19 नवंबर, 2020

मध्य प्रदेश समाचार | आज के समाचार | दिनांक 11.09.2020

Leave a Comment
भोपाल से प्रस्तुत हैं प्रादेशिक समाचार ।

नमस्कार समाचारों के साथ में जितेंद्र रघुवंशी पहले मुख्य समाचार ।

1. वायु सेना के बेड़े में शामिल हुए 5 रफाल लड़ाकू विमान।  रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा सेना की ताकत और क्षमता कई गुना बढ़ी। 
2. बाढ़ से हुए नुकसान के आकलन के लिए प्रदेश के दौरे पर पहुंचा केंद्रीय अध्ययन दल, आज लेंगे सीहोर की स्थिति का जायजा। 
3. प्रदेश में मरीजों की बढ़ती संख्या के बीच अब तक 60 हजार से ज्यादा लोग हुए स्वस्थ। 
4. विंध्या वैली के उत्पाद अब व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के साथ ही फ्लिपकार्ट और अमेजॉन पर भी उपलब्ध होंगे। 
5. भोपाल, उमरिया, नरसिंहपुर साहित कई जिलों में बारिश से बदला मौसम का मिजाज, लोगों को उमस से मिली राहत। 

रफाल विमान
         फ्रांस से खरीदे गए 36 रफाल लड़ाकू विमानों की पहली खेप के पांच विमान कल वायु सेना के गोल्डन एरो स्क्वायड में विधिवत रूप से शामिल हो गए। अंबाला स्थित वायु सेना स्टेशन पर एक समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और फ्रांसीसी रक्षा मंत्री फ्लोरेंस पार्ले की मौजूदगी में शामिल किया गया। रफाल विमानों ने भारत के स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस के साथ-साथ सुखोई विमानों के साथ तालमेल बिठाते हुए शक्ति तथा तालमेल और जौहर का प्रदर्शन भी किया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस अवसर पर कहा कि रफाल लड़ाकू विमान से वायु सेना की ताकत और क्षमता कई गुना बढ़ गई है। 

केंद्रीय दल दौरा
          प्रदेश में भारी बारिश और बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए केंद्रीय अध्ययन दल तीन दिवसीय दौरे पर है।  संयुक्त सचिव आशुतोष अग्निहोत्री के नेतृत्व वाली टीम में कृषि,वित्त, जल संसाधन, सड़क परिवहन और राजमार्ग और ग्रामीण विकास मंत्रालय के अधिकारी शामिल हैं। केंद्रीय अध्ययन दल आज से बाढ़ प्रभावित जिलों सीहोर, रायसेन, होशंगाबाद, हरदा और देवास का दौरा कर फसलों सहित अन्य नुकसान का आकलन करेगा। 

कोरोना प्रदेश
         प्रदेश में कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या 80 हजार से ज्यादा हो गई है जबकि अब तक कोविड-19 से 60 हजार से अधिक लोग स्वस्थ हो चुके हैं । देवास जिले में आज 21 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जिससे संक्रमितों की संख्या 877 हो गई है । शहडोल में कोरोना के 10 नए प्रकरण मिले हैं, जबकि 2 लोगों की मौत हुई है । सीहोर में आज 31 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है । खंडवा में तीन लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है । वहीं तीन लोगों को संक्रमण मुक्त होने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई । अशोक नगर में 9 नए मामलों के साथ संक्रमितों की संख्या 302 हो गई है । नीमच में आज 21 लोग स्वस्थ होकर घर लौटे । वही डिंडोरी में 14 और बैतूल में 51 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है ।

मत्स्य संपदा योजना
         प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना का डिजिटली उद्घाटन किया। उन्होंने ई-गोपाल ऐप की भी शुरुआत की, जिसका उद्देश्य मत्स्य पालन, मत्स्य बीज में व्यापक बेहतरी, संबंधित बाजार और सूचना पोर्टल की व्यवस्था करना है। इस ऐप को किसान सीधे तौर पर इस्तेमाल कर सकते हैं। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना देश के 21 राज्यों में शुरू की जा रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि अगले चार-पांच वर्ष में इन योजनाओं पर 20 हजार करोड रुपए से अधिक खर्च किए जाएंगे। 

फिल्म-कोरोना-रीवा
          रीवा पुलिस प्रशासन ने कोरोना को लेकर लोगों में जागरूकता लाने के उद्देश्य से स्थानीय कलाकारों द्वारा एक फिल्म तैयार कराई है। कोरोना काल की बहू नाम की इस फिल्म के बारे में बताते हुए आईजी चंचल शेखर ने कहा कि यह फिल्म लोगों को जागरूक करने में मददगार साबित होगी। 

विंध्यावैली के उत्पाद
           कुटीर एवं खादी-ग्रामोद्योग मंत्री गोपाल भार्गव ने कहा है कि "लोकल फोर वोकल" के अंतर्गत विंध्यावैली के उत्पाद बेस्ट प्राइस, डी-मार्ट, रिलायंस फ्रेश, प्रियदर्शनी जैसे मॉडर्न व्यवसायिक प्रतिष्ठानों पर भी उपलब्ध होंगे। साथ ही अमेजॉन, फ्लिपकार्ट के माध्यम से ऑनलाइन भी बिक्री की जाएगी। इसके लिए खादी और ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा मार्केटिंग की नई रणनीति तैयार की गई है। बोर्ड के प्रबंध संचालक गौतम सिंह ने बताया कि खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के उत्पादों को लोकप्रिय बनाने के लिए नई कार्य योजना तैयार की गई है।

एक भारत श्रेष्ठ भारत
          एक भारत श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम का उद्देश्य देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में रहने वाली विविध संस्कृतियों के लोगों के बीच सक्रियता बढ़ाना है, इसका उद्देश्य उनके बीच अधिक से अधिक पारस्परिक समझ को बढ़ावा देना भी है। एक भारत श्रेष्ठ भारत के तहत, मध्य प्रदेश को मणिपुर और नगालैंड के साथ जोड़ा गया है। इन राज्यों के बीच विभिन्न गतिविधियां हो रही हैं।

अटल प्रोग्रेस-वे
           मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि चंबल अटल प्रोग्रेस-वे बनने से क्षेत्र का विकास तेजी से होगा और बड़ी संख्या में उद्योग धंधे खुलेंगे, जिससे क्षेत्र के युवाओं को रोजगार मिलेगा। श्री चौहान कल मुरैना जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के दौरे पर थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री चौहान ने दिमनी में 88 करोड़ और अंबाह में 101 करोड रुपए से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। समारोह में केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया मौजूद थे।

शैक्षणिक सत्र
           प्रदेश में अगस्त महीने से शुरू हुए नए शैक्षणिक सत्र में शासकीय आईटीआई में अब तक 7000 से अधिक बच्चों को प्रवेश दिया गया है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार आईटीआई प्रवेश में द्वितीय चयन सूची जारी कर दी गई है, इसमें 13 सितंबर तक प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण कर ली जाएगी। वंचित आवेदक एमपी ऑनलाइन पोर्टल पर 25 से 28 सितंबर तक अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।

मौसम
         राजधानी भोपाल में आज दोपहर बाद बादल छाने से लोगों को उमस से राहत मिली, वहीं शाम होते ही यहां गरज चमक के साथ बौछारें पड़ी । उधर उमरिया में भी आज कई दिनों बाद तेज बारिश हुई । नरसिंहपुर जिले में भी कई स्थानों पर बारिश दर्ज की गई । मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने लगा है, जिसके चलते कल से प्रदेश के कई जिलों में बरसात का सिलसिला शुरू होने की संभावना है । मौसम विभाग ने बड़वानी, अलीराजपुर, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, रतलाम, उज्जैन, देवास, रीवा, सतना, सागर, दमोह जिलों में बारिश के आसार जताए हैं ।

अब कुछ समाचार संक्षेप में
1. 12 सितंबर को रायसेन जिले में कोविड-19 अवधि में पूर्ण किए गए साढे 3 हजार पीएम आवास में गृह प्रवेश होगा ।
2. खंडवा में कल होने वाले राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग की बैठक 17 सितंबर को होगी ।
3. शहडोल में पुलिस ने चार गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर, उनके पास से 60 किलो गांजा जप्त किया है ।
4. रेल मंत्रालय ने आमला से बैतूल चलने वाली शटल का इटारसी तक विस्तार करने का निर्णय लिया है ।

इस बुलेटिन में इतना ही घर पर रहिए सुरक्षित रहिए और पढ़ते रहिए प्रादेशिक समाचार नमस्कार ।
If You Enjoyed This, Take 5 Seconds To Share It

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें