भोपाल से प्रस्तुत हैं प्रादेशिक समाचार ।
नमस्कार समाचारों के साथ में जितेंद्र रघुवंशी पहले मुख्य समाचार ।
1.मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने केन-बेतवा लिंक परियोजना से जल आवंटन के संबंध में कहा कि जल बंटवारे में अन्य राज्यों के साथ साथ प्रदेश के हितों का ध्यान रखा जायेगा।
2. राज्य में एवियन इंफ्लूएंजा -बर्ड फ्लू की पुष्टि, बीमारी का फैलाव रोकने के लिए दिये गये आवश्यक निर्देश।
3. प्रदेश में मौसम बदला कई हिस्सों में हुई बारिश, बादल और कोहरा छाने से सर्दी का अहसास बढ़ा।
केन बेतवा लिंक
केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कल भोपाल में अटल भू-जल योजना और जल-जीवन मिशन के अंतर्गत केन-बेतवा परियोजना के साथ जलापूर्ति की विभिन्न पहलों की समीक्षा की। उन्होंने इन परियोजना पर चर्चा के लिए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और अन्य अधिकारियों से मुलाकात की।
श्री शेखावत ने कहा कि आम लोगों को केन-बेतवा नदियों को एक दूसरे से जोड़ने की परियोजना के बारे में बहुत जल्द खुशखबरी मिलेगी। उनका कहना था कि इस दिशा में मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की सरकारों में बहुत जल्द समझौता होने वाला है। इस बारे में 15 वर्षों से दोनों
राज्यों की सरकारों के बीच विचार - विमर्श जारी है जिसके बहुत जल्दं समाधान निकलने की सम्भावना है।
उन्होंने कहा कि नदियों को जोड़ने की परियोजनाओं का देश के लिए बहुत महत्व है। केन-बेतवा परियोजना से मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के सूखे की स्थिति का निदान हो जाएगा। जलशक्ति मंत्री ने कहा कि इससे हजारों एकड़ जमीन की सिंचाई के साथ 62 लाख लोगों को पेयजल की सुविधा भी उपलब्ध हो जाएगी। श्री शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2024 तक सभी ग्रामीण परिवारों के लिए गुणात्मक और जरूरी मात्रा में पेयजल उपलब्ध कराने का निश्चय कर रखा है। श्री शेखावत ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने सितम्बर 2023 तक इसे प्राप्त करने का लक्ष्य रखा है। उधर मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश हमेशा से दूसरे राज्यों के हितों की परवाह करता रहा है परंतु प्रदेश के हितों का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा मध्यप्रदेश केन-बेतवा परियोजना से उत्तरप्रदेश को 700 एमसीएम पानी देने के लिए सहमत है।
रेल
भारतीय रेलवे ने स्वर्णिम चतुर्भुज के तहत स्वर्णिम चतुर्भुज मार्ग में एक हजार 612 किलोमीटर में से एक हजार 280 किलोमीटर लम्बाई के लिए अधिकतम गति 130 किलोमीटर प्रतिघंटे बढा दी है। नए साल के शुरू में इसे मील का पत्थर माना जा रहा है। यह मार्ग विजयवाडा-दुआदा रेलखंड को छोड़कर समूचे स्वर्णिम चतुर्भुज दक्षिणी मध्य रेलवे को छूता है। विजयवाडा रेलखंड पर सिग्नल को उन्नत करने पर काम चल रहा है।
बर्ड फलू
केन्द्रीय पशुपालन और डेयरी उद्योग विभाग ने एवियन इंफ्लूएंजा से प्रभावित राज्यों को बीमारी का फैलाव रोकने के लिए परामर्श जारी किया है। सात राज्यों- केरल राजस्थान, मध्यप्रदेश, हिमाचल प्रदेश हरिया गुजरात और उत्तर प्रदेश में एवियन इंफ्लूएंजा की पुष्टि हो चुकी है। मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि छत्तीसगढ़ से भी पक्षियों के असामान्य मृत्यु की खबर मिली है। इसके अलावा दिल्ली में संजय झील में भी बतखों के मरने की सूचना प्राप्त हुई है।
जन आंदोलन
मंदसौर जिले के सिने कलाकार नरेन्द्र कुमार त्रिवेदी ने कोविड-19 की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे जन आंदोलन का सर्मथन करते हुए लोगों से कोविड- 19 के संक्रमण से बचने के लिये जारी गाइड लाइन का पालन करने की अपील की है ।
मौसम
पश्चिमी विक्षोभ के कारण राजधानी भोपाल और इंदौर समेत कई जिलों में कल बादल छाए रहे और शाम होते होते बरस पड़े। रात्रि में रुक -रुककर बारिश होती रही। सुबह बादल छंटने से कई जगह कोहरा और धुंध छा गई। पश्चिमी विक्षोभ के चलते प्रदेश के कई जिलों में मौसम में बदलाव आया। हमारे बड़वानी संवाददाता ने बताया कि पिछले चौबीस घंटों के दौरान जिले में कई जगह बारिश हुई। सर्वाधिक वर्षा 19 मिलीमीटर पानसेमल में दर्ज की गई पूरे जिले में छह दशमलव पांच मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड की गई। पन्ना जिले में भी मौसम में बदलाव आया और कई हिस्सों में बादल छाये रहे और हल्की बारिश हुई। मौसम के इस बदलाव से तापमान में तो मामूली परिवर्तन हुआ लेकिन सर्दी का अहसास बढ़ गया। शिवपुरी में आज सुबह मावठ की बारिश हुई। इस बारिश के बाद सर्दी का दौर और बढ़ गया है। ठंडी हवाएं चलने से सर्दी से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। वहीं दूसरी ओर इस मावठ की बारिश से रबी सीजन में गेहूं और चने की फसल को फायदा बताया जा रहा है। इधर सतना और जबलपुर जिले में भी आज आसमान में बादल छाए हुए हैं और ठंड का प्रभाव भी बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने जबलपुर संभाग में कहीं-कहीं ओले गिरने की भी आशंका दर्ज कराई है । इधर पचमढ़ी में ठंड का असर कम हुआ है। मौसम केन्द्र के अनुसार प्रदेश के अधिकांश जिलों में आज भी मौसम इसी तरह मौसम बना रहेगा और दोपहर बाद बादल छंटने की उम्मीद है बादल छंटने और ठण्डी हवायें चलने के बाद सर्दी के जोर पकड़ने की संभावना है ।
अब कुछ समाचार संक्षेप में:
1. पन्ना जिला कलेक्टर ने जानकारियों के आदान-प्रदान के लिए जिलास्तरीय बर्डफ्लू नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है।
2. पन्ना में कल विभिन्न योजनाओं के तहत 75 स्वसहायता समूहों की 762 महिलाओं को 1 करोड 34 लाख वितरित किये गये।
3. राष्ट्रीय क्षय नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत छिंदवाड़ा के चंदन गांव में छात्र- छात्राओं की साइकिल रैली निकालकर लोगों को टी.बी. रोग के प्रति जागरूक किया गया |
इस बुलेटिन में इतना ही घर पर रहिए सुरक्षित रहिए और पढ़ते रहिए प्रादेशिक समाचार नमस्कार ।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें