नमस्कार समाचारों के साथ में जितेंद्र रघुवंशी पहले मुख्य समाचार ।
1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश के रेहडी पटरी विक्रेताओं से संवाद में कहा-आपके लिए भी शुरू होगी ऑनलाइन डिलीवरी की सुविधा।
2. लड़ाकू विमान रफाल आज औपचारिक रूप से भारतीय वायुसेना में शामिल होगा।
3. प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश के 2 लाख परिवारों को मिला अपना घर, गृह प्रवेश 12 सितंबर को।
4. 21 सितंबर से शुरू होंगे स्कूल, फिलहाल 9वीं से 12वीं तक के बच्चों को मिलेगी सशर्त इजाजत।
स्वनिधि-संवाद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्यप्रदेश के रेहड़ी पटरी विक्रेताओं के साथ वीडियो कांफ्रेंस के जरिए से 'स्वनिधि संवाद' किया। केंद्र सरकार ने कोविड-19 से प्रभावित गरीब रेहड़ी पटरी वालों को उनकी आजीविका फिर से शुरू करने में मदद के लिए पीएम स्वनिधि योजना शुरू की है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने इस योजना के हितग्राहियों से संवाद करते हुए उनके द्वारा किए गए फिर से अपनी आजीविका को पटरी पर लाने के प्रयासों की प्रशंसा की। प्रधानमंत्री ने 4.5 लाख से अधिक रेहड़ी पटरी विक्रेताओं की पहचान करने और महामारी के प्रभाव के बावजूद 2 महीने के भीतर एक लाख से अधिक हितग्राहियों को ऋण देने की प्रक्रिया को पूरा करने के लिए मध्यप्रदेश सरकार के प्रयासों की सराहना की।
श्री मोदी ने कहा कि यह एक ऐसी योजना है, जिसमें आपको ब्याज से पूरी तरह से मुक्ति भी मिल सकती है। इस योजना के तहत वैसे भी ब्याज में 7% तक की छूट दी जा रही है। लेकिन अगर आप कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखेंगे तो आपको यह भी नहीं देना पड़ेगा। प्रधानमंत्री ने बताया कि रेहड़ी पटरी विक्रेताओं के लिए ऑनलाइन डिलीवरी की सुविधा प्रदान करने पर भी विचार किया जा रहा है। श्री मोदी ने कहा कि रेहड़ी-पटरी या ठेला लगाने वाले भाई-बहनों के पास मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो,यह सुनिश्चित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्वनिधि योजना लागू करने के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कोई भूखा ना रहे, इसके लिए आपने 80 करोड़ गरीबों को निशुल्क राशन देने के लिए अभियान शुरू किया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के 4 लाख से अधिक रेहड़ी पटरी वालों को पहचान और प्रमाण पत्र जारी किए गए हैं। 1 लाख 40 हजार विक्रेताओं को 140 करोड रुपए की राशि स्वीकृत की जा चुकी है।
रफाल
लड़ाकू विमान रफाल को आज औपचारिक रूप से भारतीय वायुसेना में शामिल किया जाएगा। इस अवसर पर अंबाला में आयोजित कार्यक्रम में फ्रांस की रक्षा मंत्री फ्लोरेंस पारली और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी मौजूद रहेंगे। उल्लेखनीय कि फ्रांस में बनाए गए 5 लड़ाकू विमान 27 जुलाई को अंबाला पहुंचे थे।
गृह-प्रवेश
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश के 2 लाख परिवारों को आवास दिए जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 सितंबर को गृह प्रवेश कार्यक्रम के तहत इन आवासों में हितग्राहियों को प्रवेश करायेंगे। वीडियो कांफ्रेंस के जरिए होने वाले इस आयोजन में श्री मोदी हितग्राहियों से चर्चा भी करेंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल में आए अधिकारियों के साथ बैठक कर इस कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि हर परिवार के पास अपना घर हो। इस लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए राज्य में दो लाख आवास निर्मित किए गए हैं। इस योजना से उन्हें न सिर्फ आवास उपलब्ध होगा बल्कि वे सुरक्षा का अनुभव भी करेंगे। इससे बड़े पैमाने पर गरीब मजदूर के साथ-साथ प्रवासी श्रमिकों को भी आवास उपलब्ध होगा।
स्कूल-निर्देश
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कक्षा नौवीं से बारहवीं तक के स्कूल 21 सितंबर से स्वैच्छिक आधार पर, आंशिक रूप से खोलने के लिए मानक उपाय जारी कर दिए हैं। इन निर्देशों के तहत छात्रों के बीच कॉपी, पेन, पेंसिल, पानी की बोतलों आदि का आदान प्रदान करने की मनाही रहेगी। सभाओं और खेलों पर भी प्रतिबंध रहेगा, साथ ही कोविड के लक्षणों वाले व्यक्तियों और कंटेनमेंट क्षेत्र में से विद्यार्थियों व स्टाफ की स्कूल में आने पर मनाही होगी। छात्रों को स्कूल आने के लिए माता-पिता की लिखित अनुमति भी जरूरी होगी, दिशा-निर्देशों के अनुसार, स्कूलों में बैठने का इंतजाम इस तरह से होगा कि हर कुर्सी के बीच कम से कम 6 फुट की दूरी हो। 'शारीरिक दूरी' के नियम का सभी जगह पालन करना होगा। शिक्षकों और छात्रों को मास्क भी पहनने होंगे।
कोरोना प्रदेश
राज्य में कोरोना मरीजों की संख्या लगभग 78 हजार हो गई है इनमें सक्रिय मरीजों की संख्या लगभग 17 हजार है। वही 58 हजार से ज्यादा लोग स्वस्थ हो चुके हैं। भोपाल में आज 162 संक्रमित मिले हैं जबकि कल 180 मरीज स्वस्थ हुए हैं। देवास जिले में 7 नए मरीज मिलने के बाद अब तक संक्रमितों की संख्या 296 हो गई है। जबकि पन्ना में 8 नए मरीज मिले हैं। उन्हें मिलाकर मरीजों की संख्या 324 पर पहुंच गई है। छिंदवाड़ा में कल देर रात 2 बुजुर्गों की मौत हो गई। वही 29 पॉजिटिव मिले हैं।
उपचुनाव
प्रदेश में विधानसभा उपचुनावों के लिए राजनीतिक सक्रियता बढ़ रही है। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया 10 और 12 सितंबर को ग्वालियर चंबल क्षेत्र में 5 विधानसभा क्षेत्रों में सभाएं करेंगे। अधिकृत जानकारी के अनुसार तीनों नेता 10 सितंबर को मुरैना की दिमनी और अंबाह विधानसभा क्षेत्रों में 176 करोड रुपए की लागत के निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन करेंगे। इसके अलावा वे 12 सितंबर को मुरैना, सुमावली और जौरा विधानसभाओं में 390 करोड की लागत के कार्यों के लोकार्पण और भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे।
राशन-वितरण
प्रदेश में 16 सितंबर को पात्रता पर्ची के आधार पर खाद्यान्न वितरण की शुरुआत की जाएगी। इस दौरान प्रदेश की सभी 25 हजार राशन दुकानों पर प्रतीकात्मक रूप से खाद्यान्न वितरण किया जाएगा। इस कार्यक्रम से देश के लगभग 11 लाख परिवार लाभान्वित होंगे।
भाजपा-बैठक
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष की उपस्थिति में भोपाल में पार्टी की अलग-अलग बैठकें हुई। इन बैठकों में प्रदेश की 27 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव की तैयारियों की समीक्षा के साथ ही इन क्षेत्रों में चुनावी तैयारियां तेज करने की कार्य योजना को अंतिम रूप दिया गया। इन बैठको में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा के अलावा विधानसभा उपचुनाव के प्रभारियों, पार्टी के जिला अध्यक्षो, चुनाव संचालन समिति के सदस्यों और विस्तारको ने भी भाग लिया।
मौसम
राजधानी भोपाल सहित कुछ जिलों में हल्की बारिश हुई। जबकि शिवपुरी में 1 घंटे की बारिश से निचली बस्तियों में पानी भर गया। मौसम विभाग ने जबलपुर, शहडोल, रीवा, सागर, भोपाल, होशंगाबाद, उज्जैन, ग्वालियर, चंबल और इंदौर संभाग में कहीं-कहीं बारिश का अनुमान जताया है।
अब कुछ समाचार संक्षेप में
1. मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय खंडपीठ ने स्थानीय ऑटो रिक्शा चालकों को नए परमिट जारी न करने के आदेश दिए हैं
2. डिंडोरी जिले में महिलाओं और बच्चों के पोषण स्तर में सुधार के लिए राज्य पोषण माह मनाया जा रहा है। इसके तहत महिलाओं को किचन गार्डन को बढ़ावा देने के लिए हरी सब्जियां लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
3. गुना जिले में विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं के निराकरण के लिए शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
4. इंदौर से हावड़ा के बीच शिप्रा एक्सप्रेस विशेष ट्रेन 14 सितंबर से चलाने का निर्णय लिया गया है। भोपाल स्टेशन की बजाए संत हिरदाराम नगर में इसका हॉल्ट रहेगा।
5. भोपाल जिला कलेक्टर अविनाश लावनिया ने सीरो सर्वे में नियुक्त अधिकारियों और कर्मचारियों को अभियान के दौरान अनुपस्थित रहने पर कड़ी कार्यवाही की चेतावनी दी है।
इस बुलेटिन में इतना ही घर पर रहिए सुरक्षित रहिए और पढ़ते रहिए प्रादेशिक समाचार नमस्कार ।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें