भोपाल से प्रस्तुत हैं प्रादेशिक समाचार ।
नमस्कार समाचारों के साथ में जितेंद्र रघुवंशी पहले मुख्य समाचार ।
1.देशभर में 16 जनवरी से शुरू होगा कोविङ-19 का टीकाकरण अभियान
2.प्रधानमंत्री की हर योजना के क्रियान्वयन में मध्यप्रदेश लीडर, केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह ने कहा
3.16वें प्रवासी भारतीय सम्मेलन का पीएम मोदी ने किया उद्घाटन, युवाओं से देश की संस्कृति के विश्व में प्रचार -प्रसार के लिए टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल का आग्रह
4.पश्चिमी विक्षोभ के कारण राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के कई जिलों में बादल छाए और हल्की बारिश का दौर
प्रधानमंत्री-कोविड
देशभर में 16 जनवरी से कोविड-19 का टीकाकरण अभियान शुरू हो जाएगा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में कल देश में कोविड-19 की स्थिति तथा राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों में टीकाकरण की तैयारियों की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की गई। बैठक में मंत्रिमंडल सचिव, प्रधानमंत्री प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव, स्वास्थ सचिव और संबंधित वरिष्ठम अधिकारियों ने हिस्सा लिया ।
राष्ट्रीय नियामक ने कोविशील्ड और कोवैक्सीन - दो टीकों को आपात स्थिति में इस्तेमाल करने की अनुमति दी। इन टीकों की सुरक्षा और प्रतिरोधक क्षमता सिद्ध हो चुकी है । यह वैक्सीन सबसे पहले तकरीबन तीन करोड़ स्वास्थ्य देखभाल कर्मियों और अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों को उपलब्ध कराई जाएगी। इसके बाद 50 वर्ष से अधिक की आयु के व्यक्तियों और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को टीका लगाया जाएगा। इनकी संख्या तकरीबन 27 करोड़ है।
मंत्री योजना समीक्षा
केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा है कि प्रधानमंत्री जी की हर योजना में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में मध्यप्रदेश लीडर है। अटल भूजल योजना और जल जीवन मिशन का भी प्रदेश में तेजी से क्रियान्वयन हो रहा है । यह खुशी की बात है कि मध्यप्रदेश निर्धारित अवधि से पूर्व ही अपने लक्ष्य पूरे कर लेगा । केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत कल मंत्रालय में अटल भूजल योजना और जल जीवन मिशन की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का वर्ष 2024 तक हर घर में शुद्ध जल पहुंचाने का संकल्प है। मध्यप्रदेश में प्रधानमंत्री जी के इस संकल्प को वर्ष 2023 तक ही पूरा कर लिया जाएगा। अटल भूजल योजना का भी रोडमैप तैयार है इस पर तेजी अमल किया जाएगा।
केन बेतवा लिंक
केन बेतवा लिंक परियोजना से जल आवंटन में मध्यप्रदेश का अहित नहीं होने देंगे । साथ ही उत्तरप्रदेश के हितों की भी पूरी रक्षा की जाएगी। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने परियोजना पर चर्चा के दौरान इस बात का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि इस संबंध शीघ्र ही वे मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ संयुक्त बैठक कर अंतिम हल निकालेंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश हमेशा से दूसरे राज्यों के हितों की परवाह करता रहा है परंतु प्रदेश का अहित न हो इसका भी पूरा ध्यान रखा जाएगा। केन बेतवा परियोजना से मध्यप्रदेश उत्तरप्रदेश को 700 एमसीएम पानी देने के लिए सहमत है। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री श्री शेखावत आज मंत्रालय में मुख्यमंत्री एवं सभी संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों के साथ केन बेतवा लिंक परियोजना के जल के बंटवारे के संबंध में बैठक कर रहे थे। बैठक में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जल आवंटन को लेकर मध्यप्रदेश का पक्ष मजबूती से रखा।
जन आंदोलन
मंदसौर के कलाकार जगदीश गंगवानी ने कोविड- 19 की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे जन आंदोलन का सर्मथन करते हुए लोगों से कोविड-19 के संकमण से बचने के लिये जारी गाइड लाइन का पालन करने की अपील की है ।
प्रवासी भारतीय दिवस
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने युवाओं से भारत की संस्कृति और गौरव का विश्व भर में प्रचार-प्रसार करने के लिए टेक्नोलॉजी का उपयोग करने को कहा है। सोलहवें प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन का कल वर्चुअल तरीके से उद्घाटन करते हुए श्री मोदी ने कहा कि इंटरनेट ने दुनिया के विभिन्न भागों के लोगों को आपस में जोड़ दिया है, लेकिन हमारे हृदय अपने देश के प्रति प्रेम की भावना से आपस में जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि बीते सालों में प्रवासी भारतीयों ने समाज को बेहतर बनाने के लिए वचनबद्धता प्रदर्शित कर अपनी पहचान कायम की है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए आगे आने की प्रवासी भारतीयों की गाथाओं को सुनकर उन्हें बड़ा गर्व महसूस होता है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रवासी भारतीयों ने कोविड- 19 महामारी से संघर्ष में बड़ा योगदान दिया। उन्होंने कहा कि पीएम केयर्स कोष में उनके योगदान से देश में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने में मदद मिली।
भूमिपूजन
वित्त और वाणिज्यकर मंत्री जगदीश देवड़ा ने मंदसौर की पिपलिया मंडी नगर परिषद में एक करोड़ 45 लाख के निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। उन्होंने 81 लाख 22 हजार से निर्मित होने वाले सर्व- सुविधायुक्त नवीन नगर परिषद कार्यालय पिपलियामंडी, 37 लाख 20 हजार रुपये की लागत से निर्मित होने वाले वार्ड क्रमांक 5 में शॉपिंग काम्पलेक्स का भूमि - पूजन एवं 27 लाख 21 हजार से निर्मित वार्ड क्रमांक 12 में मांगलिक भवन का लोकार्पण किया।
मौसम
पश्चिमी विक्षोभ के कारण राजधानी भोपाल और इंदौर समेत कई जिलों में कल दिन भर बादल छाए रहे और कहीं कहीं हल्की बारिश का दौर जारी रहा । मौसम विभाग के अनुसार आज दोपहर तक इसी तरह मौसम बना रहेगा और दोपहर बाद बादल छंटने की उम्मीद है। ऐसे में फिर ठंड जोर पकड़ेगी। हालांकि अभी अगले 24 घंटे तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा। शिवपुरी में कल सुबह मावठ की बारिश हुई। इस बारिश के बाद सर्दी का दौर और बढ़ गया है ठंडी हवाएं चलने से सर्दी से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं । वहीं दूसरी ओर इस मावठ की बारिश से रवि सीजन में गेहूं और चने की फसल को फायदा बताया जा रहा है। इधर सतना और जबलपुर जिले में भी कल आसमान में बादल छाए रहे और ठंड का प्रभाव भी बढ़ता रहा । मौसम विभाग ने जबलपुर संभाग में कहीं-कहीं ओले गिरने की भी आशंका दर्ज कराई है । इधर पचमढ़ी में ठंड का असर कम हुआ है।
अब कुछ समाचार संक्षेप में
1.झाबुआ में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जिला न्यायालय के तत्वाधान में मध्यस्थता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
2.अशोकनगर जिले में कौओं की आसामयिक मृत्यु हो जाने से मुर्गियों में बर्ड फ्लू फैलने की आशंका के मद्देनजर जिले में रैपिड रिस्पांस टीम का गठन किया गया है ।
3.छिन्दवाड़ा में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चंदनगांव में कल 'टी.बी. हारेगा, देश जीतेगा' अभियान के अंतर्गत स्कूली छात्र छात्राओं की साइकिल रैली हुई ।
इस बुलेटिन में इतना ही घर पर रहिए सुरक्षित रहिए और पढ़ते रहिए प्रादेशिक समाचार नमस्कार ।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें