नमस्कार समाचारों के साथ में जितेंद्र रघुवंशी पहले मुख्य समाचार ।
1. प्रदेश में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, नदियां उफान पर, कई शहरों का सड़क संपर्क टूटा ।
2. राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्या 51 हजार तक पहुंची, वही अब तक 39 हजार हुए स्वस्थ ।
3. राज्य विधानसभा का तीन दिवसीय सत्र 21 सितंबर से ।
4. गणेश उत्सव शुरू, घर-घर हो रही है रिद्धि सिद्धि और बुद्धि के देवता की आराधना ।
मौसम
बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण राज्य में बारिश का सिलसिला बना हुआ है । जिसके प्रभाव से आगामी 24 घंटों के दौरान मालवा अंचल में आने वाले अनेक स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है । भारी बारिश के कारण अधिकतर इलाकों में जनजीवन प्रभावित हो गया है । अधिकतर ग्रामीण इलाकों और अनेक शहरों के बीच भी सड़क संपर्क टूट गया है । प्रदेश की सभी बड़ी नदियां उफान पर हैं । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश में अति वर्षा की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक राहत कार्य प्रारंभ किए जाने के निर्देश दिए हैं । उन्होंने कहा कि बाढ़ की स्थिति में बचाव दल राहत सामग्री के साथ पूरी तरह तैयार रहें । इंदौर में कल रात से हो रही बारिश के कारण पिछले 39 वर्षों का रिकॉर्ड टूट गया है । जिले में स्थित यशवंत सागर बांध के चार गेट खोले जा चुके हैं । पिछले 24 घंटों के दौरान यहां 11 इंच बारिश हो चुकी है । भोपाल में तेज बारिश के कारण भदभदा बांध के गेट खोल दिए गए हैं । वहीं राजधानी के समीप छान गांव की झूंसी नदी में फंसे 2 लोगों को एडीआरएफ की टीम ने सुरक्षित बचा लिया है । बैतूल जिले में कलेक्टर ने अति वर्षा से प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं किए जाने के निर्देश दिए हैं । जिले के पाढर के समीपस्थ ग्राम पलासपानी में मकान ढह जाने के कारण प्रभावित परिवार को शासकीय स्कूल में ठहराया गया है । होशंगाबाद जिले में तवा डैम के पांच गेट खोल दिए गए हैं । शाजापुर जिले में कालीसिंध,लखुन्दर, नेवज और पार्वती नदियां उफान पर हैं । जिले के खोखरकलां गांव में बारिश का पानी भर जाने से बाढ़ जैसी स्थिति हो गई है । रायसेन जिले में बारिश के चलते बारना नदी पर बना पुल पानी में डूब जाने से भोपाल-जबलपुर सड़क मार्ग बंद हो गया है । वहीं धनगंवा पर तेदुनी नदी के पुल के ऊपर से बहने के कारण गैरतगंज-गाडरवारा राजमार्ग बंद हो गया है । वही सिलवानी, उदयपुरा, रायसेन से होकर बेगमगंज, सागर जाने वाला मार्ग भी बंद है । सीहोर जिले में 316 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई । यहां पार्वती नदी पुल के ऊपर बह रही है । झाबुआ जिले के पेटलावद तहसील के बाछीखेड़ा में भारी बारिश के चलते एक तालाब फूट गया है । जिले से होकर गुजरने वाले इंदौर अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 49 पर आवागमन बंद है यहां अब तक कुल 610 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है और पम्पावती, पद्मावती, नौगांवा, माही आदि नदियां उफान पर हैं । माही सागर पर बने कालिकराय और माही डैम में पानी अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है । धार जिले में पिछले चौबीस घंटों में 58 मिलीमीटर वर्षा हो चुकी है । जिले के बदनावर क्षेत्र में कच्चा मकान गिर जाने से एक महिला की मृत्यु हो गई । वही एक अन्य घटना में उफनती पुलिया को पार कर रहे मोटरसाइकिल सवार परिवार की बहने से एक बच्चे की मौत हो गई जबकि उसके परिवार के अन्य सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया है ।
मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में भोपाल, होशंगाबाद, जबलपुर, सागर, उज्जैन, इंदौर, ग्वालियर, चंबल संभाग और रीवा, शहडोल संभाग के अनेक जिलों में तेज बारिश की चेतावनी दी है । जबकि खरगोन, अलीराजपुर, धार, झाबुआ, रतलाम जिलों में अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है ।
कोरोना प्रदेश
प्रदेश में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगभग 51 हजार हो गई है । वही अब तक लगभग 39 हजार लोग स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं । भोपाल में आज 179 नए मरीज मिलने के साथ ही कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 9 हजार से अधिक हो गई है । इंदौर में आज 181 नए मरीज मिलने से संक्रमित लोगों की संख्या लगभग 11000 से अधिक हो गई है । वहीं उज्जैन जिले में आज 22 नए मामले सामने आए । ग्वालियर में 164, झाबुआ में 20, सागर में 27, दतिया में 33, मुरैना में 17, खंडवा में 14, निवाड़ी में 28, दमोह में 15 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं ।
विधानसभा सत्र
प्रदेश की 15वीं विधानसभा का सप्तम सत्र आगामी 21 सितंबर से प्रारंभ होगा जो 23 सितंबर तक चलेगा । विधानसभा सचिवालय ने इस आशय की अधिसूचना कल जारी कर दी है । तीन दिवसीय इस सत्र में महत्वपूर्ण शासकीय विधि विषयक एवं वित्तीय कार्य संपादित किए जाएंगे ।
गणेश चतुर्थी
कल से गणेश चतुर्थी का 11 दिवसीय उत्सव शुरू हो गया है । इस मौके पर प्रदेश के गणेश मंदिरों में प्रतिमाओं का विशेष श्रंगार किया गया है । राजधानी भोपाल में एक लाख से अधिक घरों में मूर्तियों की स्थापना की गई है । विसर्जन के लिए हर वार्ड और क्षेत्र में मूर्ति एकत्र करने के लिए केंद्र बनाए जाएंगे जहां से सभी मूर्तियों को लेकर धार्मिक प्रक्रिया के अनुसार विसर्जन किया जाएगा । छिंदवाड़ा में आपदा को अवसर में बदलते हुए युवाओं ने छिंदवाड़ा के महाराजा के नाम से रखे जाने वाले श्री गणेश को घर घर पहुंचा दिया है । गणराज वेलफेयर सोसाइटी अन्य संगठनों के साथ मिलकर 2200 इको फ्रेंडली गणेश प्रतिमाओं का वितरण कर रही है । प्रतिमाओं के साथ कोरोना से बचाव की किट भी दी जा रही है । संस्था के अमित राय का कहना है कि इस पहल को गिनीज बुक और लिम्का बुक में दर्ज कराने के लिए आवेदन किया गया है ।
वहीं जबलपुर में इस बार पर्यावरण अनुकूल कैल्शियम पाउडर से मूर्तियां बनाई जा रही हैं । प्रदूषण बोर्ड ने इन प्रतिमाओं को पर्यावरण के लिए सुरक्षित माना है । शासन के निर्देशानुसार कोरोना संक्रमण के कारण बड़ी गणेश प्रतिमाओं की स्थापना और सार्वजनिक आयोजन पर रोक लगी हुई है । भोपाल, इंदौर, उज्जैन, सीहोर, आगर मालवा, गुना, नीमच, उमरिया और शिवपुरी सहित अनेक जिलों में अपने घरों में ही लोग गणेश प्रतिमाओं की स्थापना कर उनका पूजन कर रहे हैं ।
आरोग्य सेतु एपीआई
आरोग्य सेतु एप ने व्यापार और अर्थव्यवस्था में सुरक्षित कामकाज शुरू करने में मदद के लिए नई ओपन एप्लीकेशन प्रोग्रामिंग इंटरफेस-एपीआई सेवा शुरू की है । इससे व्यापारिक संगठन अपने कर्मचारियों की स्वास्थ्य की जानकारी ले सकेंगे और घर से काम करने की विभिन्न तरीकों को जान सकेंगे । 50 से अधिक कर्मचारियों वाले संगठन और व्यावसायिक संस्थाएं इस सेवा का लाभ ले सकते हैं ।
अब कुछ समाचार संक्षेप में
1. अशोकनगर जिले के लाखेरी बसरती गांव में एक ही परिवार की तीन बच्चियों की संदिग्ध मौत के बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम जांच के लिए पहुंच गई है ।
2. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा है कि कोरोना वैक्सीन का परीक्षण चल रहा है और इस दिशा में काफी प्रगति हुई है । वे आज नरसिंहपुर के झोतेश्वर में पत्रकारों से बात कर रहे थे ।
3. छिंदवाड़ा से नागपुर रेलमार्ग पर भीमालगोंदी से भंडारकुंड तक रेल लाइन का आज सीआरएस निरीक्षण किया गया । इससे ट्रेन के जल्द शुरू होने की संभावना बढ़ गई है ।
4. सतना जिले में बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई ।
5. ग्वालियर में आज 5000 से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हो गए ।
6. केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो सीबीआई ने मुरैना में आज एक ऑयल कंपनी के संचालक के घर पर छापामार कार्यवाही की है ।
इस बुलेटिन में इतना ही घर पर रहिए सुरक्षित रहिए और पढ़ते रहिए प्रादेशिक समाचार नमस्कार ।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें