भोपाल से प्रस्तुत हैं प्रादेशिक समाचार.......
पहले मुख्य समाचार........
मुख्य समाचार :-
1.प्रधानमंत्री ने भारत टेक्स-2025 में लिया हिस्सा। कहा- देश की सांस्कृतिक विविधता यहां के वस्त्रों में झलकती है।
2.राज्यपाल मंगुभाई पटेल दो दिवसीय दौरे पर श्योपुर पहुंचे। पीएम जनमन योजना के लाभार्थियों से किया संवाद।
3.नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ के लिये उच्च स्तरीय समिति की जांच शुरू।
और.....
4.मध्यप्रदेश लोकसेवा आयोग की प्रारंभिक परीक्षा का प्रदेश के 352 केन्द्रां पर हुआ आयोजन।
समाचार विस्तार सेः-
पीएम वस्त्र उद्योग - भारत टेक्स 2025
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में भारत टेक्स 2025 का शुभारंभ किया। श्री मोदी ने इस अवसर पर कहा कि फार्म, फाइबर, फैब्रिक, फैशन और फॉरेन का विजन एक मिशन बन गया है और यह भारत के विकास के विभिन्न क्षेत्रों का विस्तार कर रहा है। प्रधानमंत्री ने प्रदर्शनी स्थल का भी दौरा किया और प्रदर्शकों से बातचीत की। भारत टेक्स 2025, एक प्रमुख वैश्विक कार्यक्रम है, इसका आयोजन 14 से 17 फरवरी तक आयोजित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत आज छठा सबसे बड़ा कपड़ा और परिधान निर्यातक देश है। उन्होंने कहा कि कपड़ा क्षेत्र में भारत का निर्यात वर्तमान में तीन लाख करोड़ रुपये है और इसे 2030 तक इसे नौ लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत की सांस्कृतिक विविधता देश के विभिन्न भागों में बनने वाले वस्त्रों में झलकती है
राष्ट्रपति आदि महोत्सव
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज नई दिल्ली में आदि महोत्सव 2025 का उद्घाटन किया। इस अवसर पर राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि देश में जनजातीय लोगों की परंपराएं और जीवन शैली देश की संस्कृति को समृद्ध करती है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष के बजट में आदिवासी कल्याण के लिए आवंटन राशि में तीन गुना वृद्धि की गई है। आदिवासी समाज का उत्थान होगा तभी देश विकसित होगा।
आदि महोत्सव का उद्देश्य भारत के आदिवासी समुदायों की जीवंत संस्कृति, विरासत और आर्थिक क्षमता का उत्सव मनाना और उसे प्रदर्शित करना है। इस महोत्सव में छह सौ से अधिक आदिवासी कारीगर, शिल्पकार और पांच सौ कलाकार भाग ले रहे हैं। महोत्सव में विभिनन राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों के पच्चीस आदिवासी खाद्य स्टाल लगाए गये हैं जो वहां की खाद्य परम्पराओं को प्रदर्शित कर रहे हैं।
राज्यपाल दौरा
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने आज श्योपुर के आदिवासी विकासखण्ड कराहल के ग्राम पनवाडा में पीएम जनमन योजना के लाभार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा अनुसूचित जनजाति के उत्थान तथा उनकी बुनियादी सुविधाओं में ओर अधिक बढोत्तरी के लिए 24 हजार करोड रूपये की पीएम जनमन योजना शुरू की है।
राज्यपाल ने सहरिया महिला लघु वनोपज प्रोड्यूसर कंपनी वन विभाग अंतर्गत पीएम वनधन केन्द्र कराहल द्वारा जडी बुटियों के संग्रहण कार्य पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया गया। राज्यपाल ने पीएम आवास योजना अंतर्गत 5 हितग्राहियों को आवास की चाबी भेंटकर गृह प्रवेश कराया।
राज्यपाल श्री पटेल कल ग्वालियर जिले के ग्राम छीमक में मुख्यमंत्री दुधारू पशु प्रदाय योजना के तहत हितग्राहियों को पशु आहार वितरित करेंगे और ग्राम चैत में पीएम जनमन आवासों का अवलोकन करेंगे।
लॉजिस्टिक्स पॉलिसी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और जीआईएस में जुट रहे निवेशकों को आकर्षित करने राज्य सरकार ने मध्यप्रदेश लॉजिस्टिक्स पॉलिसी-2025 जारी की है। पॉलिसी के नवाचारों से लॉजिस्टिक्स लागत में कमी लाकर आपूर्ति दक्षता को बेहतर बनाएगी। उन्होंने कहा कि पॉलिसी का उद्देश्य प्रदेश में दक्ष, विश्वसनीय और रणनीतिक रूप से स्थाई विश्व स्तरीय लॉजिस्टिक इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास करना है, जिससे वर्ष 2030 तक लॉजिस्टिक लागत को वैश्विक मानकों के अनुरूप कम किया जा सके। इससे प्रदेश घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय व्यवसायों के लिए आकर्षक स्थल बन सकेगा।
दिल्ली-रेलवे भगदड़
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ की जांच उच्चस्तरीय समिति ने शुरू कर दी है। उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि इस भगदड़ में 18 लोगों की मौत हुई है और 13 लोग घायल हैं। घायलों को नई दिल्ली के लोक नारायण जयप्रकाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के हेल्पलाइन नम्बर 9873-6170-28 और 011-2350-1207 हैं।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कहा कि हादसे के शिकार पीड़ितों के लिए रेल मंत्रालय ने मुआवजे की घोषणा की है। जिसके अनुसार मृतकों के परिजनों को दस-दस लाख, गंभीर रूप से घायल लोगों को ढाई-ढाई लाख और मामूली रूप से घायल यात्रियों को एक लाख रूपये का मुआवजा दिया गया है।
लोघा समाज-मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि भगवान श्रीराम की परंपरा से जुड़ने वाले लोधा समाज ने अपने संस्कारों, परिश्रम और पराक्रम से प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी की पहल पर ही देश में पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा प्राप्त हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सामाजिक भवन के लिए 25 लाख रुपए देने की घोषणा की तथा कहा कि राज्य सरकार सामाजिक गतिविधयों के लिए हर संभव सहयोग देने के लिए तत्पर है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को लोधा समाज के समाजिक भवन के भूमि-पूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
भूमि पूजन- मंत्री राकेश सिंह
लोक निर्माण विभाग मंत्री राकेश सिंह ने आज हाटपिपल्या विधानसभा क्षेत्र के लगभग 14 करोड़ 50 लाख रुपये के निर्माण कार्यों का भूमि पूजन एवं लोकार्पण ग्राम पंचायत केलोद में आयोजित कार्यक्रम में किया। लोक निर्माण विभाग मंत्री श्री सिंह ने कहा कि सड़क केवल आवागमन का साधन नहीं बल्कि जनता की समृद्धि का द्वार होता है। उन्होंने हाटपिपल्या विधायक श्री मनोज चौधरी की मांग पर देवास से डबल चौकी तक 83 करोड़ की लागत से 32 किलोमीटर लम्बाई की सड़क बनाने की घोषणा भी की।
पीएससी परीक्षा
मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग की राज्य सेवा एवं वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2025 आज 18 विभागों के 158 प्रशासनिक पदों पर भर्ती के लिए प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में निर्धारित परीक्षा केन्द्रों पर दो सत्रों में आयोजित हुई। प्रारंभिक परीक्षा के लिए आयोग को एक लाख 18 हजार आवेदन मिले। इनके लिए 52 जिलों में 342 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा में गड़बड़ी रोकने के लिए आयोग ने इस बार रिटायर्ड पुलिस व प्रशासनिक अफसरों को ऑब्जर्वर बनाया था।
शिवपुरी में चार केंद्रों पर यह परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न हो गई। परीक्षा के लिए डिप्टी कलेक्टर विजेंद्र यादव को नोडल अधिकारी बनाया गया था। यहां 1264 परीक्षार्थी ने परीक्षा दी। जबलपुर में कुल 7 हजार 610 अभ्यर्थी शामिल हुए। परीक्षा दो सत्रों में आयोजित की गई। शहर में 23 परीक्षा केंद्र बनाए गए। धार में राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन सात केंद्रों पर किया गया। इसमें कुल 1583 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। गुना जिला मुख्यालय के 05 परीक्षा केन्द्रों पर 1411 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।
महाकुंभ
महाकुंभ के दौरान आने जाने वाले दर्शनार्थियों के लिए मैहर जिले में बनाए गए अस्थाई कैंप खेरवासानी एवं झुकेही का आज जिला कलेक्टर रानी बाटड़ ने निरीक्षण किया। इस दौरान यात्रियों के खाने पीने एवं विश्राम संबंधित व्यवस्था का जायजा लिया। इसी तरह सतना में रीवा कमिश्नर बी एस जामोद ने सतना रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर यात्रियों की सुरक्षा और सुरक्षित आवागमन के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
कुछ समाचार संक्षेप में
• धार में केंद्रीय बजट पर पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। इसमें राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार ने कहा कि इस बजट में विकसित भारत के साथ आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना की गई है।
• जिला शिक्षा केंद्र नर्मदापुरम के नवाचार सीटी बजाओ बच्चे बुलाओ को कल दिल्ली के हैवीवेट सेंटर में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्कॉच अवार्ड से सम्मानित किया गया।
• सागर जिले में पिछले दस दिनों में जिले के 50 हजार से अधिक किसान फार्मर रजिस्ट्री करा चुके हैं। समर्थन मूल्य पर फसल उपार्जन के लिये पंजीयन और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिये भविष्य में फार्मर रजिस्ट्री की आवश्यकता को देखते हुये अब किसान खुद इस कार्य मे रुचि ले रहे हैं।
खण्डवा जिले में किसानों को उच्च गुणवत्ता की सामग्री उपलब्ध हो सके इसलिए कृषि विभाग द्वारा उर्वरक, बीज, कीटनाशक के नमूने लिए जाकर विश्लेषण हेतु प्रदेश की विभिन्न प्रयोगशालाओं को भेजे गए।
• रायसेन जिले के युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए कल जिला स्तरीय युवा संगम मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह युवा संगम मेला ग्रेफाईट हॉयर सेकेण्डरी स्कूल, मंडीदीप में सुबह 11 बजे से आयोजित होगा।
• सीहोर जिले में आज उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मकता परीक्षा का आयोजन किया गया। इस परीक्षा में सीहोर जिले में 24,160 नवसाक्षर इस परीक्षा में शामिल हुये।
अंत मे मुख्य समाचार एक बार फिर.....
1.प्रधानमंत्री ने भारत टेक्स-2025 में लिया हिस्सा। कहा- देश की सांस्कृतिक विविधता यहां के वस्त्रों में झलकती है।
2.राज्यपाल मंगुभाई पटेल दो दिवसीय दौरे पर श्योपुर पहुंचे। पीएम जनमन योजना के लाभार्थियों से किया संवाद।
3.नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ के लिये उच्च स्तरीय समिति की जांच शुरू।
और.....
4.मध्यप्रदेश लोकसेवा आयोग की प्रारंभिक परीक्षा का प्रदेश के 352 केन्द्रां पर हुआ आयोजन।
आज के इस बुलेटिन में बस इतना ही....... नमस्कार

0 comments:
एक टिप्पणी भेजें