नमस्कार समाचारों के साथ में जितेंद्र रघुवंशी पहले मुख्य समाचार ।
1. उच्चतम न्यायालय ने लॉकडाउन के दौरान बकाया ऋण भुगतान पर ब्याज की छूट को लेकर केंद्र सरकार से मांगा जवाब ।
2.राजमार्गों पर फास्ट टैग अनिवार्य हुआ, डिजिटल भुगतान और सुगम यातायात को मिलेगा बढ़ावा ।
3. राज्य सरकार ने यूरिया और खाद्य सामग्री की कालाबाजारी और मिलावट करने के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए ।
4. शहडोल में मीनाक्षी तालाबों ने बदली आदिवासी किसानों की जिंदगी ।
सुको/ब्याज दर
उच्चतम न्यायालय ने केंद्र सरकार से राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन के दौरान बकाया ऋण भुगतान पर ब्याज की छूट पर अपनी स्थिति स्पष्ट करने को कहा है । लॉक डाउन के दौरान 6 महीने तक ऋणों के भुगतान पर ब्याज माफी की मांग करने वाली याचिका पर सुनवाई करते हुए शीर्ष अदालत ने कहा है कि इस मामले में रिजर्व बैंक के रवैए ने भ्रम की स्थिति बनाई है । न्यायालय ने कहा है कि केंद्र सरकार को केवल कारोबार के बारे में ही नहीं बल्कि लोगों की दुर्दशा के बारे में भी सोचना चाहिए । केंद्र सरकार का प्रतिनिधित्व करते हुए सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि एक नियामक के रूप में बैंक इस मामले में अपनी स्थिति स्पष्ट करेगा ।
कोरोना प्रदेश
प्रदेश में अब तक कोविड-19 से साढ़े बयालीस हजार से अधिक लोग स्वस्थ हो चुके हैं । आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार कुल मरीजों की संख्या 56 हजार हो गयी है । इस तरह सक्रिय प्रकरणों का आंकड़ा साढ़े 12 हजार के करीब पहुंच गया है । राजधानी भोपाल में आज 162 नए मरीज मिले हैं, जिससे संक्रमितों की संख्या बढ़कर 10 हजार के करीब पहुंच गई है । अशोक नगर में 208 लोगों की सैंपल रिपोर्ट में केवल एक ही व्यक्ति पॉजिटिव मिला है । हालांकि संक्रमितों का आंकड़ा 168 पर पहुंच गया है । देवास जिले में 13 नए मामले सामने आए हैं जिससे संक्रमितों की संख्या बढ़कर 634 हो गई है । जबकि जिले में 503 लोग स्वास्थ्य हो चुके हैं । श्योपुर जिले में आज कोरोना से चौथी मौत हुई है जिले में 448 कोरोना संक्रमित हुए हैं, जिसमें से 339 लोग ठीक होकर घर लौट चुके हैं । खंडवा में 3 नए संक्रमित मिले हैं जिससे संक्रमितों की संख्या अब 867 हो गई है । इनमें से लगभग 800 लोग स्वस्थ हो चुके हैं । वहीं इंदौर में 187 नए मामलों के साथ संक्रमितों की संख्या 3 हजार से अधिक हो गई है । धार में 56 नए मरीज मिलने से संक्रमितों की तादाद 772 हो गई है । उधर ग्वालियर में 102 नए मरीज मिले हैं । सागर में 34 लोगों में कोविड-19 के लक्षण पाए गए । झाबुआ के बाढ़कुंआ स्थित कोविड केअर सेंटर में एक महिला ने बच्चे को जन्म दिया । मुरैना में कोरोना संक्रमितों मरीजों की संख्या 2 हजार से ज्यादा हो गई है । टीकमगढ़ में 5 नए मरीज मिले हैं ।
फास्टैग
केंद्र सरकार ने पूरे देश के राजमार्गों पर टोल प्लाजा पर किसी भी छूट के लिए फास्टैग अनिवार्य कर दिया है । डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने और राष्ट्रीय राजमार्गों पर निर्वाध यात्रा सुनिश्चित करने के लिए यह फैसला किया गया है । सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने वैध फास्टैग वाले वाहनो को 24 घंटे के अंदर वापसी यात्रा करने पर छूट और अन्य रियायतें देने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग शुल्क नियम में संशोधन किया है । मंत्रालय ने बताया है कि इस संशोधन के बाद छूट स्वतः मिलेगी और 24 घंटे के अंदर वापसी यात्रा करने वाले वाहनों के लिए पूर्व जानकारी देना जरूरी नहीं होगा ।
एनटीए नीट
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने जेईई-मेंस और नीट परीक्षा के लिए केंद्रों की संख्या में वृद्धि कर दी है । एजेंसी ने कहा है कि कोविड-19 महामारी के कारण सामाजिक दूरी बनाए रखने की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए देश भर में परीक्षा केंद्रों की संख्या जेईई-मेंस के लिए 570 से बढ़ाकर 660 और नीट 2020 के लिए 2546 से बढ़ाकर 3843 कर दी गई है । इस साल करीब साढे 8 लाख परीक्षार्थियों ने जेईई-मेंस के लिए और लगभग 16 लाख ने नीट के लिए पंजीयन कराया है । एहतिहाती उपाय के तौर पर नीट परीक्षा में एक कक्ष में प्रतिभागियों की संख्या 24 से घटाकर 12 कर दी गई है ।
सीएम/कालाबाजारी
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि यूरिया और खाद्य सामग्री की कालाबाजारी और मिलावट कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी । श्री चौहान ने मंत्रालय में आयोजित बैठक में कहा कि किसानों और राशन उपभोक्ताओं के लिए संचालित योजनाओं में अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए कारगर कदम उठाए जाएं । उन्होंने दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराधियों पर मुकदमे दर्ज हों और उनके वाहन भी राजसात किए जाएं ।
मीनाक्षी तालाब
शहडोल जिले में महात्मा गांधी रोजगार गारंटी योजना के तहत बनाए गए मीनाक्षी तालाब से आदिवासी किसानों की जिंदगी बदल रही है । जिले में पांच हजार के करीब मीनाक्षी तालाब बनाए गए हैं । जिससे लगभग 6 हजार हेक्टेयर जमीन सिंचित हुई है ।
सीएम/श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जम्मू कश्मीर के बारामूला में शहीद हुए सैनिकों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए हैं । श्री चौहान ने ट्वीट के माध्यम से कहा कि मां भारती के वीर सपूतों ने देश की एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है । उन्होंने प्रदेश के राजगढ़ के जवान मनीष कारपेंटर को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि राज्य को उन पर गर्व है । श्री चौहान ने मनीष के परिवार को सम्मान स्वरूप एक करोड़ रुपये की सहायता राशि और परिवार के एक सदस्य को शासकीय नौकरी देने की घोषणा की है ।
अब कुछ समाचार संक्षेप में
1. महिला समानता दिवस के अवसर पर आज केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने महिला सशक्तिकरण करने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई ।
2. नार्दन कोलफील्ड लिमिटेड मुख्यालय सिंगरौली की ज्योत्सना महिला समिति ने आज सीईटीआई संस्कार केंद्र के बच्चों को रसद, मास्क, सैनिटाइजर और चप्पलों का वितरण किया ।
3. डॉ विकास दुबे ने आज मध्य प्रदेश साहित्य अकादमी के निदेशक का पदभार ग्रहण किया ।
4. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल स्थित मनुआभान टेकरी पर जल शोधन संयंत्र का लोकार्पण किया ।
5. प्रदेश में फसल बीमा योजना का लाभ अब 31 अगस्त तक मिलेगा ।
6. मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में उमरिया, कटनी, जबलपुर, पन्ना, दमोह, सागर, रीवा सहित 10 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है ।
इस बुलेटिन में इतना ही घर पर रहिए सुरक्षित रहिए और पढ़ते रहिए प्रादेशिक समाचार नमस्कार ।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें