08 सितंबर, 2020

मध्य प्रदेश समाचार | आज के समाचार | दिनांक 08.09.2020

Leave a Comment
भोपाल से प्रस्तुत हैं प्रादेशिक समाचार ।

नमस्कार समाचारों के साथ में जितेंद्र रघुवंशी पहले मुख्य समाचार ।

1. राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा-नई शिक्षा नीति प्राथमिक विद्यालय स्तर पर बच्चों को मूलभूत साक्षरता प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी ।
2. राज्य सरकार ने प्रॉपर्टी में खरीदी और बिक्री पर स्टांप ड्यूटी पर सेस 2% घटाया। 
3. प्रदेश में अब गौण खनिज खदानों के लीजधारकों को 75% रोजगार राज्य के निवासियों को देना होगा। 
4. प्रदेश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 75 हजार के करीब हुई, जबकि 56 हजार मरीज अब तक हुए ठीक। 

शिक्षा नीति
          राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा है कि नई शिक्षा नीति वर्ष 2025 तक प्राथमिक विद्यालय स्तर पर सभी बच्चों को मूलभूत साक्षरता प्रदान करने को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है।  श्री कोविंद ने आज नई दिल्ली में नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर राज्यपालों के सम्मेलन को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि इस नीति को तैयार करने में देश के 675 जिलों के लोगों से मिले सुझाव का इस्तेमाल किया गया है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक शिक्षा संस्थानों को मजबूत करना अत्यंत महत्वपूर्ण है।  इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई शिक्षा नीति की सराहना करते हुए कहा है कि यह सभी पुरानी शिक्षा नीतियों का बेहतर विकल्प होगी।  उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति भारतीय युवाओं को नई चुनौतीयों का सामना करने के लिए तैयार करेगी और रोजगार और नौकरियों के नए अवसर भी पैदा करेगी।  प्रधानमंत्री ने इस कार्यक्रम का शुभारंभ भी किया।  "उच्च शिक्षा में परिवर्तन लाने में नई शिक्षा नीति 2020 की भूमिका" शीर्षक से आयोजित इस सम्मेलन का आयोजन केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने किया।  नई शिक्षा नीति 1986 की शिक्षा नीति के 34 वर्षों के बाद आई है।  इस सम्मेलन में राज्यों के शिक्षा मंत्री, राज्य विश्वविद्यालयों के कुलपति और अन्य वरिष्ठ अधिकारीयों ने भाग लिया। 

हाइपरसोनिक टेक्नोलॉजी
            भारत ने आज हाइपरसोनिक टेक्नोलॉजी डेमोंस्ट्रेटर व्हीकल का सफल परीक्षण किया।  यह स्वदेशी रक्षा प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।  इस सफल परीक्षण के साथ ही रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन ने अत्यधिक जटिल प्रौद्योगिकी क्षमता का प्रदर्शन किया है जो अगली पीढ़ी के हाइपरसोनिक व्हीकल के निर्माण में मददगार साबित होगी।  रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस तकनीक के सफल परीक्षण के लिए रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन को बधाई दी है।  इस व्हीकल में स्वदेश में विकसित स्क्रैमजेट प्रोपल्शन प्रणाली का उपयोग किया गया है। रक्षामंत्री ने कहा कि यह ऐतिहासिक उपलब्धि प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। 

पोषण अभियान
         प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में कुपोषण को समाप्त करने से संबंधित जागरूकता पैदा करने के लिए सभी की भागीदारी के लिए समन्वित प्रयासों की आवश्यकता बताई है। उन्होंने कहा कि इससे नारी शक्ति और युवा शक्ति को बल मिलेगा।  प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट में कहा कि समृद्ध राष्ट्र के निर्माण के लिए समुचित पोषण बहुत महत्वपूर्ण है। वही उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने बच्चों में पोषण का स्तर बढ़ाने के लिए नाश्ते या दोपहर के भोजन में उन्हें दूध देने का सुझाव दिया है। उपराष्ट्रपति ने केंद्रीय महिला और बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी के साथ बातचीत में यह सुझाव दिया। उधर, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि सरकार अतिकुपोषित बच्चों के समग्र पोषण के लिए देशभर में सघन अभियान चलाएगी।  उन्होंने ट्वीट के जरिए कहा कि बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं के पर्याप्त पोषण की व्यवस्था हमेशा सरकार की प्राथमिकता रही है। शाह ने कहा कि पोषण अभियान एक बड़ा कार्यक्रम है जिसके द्वारा देश से कुपोषण को समाप्त किया जा सकता है। 

सीएम-स्टाम्प
         राज्य सरकार ने प्रॉपर्टी की खरीदी-बिक्री पर स्टाम्प ड्यूटी पर 3% के स्थान पर 1% सेस लेने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल में यह जानकारी देते हुए बताया कि कोविड-19 की वजह से व्यापक पैमाने पर आर्थिक गतिविधियां प्रभावित हुई हैं। रियल एस्टेट सेक्टर पर भी इसका प्रभाव पड़ा है जिसके कारण प्रॉपर्टी खरीदने, बेचने के इच्छुक नागरिक भी विपरीत स्थितियों का सामना कर रहे हैं।

पितृपक्ष
          पितृपक्ष में पन्ना में भी तर्पण का धार्मिक अनुष्ठान हो रहे हैं। पन्ना की झीलनुमा तालाब धरम सागर में शहर भर के लोग शामिल होते हैं और विधि विधान से अपने पूर्वजों को तर्पण करते हैं। पन्ना का जुगल किशोर मंदिर बुंदेलखंड का एकमात्र ऐसा मंदिर है जहां भगवान भी तर्पण करते हैं।

खनिज
          मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि गौण खनिज खदानों के लीज धारकों को 75% रोजगार प्रदेश के मूल निवासियों को देना होगा। आधिकारिक जानकारी के अनुसार श्री चौहान ने भोपाल में गौण खनिज नियम तथा जिला खनिज प्रतिष्ठान नियम में प्रस्तावित संशोधनों पर विचार-विमर्श कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस संबंध में दागी अधिकारियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, ऐसे अधिकारियों को तत्काल सेवा से अलग किया जाए। उन्होंने कहा कि खनिज से संबंधित समस्त प्रक्रिया को पारदर्शी बनाते हुए ऑनलाइन व्यवस्था मजबूत की जाए। प्रदेश में उपलब्ध मुख्य खनिज तथा गौण खनिज रॉयल्टी का बड़ा स्त्रोत हैं।

कोरोना प्रदेश
          प्रदेश में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 75 हजार के करीब हो गई है जबकि लगभग 56 हजार मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।  वही भोपाल में आज 234 नए मरीज मिले हैं जिससे जिले में संक्रमितों की कुल संख्या 12,000 से अधिक हो गई है। इंदौर में 289 नए मरीज मिलने के साथ ही यहां संक्रमितों की कुल संख्या 15 हजार के करीब हो गई है।  इंदौर में जहां अब तक 10129 लोग स्वस्थ हो चुके हैं वही भोपाल में स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या 9661 है। वही जबलपुर में नेताजी सुभाष चंद्र बोस अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में कोरोना संक्रमित लोगों को उनके परिवार से मिलाने की व्यवस्था की गई।  इसके अलावा देवास में 16, शाजापुर जिले में 21, मंदसौर में 67, अशोकनगर में पांच, खरगोन में 70 और शिवपुर में पांच नए मरीज मिले हैं।  वही सीहोर में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 804 हो गई है।  उज्जैन में 31 नए मामले सामने आए हैं।  धार में 35, सागर में 33, रायसेन में 30, पन्ना में 9, डिंडोरी में 3 और ग्वालियर में 188 नए संक्रमित मिले हैं।  इन जगहों पर बड़ी संख्या में लोग स्वस्थ भी हो रहे हैं।

गृहमंत्री
          गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए पूर्ण सावधानी बरतने का फिर से अनुरोध करते हुए कहा कि सावधानी ही कोरोना का इलाज है। श्री मिश्रा ने भोपाल में पत्रकारों से चर्चा के दौरान राज्य में कोरोना के मामले लगातार बढ़ने के संबंध में जवाब देते हुए कहा कि वैश्विक परिप्रेक्ष्य में ही देखे, तो कोरोना के मामले सावधानी घटने से ही बढ़ रहे हैं। सरकार तो अपनी तरफ से पूरा प्रयास कर रही है। निशुल्क चिकित्सा, दवाएं, ऑक्सीजन, वेंटिलेटर और अन्य सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं।

अब कुछ समाचार संक्षेप में
1. राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने देशभर के होटल प्रबंध संस्थानों में प्रवेश के लिए आयोजित परीक्षा का रिजल्ट आज घोषित कर दिया।  यह परीक्षा 29 अगस्त को हुई थी। 
2. इंदौर की अदालत ने हनी ट्रैप मामले में जांच कर रहे पलासिया थाना प्रभारी को सबूतों के साथ 15 सितंबर तक उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। 
3. दमोह के पथरिया विधायक ने आज मुख्यमंत्री से मुलाकात कर जिले के किसानों की फसलों के नुकसान की भरपाई करने कि शीघ्र मांग की। 
4. आगर मालवा जिले में प्रधानमंत्री स्व-निधि योजना के तहत 560 फुटपाथ विक्रेताओं को राशि वितरित की गई। 
5. मुरैना जिला मुख्यालय में परिवहन मित्र योजना की शुरुआत हुई।  योजना के तहत पहले आओ पहले पाओ सिद्धांत पर कार्य किए जाएंगे। 
6. डिंडोरी पुलिस ने ग्राम किसलपुरी में जागरूकता अभियान चलाया।  जिसमें चिटफंड कंपनियों जैसी धोखाधड़ी करने वाली कंपनियों से बचाव और सतर्क रहने की समझाइश दी गई।

इस बुलेटिन में इतना ही घर पर रहिए सुरक्षित रहिए और पढ़ते रहिए प्रादेशिक समाचार नमस्कार ।
If You Enjoyed This, Take 5 Seconds To Share It

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें