09 सितंबर, 2020

मध्य प्रदेश समाचार | आज के समाचार | दिनांक 09.09.2020

Leave a Comment

भोपाल से प्रस्तुत हैं प्रादेशिक समाचार ।

नमस्कार समाचारों के साथ में जितेंद्र रघुवंशी पहले मुख्य समाचार ।

1. प्रधानमंत्री कल प्रदेश के रेहडी पटरी वालों से करेंगे संवाद एक लाख पथ विक्रेताओं के खातों में जमा करेंगे 10-10 हजार रुपए। 

2. प्रदेश में अब कोविड-19 के सभी टेस्ट पूरी तरह नि:शुल्क।

3. राज्य में करीब 57 हजार लोगों ने दी कोरोना को मात, सक्रिय मामलों की संख्या 17 हजार तक पहुंची।


स्वनिधि संवाद

           प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज प्रदेश के रेहड़ी पटरी वालों के साथ स्वनिधि संवाद के तहत बातचीत करेंगे। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री प्रदेश के एक लाख पद विक्रेताओं के खातों में 10-10 हजार की राशि वितरित करेंगे। इस स्वनिधि संवाद में प्रदेश के 378 नगरीय निकायों में सार्वजनिक स्थान पर पीएम स्वनिधि के लाभार्थियों के लिए एलईडी स्क्रीन पर कार्यक्रम का प्रसारण देखने की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम का बेब कास्ट के माध्यम से प्रसारण किया जा रहा है, जिसके लिए माय जीओवी के लिंक पीएम इवेंट्स डॉट एमसीओजी डॉट जीओवी इन पर पंजीयन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से कार्यक्रम में भाग लेंगे। प्रधानमंत्री प्रदेश के उज्जैन, ग्वालियर, रायसेन, मुरैना, दतिया जिले के लाभार्थियों से उनके कार्यस्थल से वर्चुअल संवाद करेंगे।


कैबिनेट-बैठक

          प्रदेश में कोविड-19 के सभी टेस्ट पूरी तरह नि:शुल्क और फीवर क्लीनिक पर होंगे। यह फैसला राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया। बैठक के संबंध में जानकारी देते हुए गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि जरूरत पड़ने पर फीवर क्लीनिक की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।

    प्रदेश में दीनदयाल रसोई योजना के 44 और नए केंद्र बनाए जाएंगे। अभी यह योजना 56 केंद्रों में चल रही है। इस प्रकार अब कुल 100 केंद्रों पर ₹10 में पौष्टिक और भरपेट भोजन दिया जाएगा। आत्मनिर्भर भारत योजना के अंतर्गत प्रवासी मजदूरों को किराए पर मकान दिए जाएंगे। बैठक में बताया गया कि 12 सितंबर को आवास योजना के अंतर्गत प्रधानमंत्री लोगों को गृह प्रवेश कराएंगे। बैठक में कई और अन्य फैसले लिए गए।


बीमा-राशि

        मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आगामी 18 सितंबर को प्रदेश के 21 लाख किसानों को वनक्लिक से 4 हजार 600 करोड रुपए की बीमा राशि उनके खातों में अंतरित करेंगे। खरीफ़ 2019 के लिए यह राशि किसानों के खाते में अंतरित की जाएगी। पूर्व में यह कार्यक्रम 8 सितंबर को होना प्रस्तावित था।


साक्षरता दिवस

           इस वर्ष साक्षरता दिवस की थीम है कोविड-19 महामारी के दौरान साक्षरता, शिक्षा और पठन-पाठन पर विशेष जोर। केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा है कि भारत साक्षरता मिशन की पढ़ना-लिखना के तहत वर्ष 2030 तक पूरी तरह साक्षर देश बन जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों विशेषकर महिलाओं को सशक्त बनाने और जीवन स्तर में सुधार लाने में साक्षरता की बहुत बड़ी भूमिका है। उन्होंने कहा कि जिन जिलों में महिला साक्षरता 60% से कम है। वहां अधिक ध्यान दिया जाएगा और मनरेगा, कौशल विकास कार्यक्रमों, सूचना प्रौद्योगिकी और खेल जैसे कार्यक्रमों से साक्षरता को जोड़ा जाएगा।


सीएम बैठक

        मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश में कोविड-19 की स्थिति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि अन्य स्थानों से रोगी भोपाल और अन्य बड़े नगरों में उपचार के लिए आ रहे हैं। यह रोगी अपना उपचार जिला स्तर पर ही करवा सकते हैं। प्रत्येक जिले में उपचार उपलब्ध है। श्री चौहान ने कहा कि आम लोगों द्वारा मास्क के उपयोग की अनिवार्यता भी सुनिश्चित हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि नगरीय प्रशासन और पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग प्रचार कर लोगों में जागरूकता बढ़ाएं।


कोरोना प्रदेश

          प्रदेश में कोविड-19 के बढ़ते प्रकरणों के बीच अब तक करीब 57 हजार लोग पूरी तरह स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं जबकि सक्रिय प्रकरणों की संख्या करीब 17 हजार है।  राजधानी भोपाल में कोरोना के 242 नए संक्रमित मिले हैं इन्हें मिलाकर कुल मरीज 12000 से अधिक हो गए हैं।  9900 से अधिक लोग स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं।  इंदौर में 295 नए मामले सामने आए हैं।  कुल मिलाकर 15165 है।  छिंदवाड़ा जिले में आज 25 कोरोना के नए मरीज मिले हैं।  शहडोल में 6 नए मरीज मिलने के बाद संक्रमितों की संख्या बढ़कर 752 हो गई है।  खंडवा जिले में 20, अशोक नगर में 16, सीहोर में 20 नए मरीज मिले हैं।  देवास जिले में आज 38 कोरोना मरीज स्वस्थ होकर घर लौटे।  उमरिया में 3 लोगों ने कोरोना को मात दी।  वही नीमच जिले में 5 लोग स्वस्थ हुए हैं। 


हुनर हाट

        केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा है कि कोरोनावायरस की चुनौतियों के चलते लगभग 6 महीने के बाद 'लोकल से ग्लोबल' थीम के साथ 9 अक्टूबर से पुनः शुरू हो रहे हो 'हुनर हाट' में इस बार स्वदेशी खिलौनों का जलवा रहेगा। 'हुनर हाट' प्रयागराज में 9 से 18 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। आने वाले दिनों में 'हुनर हाट' का आयोजन इंदौर में 21 से 29 नवंबर तक होगा। उन्होंने बताया कि इस बार के 'हुनर हाट' का डिजिटल और ऑनलाइन प्रदर्शन भी होगा। साथ ही लोगों को 'हुनर हाट' में प्रदर्शित सामान को ऑनलाइन खरीदने की भी सुविधा दी जा रही है।


मौसम

अरब सागर से आ रही नमी और धूप के प्रभाव से राज्य में अगले 24 घंटों के दौरान जबलपुर, शहडोल, रीवा, सागर, भोपाल, होशंगाबाद, उज्जैन, ग्वालियर, चंबल और इंदौर संभागों में कहीं-कहीं बारिश का अनुमान है।  प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान जबलपुर, रीवा, सागर, शहडोल, उज्जैन, होशंगाबाद और इंदौर संभागों में कहीं-कहीं बारिश दर्ज की गई।  सबसे अधिक 7 सेंटीमीटर बारिश पवई में दर्ज की गई। 


अब कुछ समाचार संक्षेप में

1. शहडोल जिले में वनाधिकार के 589 निरस्त दावे समीक्षा के बाद मान्य किए गए। 

2. गुना जिले में आत्मा योजना के अंतर्गत वर्ष 2019-20 के सर्वोत्तम कृषक समूह पुरस्कार हेतु आवेदन 20 सितंबर तक लिए जाएंगे। 

3. उमरिया जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत 20 विक्रेताओं पर अर्थदंड लगाया गया। 

4. खरगोन जिले में कोरोना महामारी के बचाव और रोकथाम के लिए आज से 1 माह तक जिले की सभी ग्राम पंचायतों में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। 

5. सागर जिले में निगमायुक्त ने बैंक पहुंचकर पीएम स्वनिधि के हितग्राहियों को रोजगार स्थापित करने हेतु ऋण प्रकरणों की जानकारी ली।  2677 हितग्राहियों के ऋण प्रकरण स्वीकृत हुए। 

6. प्रधानमंत्री स्व निधि स्ट्रीट वेंडर योजना के अंतर्गत नीमच जिले के 1512 हितग्राहियों को एक करोड़ 51 लाख 20 हजार रुपए से अधिक की राशि स्वीकृत की गई।


इस बुलेटिन में इतना ही घर पर रहिए सुरक्षित रहिए और पढ़ते रहिए प्रादेशिक समाचार नमस्कार ।

If You Enjoyed This, Take 5 Seconds To Share It

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें