15 फ़रवरी, 2025

मध्य प्रदेश समाचार | आज के समाचार | दिनांक 15.02.2025

Leave a Comment


भोपाल से प्रस्तुत हैं प्रादेशिक समाचार ।

नमस्कार समाचारों के साथ में जितेंद्र रघुवंशी पहले मुख्य समाचार  :-

1. उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ आज भोपाल के दौरे पर, राष्ट्रीय न्यायिक अकादमी के कार्यक्रम में हुए शामिल ।

2. पुलवामा के शहीदों को देश ने दी श्रद्धांजलि, प्रधानमंत्री ने कहा राष्ट्र शहीदों के बलिदानों को नहीं भूलेगा।

3. राष्ट्रीय खेल का हुआ समापन, प्रदेश को मिले 82 पद।

और.....

4. प्रयागराज महाकुंभ मेले में डाक विभाग दे रहा है अनूठी सेवाएं।

उपराष्ट्रपति

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ आज भोपाल के दौरे पर हैं। उपराष्ट्रपति ने राष्ट्रीय न्यायिक अकादमी में आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। अकादमी में उन्होंने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण किया। इस अवसर उपराष्ट्रपति ने कहा कि भारत का लोकतंत्र दुनिया प्राचीनतम लोकतंत्र है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अवरोध की जगह नहीं है। कार्यक्रम में मुख्य सचिव अनुराग जैन, राष्ट्रीय न्यायिक अकादमी के निदेशक अनिरुद्ध बोस भी शामिल हुए। इसके पहले राजकीय विमानतल पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उनका स्वागत किया।

प्रधानमंत्री पुलवामा शहीद श्रद्धांजलि

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2019 में पुलवामा हमले में अपनी जान गंवाने वाले सैनिकों को श्र‌द्धांजलि अर्पित की है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि आने वाली पीढ़ियाँ उनके बलिदान और राष्ट्र के प्रति उनके अटूट समर्पण को कभी नहीं भूलेंगी। छह वर्ष पहले आज ही के दिन जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में आतंकी हमला हुआ था, जिसमें सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गए थे।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि नरेन्द्र मोदी सरकार आतंकवाद को पूरी तरह से समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में श्री शाह ने 2019 में पुलवामा हमले में जान गंवाने वाले जवानों को श्रद्धांजलि दी।

जन अभियान परिषद

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में आज समत्व भवन में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की कार्यकारिणी सभा की 15वीं बैठक संपन्न हुई। बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जन अभियान परिषद से जुड़े स्वयंसेवी संगठन तथा प्रस्फुटन समिति कृषकों को सोलर पंप लगाने के लिए प्रेरित करने एवं किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से गौ-पालन को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने "व्यक्तित्व विकास और चरित्र निर्माण" पुस्तिका एवं जन अभियान परिषद के संभागीय समीक्षा प्रतिवेदन 2024-25 व "स्वैच्छिक संगठनों का संसार" पुस्तिका का विमोचन भी किया। एक अन्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से उज्जैन में आयोजित तीन दिवसीय संयुक्त चेतना वैश्विक सम्मेलन का उ‌द्घाटन भी किया।

आदि महोत्सव

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु रविवार नई दिल्ली के मेजर ध्यानचन्द स्टेडियम में आदि महोत्सव-2025 का उ‌द्घाटन करेंगी। यह महोत्सव जनजातीय समुदायों की उद्यमिता, हस्तशिल्प, संस्कृति और खान-पान तथा वाणिज्यिक जनजीवन को लोगों से परिचित कराता है। नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत में जनजातीय कार्य राज्य मंत्री दुर्गादास उड़के ने बताया कि महोत्सव जनजातीय शिल्पकारों और उद्यमियों 215 को अपने उत्पादों और कृतियों को विभिन्न राज्यों के समक्ष प्रदर्शन करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि इस महोत्सव में छह सौ से अधिक जनजातीय उद्यमी भाग लेंगे। नौ दिन का यह आयोजन इस महीने की 24 तारीख तक चलेगा।

राष्ट्रीय खेल- समापन

उत्तराखंड के हल्द्वानी में 38वें राष्ट्रीय खेलों का समापन आज समापन हो गया । गृह मंत्री अमित शाह कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रहे। खेल मंत्री मनसुख मांडविया, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मेघालय के मुख्यमंत्री कोंगकल संगमा, समेत कई हस्तिया उपस्थित रही। इस अवसर पर गृह मंत्री अमित शाह ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि झीलों की नगरी भोपाल में निवेश के महाकुंभ ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में शहरी विकास के क्षेत्र पर विशेष फोकस किया जा रहा है। स्मार्ट सिटी, मजबूत बुनियादी ढांचा, निर्बाध विकास के चलते प्रदेश भारत के शहरी परिवर्तन में अग्रणी राज्य है। प्रदेश में 72 हजार करोड़ रुपए की चल रही शहरी परियोजनाओं और 88 हजार करोड़ रुपए की आगे आने वाली परियोजनाओं के साथ राज्य तेजी से अपने बुनियादी ढांचे, आवास और स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट्स का विस्तार कर रहा है। उन्होंने कहा कि सात स्मार्ट सिटी, विश्व स्तरीय कनेक्टिविटी और प्रगतिशील शहरी नीतियों के साथ मध्यप्रदेश निवेशकों और डेवलपर्स के लिए बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर प्रदान करने की स्थिति में है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प को पूरा करने के लिये प्रदेश में शहरी विकास की योजनाओं में अधिक से अधिक निवेश को प्रोत्साहित करने का संकल्प लिया गया है।

धान उपार्जन

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया है कि वर्ष 2024-25 में धान उपार्जन के लिये 6 लाख 69 हजार किसानों से 43 लाख 52 हजार मीट्रिक टन धान का उपार्जन किया गया है। उन्होंने बताया कि अभी तक 9860 करोड़ 66 लाख रूपये किसानों के बैंक खाते में भेज दिये गये हैं। उन्होंने कहा कि शेष राशि किसानों के खातों में भेजने की कार्यवाही जारी है।

खेल अवार्ड

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश खेलों के लिए अधोसंरचना विकास और खिलाड़ियों को विश्व स्तरीय प्रशिक्षण एवं अभ्यास की सुविधा उपलब्ध कराकर खिलाड़ियों को प्रोत्साहन प्रदान करने की दिशा में निरंतर नवाचार कर रहा है। इसके सुखद परिणाम भी प्राप्त हो रहे हैं। हाल ही में राष्ट्रीय खेलों में प्रदेश को मिले 82 पदक राज्य की उपलब्धि का प्रमाण है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश को सर्वश्रेष्ठ राज्य के रूप में मिले "स्पोर्ट स्टार एसेस अवार्ड-2025" के लिए प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

महाकुंभ - भारतीय डाक

डाक विभाग प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ मेले में श्रद्धालुओं को अनूठी सेवाएं प्रदान कर रहा है। मेला क्षेत्र में लगे शिविरों में आधार और अन्य दस्तावेजों को अपडेट करने जैसी सेवाएं प्रदान कराई जा रही हैं।

संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने महाकुंभ 2025 पर तीन स्मारक डाक टिकट जारी किए। उन्होंने प्रयागराज के अरैल घाट डाकघर में टिकटों का अनावरण किया। स्मारक डाक टिकटों में त्रिवेणी तीर्थ के तीन प्रमुख पहलुओं- महर्षि भारद्वाज आश्रम, स्नान और अक्षयवट को दर्शाया गया है। पवित्र स्नान के दिनों पर विशेष कवर, 'दिव्य, भव्य और डिजिटल महाकुंभ' तथा पोस्टकार्ड सहित अन्य डाक टिकट भी जारी किए गए हैं। ये सीमित संस्करण वस्तुएं वेबसाइट www.epostoffice.gov.in पर उपलब्ध हैं।

समाचार संक्षेप में

आयुष विभाग द्वारा देवास जिले में लोक स्वास्थ्य सेवा प्रदाय योजनांतर्गत शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत खातेगांव में हरणगांव के पास ग्राम करोंदखुर्द में शिविर का आयोजन कर 378 मरीजों की जांच, निदान तथा उपचार किया गया।

• शिवपुरी जिले में अवैध उत्खनन और परिवहन के विरुद्ध कलेक्टर रविंद्र कुमार चौधरी के निर्देश पर प्रशासनिक दल ने आज करैरा और सिरसौद के आसपास बड़े पैमाने पर कार्रवाई की है। इस कार्रवाई के दौरान इस दौरान एक दर्जन से अधिक ट्रैक्टर ट्राली पकड़े गए।

श्योपुर कलेक्टर अर्पित वर्मा ने आज कराहल मुख्यालय पर राज्यपाल के 16 फरवरी के प्रस्तावित दौरे के मद्देनजर शंकरपुर स्थित स्टेडियम परिसर में हेलीपेड का अवलोकन करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

अनूपपुर में राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा- 2025, का आयोजन 16 फरवरी को दो परीक्षा केन्द्रो पर होगा। जिसमें कुल 759 परीक्षार्थी सम्मिलित होना है। कलेक्टर कार्यालय अनूपपुर के कक्ष क्रमांक 56 में इसके लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है।

तीन दिनों से भोपाल के रविंद्र भवन में चल रहे केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के अखिल भारतीय रूपक महोत्सव का आज समापन हुआ। समापन सत्र के पहले कौण्डिन्य प्रहसनम, पल्लीकमलम तथा ओडिसी नृत्य की प्रस्तुति हुई।

सौर ऊर्जा से बिजली तैयार करने को लेकर पश्चिम मध्यप्रदेश में 25 हजार 250 स्थानों पर रूफ टॉप सोलर नेट मीटर लगाए जा चुके हैं। जिसमें से मंदसौर जिले में 670 सोलर संयंत्र लगाए गए है।

• गुना में हाई स्कूल / हायर सेकेण्डरी एवं हायर सेकेण्डरी व्यवसायिक पाठ्यक्रम कीपरीक्षाएं 25 एवं 27 फरवरी से 25 मार्च 2025 तक आयोजित होना है। परीक्षा के लिए जिले में कुल 55 परीक्षा केन्द्र बनाये गये हैं, जिसमें से 09 अतिसंवेदनशील परीक्षा केन्द्र हैं।

• झाबुआ कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी नेहा मीना ने ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण हेतु जिले की सीमा में रात्रि 10.00 बजे से सुबह 6.00 बजे तक लाउड स्पीकर, डीजे, बैण्ड, प्रेशर हार्न तथा अन्य ध्वनि विस्तारक यंत्र का उपयोग, प्रतिबंधित किये हैं।

मुख्य समाचार एक बार फिर.....

1. उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ आज भोपाल के दौरे पर, राष्ट्रीय न्यायिक अकादमी के कार्यक्रम में हुए शामिल ।

2. पुलवामा के शहीदों को देश ने दी श्रद्धांजलि, प्रधानमंत्री ने कहा राष्ट्र शहीदों के बलिदानों को नहीं भूलेगा।

3. राष्ट्रीय खेल का हुआ समापन, प्रदेश को मिले 82 पद।

और.....

4. प्रयागराज महाकुंभ मेले में डाक विभाग दे रहा है अनूठी सेवाएं।


आज के इस बुलेटिन में बस इतना ही....... नमस्कार
If You Enjoyed This, Take 5 Seconds To Share It

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें