाश पर रहते हैं । लिहाजा जनसहयोग से कल शहर की साफ सफाई की जाएगी । निगम आयुक्त प्रतिभा पाल के अनुसार, शुक्रवार की सफाई के लिए शहर के प्रबुद्ध जनों के साथ गैर सरकारी संगठन के लोगों को सफाई अभियान में जोड़ा गया है ।

कोरोना-प्रदेश
         प्रदेश में कोरोना मरीजों की संख्या 42 हजार से अधिक हो गई है । वहीं इससे स्वस्थ हुए लोगों की दर बढ़कर 75% हो गई है । भोपाल में आज कोरोना के 110 नए मरीज मिले हैं । देवास जिले में आज 10 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है । यहां कुल संक्रमितों की संख्या 513 हो गई है । इनमें से 422 लोग स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं । उधर, शहडोल में कलेक्ट्रेट के दो कर्मचारी संक्रमित पाए गए हैं, पूरे ऑफिस को सैनेटाइज किया जा रहा है । जिले में संक्रमण के मामले 175 हो गए हैं । इनमें से 90 मरीज ठीक हो चुके हैं । कटनी जिले में आज 12 नए मरीज मिले । अब यहां संक्रमित मरीजों की संख्या 304 हो गई है । जबलपुर जिले में 86 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं, वही 51 लोगों को आज अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है । ग्वालियर जिले में 76 नए संक्रमित मिले हैं, इसके बाद यहां संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3176 हो गई है । 2465 लोगों को डिस्चार्ज किया जा चुका है । टीकमगढ़ में चार नए संक्रमित पाए गए हैं । वही होशंगाबाद जिले में 11 नए मरीज मिले हैं ।

दुर्घटना-मौत
         प्रदेश में आज दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में 3 लोगों की मौत हो गई । पहली घटना सिवनी के जबलपुर नागपुर मार्ग पर हुई । जहां आमने-सामने से आ रहे दो ट्रक आपस में टकरा गए जिसमें दोनों ड्राइवरों की जलने के कारण मृत्यु हो गई । जबकि 4 लोग घायल हो गए ।
        दूसरी घटना सतना जिले के मैहर थाना क्षेत्र में हुई । जहां मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को एक कार ने टक्कर मार दी, जिसमें मोटरसाइकिल सवार की मौत हो गई दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया है ।

मौसम
        समूचे मध्यप्रदेश में मानसून सक्रिय है । राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के अधिकांश जिलों में कल से ही बादल छाए हुए हैं और कहीं-कहीं तेज बारिश हुई है । होशंगाबाद जिले में रुक-रुक कर वर्षा का दौर जारी है । इससे नर्मदा तथा उसकी सहायक नदी नाले उफान पर हैं । जिले में चौबीस घंटों के दौरान 54.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई । छिंदवाड़ा जिले में कल रात से लगातार बारिश हो रही है, जिससे नदी नाले उफान पर हैं । वहीं बैतूल में बारिश के कारण सीमेंट रोड स्थित बाजार में 50 साल पुरानी बिल्डिंग भरभरा कर गिर गई, यह संयोग ही रहा कि इस दौरान कोई जनहानि नहीं हुई । झाबुआ जिले में अनेक स्थानों पर बारिश दर्ज की गई । मौसम विभाग के अनुसार आगामी चौबीस घंटों के दौरान छिंदवाड़ा, बैतूल, हरदा, खंडवा, अलीराजपुर, झाबुआ और धार जिलों में अति भारी बारिश की चेतावनी दी गई है । वहीं अनूपपुर, डिंडोरी, छतरपुर, सीहोर, राजगढ़, होशंगाबाद,बुरहानपुर, खरगोन, बड़वानी, देवास, आगर, शिवपुरी, दतिया, मुरैना में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई है ।

अब कुछ समाचार संक्षेप में
1. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भोपाल के शौर्य स्मारक में भारत माता की 35 फीट ऊंची प्रतिमा का सुबह 9:30 बजे अनावरण करेंगे । कमल पर खड़ी भारत माता की कांस्य प्रतिमा की पेडस्टल सहित लंबाई लगभग 37 फीट है ।
2. जनजातीय संग्रहालय में रंग प्रयोगों के प्रदर्शन की साप्ताहिक श्रंखला 'अभिनय' में इस शुक्रवार समय 7:45 बजे असम की पारंपरिक अंकियां शैली में लोकनाट्य 'धृतराष्ट्र दिग्विजय' का प्रसारण अतुल भुयाँ (असम) के निर्देशन में संग्रहालय के यूट्यूब चैनल पर होगा ।
3. डिंडोरी में वीर शिरोमणि दुर्गादास राठौर की 382 वी जयंती आज हर्षोल्लास के साथ मनाई गई । इस वर्ष कोरोना संक्रमण के कारण रैली एवं सभा का आयोजन नहीं किया गया है ।
4. शहडोल पुलिस ने दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से 10 क्विंटल गांजा जप्त किया है । जप्त गांजे का बाजार मूल्य लगभग डेढ़ करोड रुपए है ।
5. देवास जिले में कोरोना की रोकथाम के लिए सहयोग से सुरक्षा अभियान का शुभारंभ 15 अगस्त को किया जाएगा । इस दौरान मास्क पहनने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के लिए लोगों से शपथ पत्र बनवाए जाएंगे ।
6. शिवपुर में स्वच्छ भारत मिशन के तहत जिले को गंदगी मुक्त बनाने के लिए अभियान चलाया गया । इस दौरान पौधरोपण भी किया गया ।

इस बुलेटिन में इतना ही घर पर रहिए सुरक्षित रहिए और पढ़ते रहिए प्रादेशिक समाचार नमस्कार ।
Read More