भोपाल से प्रस्तुत हैं प्रादेशिक समाचार ।
नमस्कार समाचारों के साथ में जितेंद्र रघुवंशी पहले मुख्य समाचार ।
1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नए कृषि कानून को किसानों के हित में बताया, कहा-भ्रम फैलाने वालों की सच्चाई देश के सामने आएगी ।
2. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने डॉक्टरों से कोरोना के साथ दूसरी बीमारियों के इलाज में गंभीरता बरतने की हिदायत दी ।
3. कोविड दिशानिर्देशों के साथ मनाया गया गुरु नानक देव जी का 551वा प्रकाश पर्व। कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली पर भी किया गया नियमों का पालन।
4. तेज धूप से दिन के तापमान में इजाफा आने वाले दिनों में बढ़ेगा ठंड का असर।
पीएम कृषि कानून
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के किसानों को आश्वासन दिया कि नए किसान कानून उनके लाभ के लिए लाए गए हैं। और सरकार न केवल उन्हें बाजार के नए अवसर प्रदान करना चाहती है बल्कि मंडी प्रणाली को मजबूत भी करना चाहती है । प्रधानमंत्री उत्तर प्रदेश में अपने संसदीय क्षेत्र की यात्रा के दौरान वाराणसी में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि सुधारों के बारे में गलतफहमियां फैलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार द्वारा किए गए किसी भी सुधार का विरोध केवल अटकलों और गलतफहमियां फैलाने की एक नई प्रवृत्ति हाल ही में सामने आई है । उन्होंने कहा कि पहले छोटे किसान बाजार तक पहुंचने में सक्षम नहीं थे लेकिन अब इन कानूनों से उन्हें अपने उत्पाद बेचने के कई विकल्प मिलेंगे।
मुख्यमंत्री आदेश
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शहडोल में कुछ बच्चों की मृत्यु की घटना को गंभीरता से लेते। हुए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस घटना की जांच कर प्रतिवेदन सौंपा जाए। उन्होंने कहा कि यदि चिकित्सक और स्टाफ दोषी पाए जाएं तो ऐसे लोगों को दंडित किया जाए। श्री चौहान ने कहा कि कोरोना के अलावा अन्य रोगों से ग्रस्त रोगियों विशेषकर बच्चों में निमोनिया आदि की स्थिति पर नजर रखते हुए स्वास्थ्य विभाग का अमला चुस्त चौकस रहें जिससे इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति ना हो।
प्रदेश कोरोना
देश में कोविड-19 से ठीक होने वालों कि दर 93.81% हो गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान 45333 मरीज ठीक हुए हैं। इधर प्रदेश में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या दो लाख 6 हजार से ज्यादा हो गई है। हालांकि इनमें से अब तक एक लाख 87 हजार मरीज कोरोना को मात देकर घर पहुंच चुके हैं । शहडोल जिले में कोरोना संक्रमण के 2 नए मामले सामने आए जिससे जिले में संक्रमित लोगों की संख्या 80 हो गई है। जबलपुर में पिछले 24 घंटों के दौरान 89 मरीजों को स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज किया गया। वहीं, जिले में 41 नए संक्रमितों का पता चला । होशंगाबाद में 16, अनूपपुर में 5 नए मरीज मिले हैं । अशोकनगर में 23 और खंडवा में 12 मरीजों की छुट्टी की गई। खरगोन जिले में 29 नए मरीजों के साथ कुल मरीजों की संख्या 4400 के पार हो गई मरीजों की बढ़ती संख्या के बीच सभी जिलों में जागरूकता के प्रयास भी किए जा रहे हैं । शिवपुरी में रोको टोको अभियान के तहत मास्क नही लगाने वालों के चालान काटे जा रहे हैं।
जन आंदोलन
जाने-माने साहित्यकार और चिकित्सक पद्मश्री डॉ ज्ञान चतुर्वेदी ने प्रधानमंत्री के जन आंदोलन को अपना समर्थन दिया है । उन्होंने लोगों से 2 गज की सुरक्षित दूरी बनाने, बार-बार हाथ धोने और मास्क लगाने की अपील की है।
गुरु नानक जयंती
गुरु नानक देव जी का 551वा प्रकाशोत्सव कल देशभर में धूमधाम से मनाया गया । इस अवसर पर प्रदेश में भी गुरुद्वारों में खास सजावट की गई है । हालांकि कोरोना संक्रमण के चलते नगर कीर्तन और लंगर का सीमित आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रकाश पर्व पर गुरु नानक देव जी को नमन किया। अपने ट्वीट संदेश में उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी के विचार हमें समाज की सेवा करने और बेहतर जीवन के लिए प्रेरित करते हैं । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरु नानक देव जी की दिखाई राह पर हम सब चलें । पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने भी प्रदेश वासियों को प्रकाश उत्सव की शुभकामनाएं दी। टीकमगढ़ में गुरु पर्व पर लंगर की जगह प्रसाद की पैकेट बांटने की व्यवस्था की गई। जिससे कि भीड़ इकट्ठा ना हो । देवास में कोविड-19 प्रोटोकॉल के साथ गुरु नानक जयंती मनाई गई । उधर जबलपुर में भी लंगर के बाजाय प्रसाद के पैकेट का वितरण किया गया । आगरमालवा, होशंगाबाद, छिंदवाड़ा, शहडोल सहित सभी जिलों में प्रकाश पर्व पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया।
कार्तिक पूर्णिमा
कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली का पर्व कल पारंपरिक श्रद्धा भाव के साथ मनाया गया । इस अवसर पर प्रदेश की नर्मदा सहित विभिन्न नदियों में श्रद्धालुओं ने स्नान किया। जबलपुर में नर्मदा नदी के ग्वारीघाट पर श्रद्धालुओं ने स्नान कर पूजा अर्चना की और सुख समृद्धि की कामना की । कार्तिक पूर्णिमा पर इस बार कोरोना संकट के कारण बांद्राभान में मेला नहीं लगा, हालांकि श्रद्धालु पवित्र स्नान के लिए पहुंचे। देवास के नेमावर में भक्तों ने दीपदान किया। मंदसौर और आगर मालवा में भी कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर महिलाओं ने दीप दान कर सुख-समृद्धि की कामना की।
मौसम
कोई वेदर सिस्टम प्रदेश और आसपास सक्रिय नहीं रहने से वातावरण शुष्क हो गया है। इससे रात के तापमान में अब और गिरावट होने के आसार बढ़ गए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक हवा का रुख उत्तरी बना रहने से दो-तीन दिन तक ठंड के तेवर तीखे बने रहने की संभावना है । इसके बाद मौसम के मिजाज में एक बार फिर बदलाव होगा और ठंड से कुछ राहत मिलेगी हालांकि राजधानी भोपाल में तेज धूप खिलने से दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है । पिछले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस मंडला, नौगांव और ग्वालियर में दर्ज किया गया । जबलपुर जिले में मौसम का मिजाज बदल रहा है । यहां रात में तेज सर्दी पड़ रही है । धूप की वजह से गर्मी का एहसास हो रहा है।
अब कुछ समाचार संक्षेप में
1. भोपाल संभाग आयुक्त कविंद्र कियावत और रायसेन कलेक्टर उमाशंकर भार्गव ने जिले के ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर लोगों से योजनाओं की हकीकत जानी।
2. सिंगरौली में कोतवाली परिसर में जमीनी विवाद निराकरण केंद्र आयोजित किया गया जिसमें 40 मामले निपटाए गए।
3. राजगढ़ जिले की ग्राम पंचायत पीपलवे पुरोहित में किसान खेत पाठशाला का आयोजन किया गया।
इस बुलेटिन में इतना ही घर पर रहिए सुरक्षित रहिए और पढ़ते रहिए प्रादेशिक समाचार नमस्कार ।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें