भोपाल से प्रस्तुत हैं प्रादेशिक समाचार ।
नमस्कार समाचारों के साथ में जितेंद्र रघुवंशी पहले मुख्य समाचार ।
1. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री से की मुलाकात, आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश का रोड मैप सौंपा।
2. देश में कोविड-19 से ठीक होने वालों की दर 94% के करीब पहुंची, प्रदेश में अब तक लगभग एक लाख 90 हजार मरीज हुए स्वास्थ्य।
3. World एड्स दिवस पर सभी जिलों में आयोजित किए गए जागरूकता कार्यक्रम।
4. प्रदेश के आदिवासियों पर केंद्रित 10 दिवसीय आदि महोत्सव ऑनलाइन शुरू हुआ।
सीएम-मुलाकात
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कल सुबह नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके निवास पर मुलाकात की। लगभग 1 घंटे चली मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को मध्यप्रदेश में चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों के बारे में जानकारी दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश का रोड मैप भी प्रधानमंत्री को सौंपा। इसी के साथ बालाघाट क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ की गई कार्रवाई की जानकारी भी दी। श्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री को यह भी बताया कि कोरोना के बाद आर्थिक गतिविधियों को बढ़ाने के लिए मध्यप्रदेश में क्या क्या कदम उठाए हैं। कोरोना वैक्सीन आने पर टीकाकरण अभियान कैसे चलाया जाएगा, इसकी जानकारी भी मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को दी। उन्होंने यह भी बताया कि मध्य प्रदेश मैं कोरोना वैक्सीन की कोल्ड चैन और टीकाकरण के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में कमेटी बनाई गई है, इसके लिए जिलों में टास्क फोर्स बनाने का निर्णय लिया गया है।
कोरोना
देश में कोविड-19 से स्वस्थ होने वाले मरीजों की दर 93.4 प्रतिशत हो गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान करीब 31,000 नए मामलों की पुष्टि हुई, जबकि इस दौरान 42 हजार संक्रमित रोगी ठीक हुए। प्रदेश में कोविड-19 से स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या एक लाख 90 हजार के करीब पहुंच गई है, जबकि कुल मरीजों की संख्या 2 लाख 7000 से अधिक है। सीहोर जिले में आज 8 व्यक्तियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इंदौर में कल 542 नए मरीज मिले जिससे जिले में संक्रमितों की संख्या 42691 हो गई। वहीं विभिन्न अस्पतालों से 589 मरीजों के स्वस्थ होने पर उन्हें डिस्चार्ज किया गया। वहीं देवास मैं 61 मरीज स्वस्थ होकर घर लौटे। शहडोल में 6 नए मरीज मिले हैं।
वेबीनार-पटेल
कृषि मंत्री कमल पटेल ने कहा कि फसलों के उत्पादन को निरंतर बढ़ाये रखने के लिए विभिन्न कीटों और फसल संबंधी बीमारियों पर नियंत्रण रखना अत्यावश्यक है। अंतरराष्ट्रीय फसल स्वास्थ्य वर्ष पर आयोजित राष्ट्रीय सेमिनार को संबोधित करते हुए श्री पटेल ने कहा कि एकीकृत कीट प्रबंधन और एकीकृत पोषक तत्व प्रबंधन के द्वारा एग्रो केमिकल्स का विवेकपूर्ण उपयोग कर हम ना केवल उत्पादन को बढ़ा सकते हैं बल्कि पर्यावरण को भी प्रतिकूल प्रभाव से बचा सकते हैं। कृषि मंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश आज दलहन के साथ तिलहन में भी सबसे बड़ा उत्पादक राज्य है।
जानना जरूरी है
हमारी श्रंखला जानना जरूरी है के तहत हम कृषि विधेयक के संबंध में फैला जा रहे भ्रम और उसकी सच्चाई से रू-ब-रू करा रहे हैं। कृषि कानून को लेकर यह झूठ फैलाया जा रहा है कि यह कृषि बिल किसान विरोधी है। जबकि सच यह है कि किसान अब अपनी फसल कहीं भी किसी को भी बैंच सकते हैं और बड़ी कंपनियों के साथ मिलकर ज्यादा मुनाफा कमा सकते हैं।
एड्स दिवस
कल विश्व एड्स दिवस था। यह दिन एड्स के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए मनाया जाता है। यह दिन लोगों को एचआईवी के खिलाफ एकजुट होने और इस वायरस से पीड़ित लोगों की मदद करने के लिए प्रेरित करता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार वर्ष 2019 में दुनिया में तीन करोड़ 80 लाख लोग एचआईवी से संक्रमित थे। भारत ने वर्ष 1992 में राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम की शुरुआत की थी। उसके बाद से इस संक्रमण के खिलाफ लोगों को जागरूक करने और इसकी रोकथाम की दिशा में महत्वपूर्ण काम किया गया है।
प्रदेश में भी कल सभी जिलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। शिवपुरी में इस मौके पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। वहीं इस बीमारी की जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 1097 के बारे में बताया गया। झाबुआ में एड्स जागरूकता रथ को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। आगर मालवा में भी जागरूकता रैली निकाली गई।देवास और विदिशा जिलों में 7 दिसंबर तक जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।गुना में आयोजित कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष राजेश कुमार ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा की एड्स हाथ मिलाने या छूने से नहीं फैलता है। सीधी और नीमच में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए।
आदि महोत्सव
कल से मध्यप्रदेश पर केंद्रित 10 दिवसीय ऑनलाइन आदि महोत्सव शुरू हुआ। वेबीनार के माध्यम से केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री अर्जुन मुंडा ने इस महोत्सव का उद्घाटन किया। एक ट्वीट संदेश में श्री मुंडा ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान में जनजातीय समाज भी अपना योगदान दे रहा है। इस महोत्सव में हमारे 5 लाख जनजातीय भाई बहनों द्वारा निर्मित उत्पाद उपलब्ध है। कार्यक्रम में प्रदेश की आदिवासी विकास मंत्री मीना सिंह भी शामिल हुई।
मौसम
भोपाल सहित कई जिलों में तेज धूप से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है। कल रात पिछले दिनों की अपेक्षा गर्म रही और आज सुबह भी सर्दी का एहसास कम हुआ। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक पीके साहा ने बताया कि हवा का रुख कभी पूर्वी तो कभी उत्तर-पश्चिमी हो रहा है। इससे तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने लगी है। बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। विभाग के मुताबिक सर्द हवाओं के कारण फिर दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज होने लगेगी और कड़ाके की ठंड का दौर शुरू हो जाएगा। सबसे कम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस उमरिया और नौगांव में दर्ज किया गया।
अब कुछ समाचार संक्षेप में
1. अशोकनगर कलेक्टर अभय वर्मा ने जिले में मुंगावली तहसील में पदस्थ एक नायब नाजीर को शासकीय कार्य में लापरवाही बरतने पर निलंबित कर दिया।
2. सीहोर जिले के आष्टा विकासखंड के अंतर्गत उप स्वास्थ्य केंद्र श्यामपुर भगोरिया हाट और बोरखेड़ा में नवीन प्रसव केंद्र का शुभारंभ किया गया।
3. सीमा सुरक्षा बल का 56वा स्थापना दिवस ग्वालियर के टेकनपुर में भी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
4. झाबुआ कलेक्टर ने जिले में आधार कार्ड के सुधार के लिए निर्धारित शुल्क लेने के निर्देश दिए।
इस बुलेटिन में इतना ही घर पर रहिए सुरक्षित रहिए और पढ़ते रहिए प्रादेशिक समाचार नमस्कार ।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें