नमस्कार समाचारों के साथ में जितेंद्र रघुवंशी पहले मुख्य समाचार ।
1. राष्ट्रपति ने कहा शिक्षक वास्तविक राष्ट्रनिर्माता हैं। प्रदेश के 2 शिक्षकों सहित 47 शिक्षकों को मिला राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान।
2. प्रदेश में पंचायतों को मिले 996 करोड़, मुख्यमंत्री ने कहा पंचायतों को संसाधन की कमी नहीं होने दी जाएगी।
3. 12 सितंबर से अस्सी और नई यात्री ट्रेनें शुरू होंगी। 10 सितंबर से करा सकते हैं आरक्षण।
शिक्षक पुरस्कार
शिक्षक दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने प्रदेश के छिंदवाड़ा के शिक्षक शाहिद अंसारी और टीकमगढ़ के शिक्षक संजय जैन सहित देश के 47 शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया। इस अवसर पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि शिक्षक ही वास्तविक राष्ट्र निर्माता हैं जो हमारे बच्चों के चरित्र निर्माण का आधार तैयार करते हैं। वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से शिक्षकों को राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान करने के बाद राष्ट्रपति ने कहा कि केवल अच्छी इमारत, महंगे उपकरण या सुविधाएं ही एक अच्छे स्कूल का निर्माण नहीं करती हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का समर्पण एक अच्छा स्कूल बनाने का महत्वपूर्ण पहलू है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शिक्षक दिवस पर शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा है कि समाज को गढ़ने का महत्वपूर्ण काम शिक्षक ही करते हैं। वही वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से शिक्षकों से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने गुरु की महिमा गोविंद से भी ऊंची बताई। उन्होंने कहा कि हम शिक्षकों का आत्म सम्मान बरकरार रखते हुए प्रदेश में बेहतर शिक्षा व्यवस्था लागू करेंगे। श्री चौहान ने कहा कि निजी स्कूलों में भी शिक्षकों का आत्म सम्मान बनाए रखने और स्कूलों द्वारा वसूली जा रही मनमानी फीस पर अंकुश लगाने के लिए सरकार जल्द ही एक विधेयक लाएगी। धार, सीहोर, उमरिया सहित प्रदेश के कई जिलों में आज डिजिटल टीचर्स डे मनाया गया।
पैसेंजर रेलगाड़ी
इस महीने की 12 तारीख से अस्सी नई विशेष पैसेंजर रेलगाड़ियां शुरू की जाएंगी। रेलवे ने बताया कि रेल यात्री इन नई गाड़ियों के लिए 10 सितंबर से आरक्षण करना शुरू कर सकते हैं। यह रेलगाड़ियां देश भर में चल रही 230 रेलगाड़ियों के अतिरिक्त होंगी। रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष विनोद कुमार यादव ने बताया कि आरक्षण की मांग और प्रतीक्षा सूची पर रेलवे नजर रखे हुए हैं। उन्होंने और कहा कि अगर जरूरत पड़ती है तो और रेलगाड़ियां बहुत जल्द शुरू की जाएंगी। श्री यादव ने बताया कि परीक्षाओं और अन्य विशेष उद्देश्य के लिए राज्य सरकारों के विशेष अनुरोध पर और रेलगाड़ियां चलाई जाएंगी।
कोरोना-प्रदेश
प्रदेश में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या करीब 71 हजार हो गई है। जबकि 53 हजार से ज्यादा मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। राजधानी भोपाल में 229 नए मरीज मिले, जिससे कुल संक्रमितों की संख्या 11666 हो गई है। वही इंदौर में 284 नए मरीज मिले हैं, इन्हें मिलाकर संक्रमितों का आंकड़ा 14315 हो गया है। जबकि 9896 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। आज यहां एक हेड कांस्टेबल की कोरोना से मौत हो गई। देवास में आज 14 नए मरीज मिले और 22 लोग स्वस्थ होकर घर लौटे, अब यहां कुल संक्रमित मरीज की संख्या 795 हो गई है। जिसमें से 662 स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। कटनी में आज 5 नए मरीज मिले, अब यहां कुल मरीज 538 हो गए हैं। वही रतलाम में एक भाजपा नेता की कोरोना से मौत हो गई। अशोक नगर में आज 20 नए मरीज मिले, अब यहां कुल संक्रमित मरीज 266 हो गए हैं। इनमें से 169 स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं।
सीएम/पंचायत अनुदान
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि देश की 70% आबादी गांव में निवासरत है। गांव की तस्वीर बदलने का दायित्व पंचायत प्रतिनिधियों का है। राज्य सरकार इन कार्यों के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं होने देगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने यह बात 15वे वित्त आयोग अनुदान की 996 करोड रुपए की राशि पंचायतों को ई-ट्रांसफर करते समय कहीं। मंत्रालय में आयोजित इस वर्चुअल संवाद में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कोरोना काल में पंचायत प्रतिनिधि द्वारा की गई व्यवस्थाओं और कार्यों के लिए उनकी सराहना की। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि पंच परमेश्वर योजना के अंतर्गत प्राप्त इस राशि से पेयजल और स्वच्छता से संबंधित कार्य कराए जाना है। इस वित्तीय वर्ष में अब तक पंचायतों को 15वे वित्त आयोग से 3984 करोड रुपए उपलब्ध कराए जा चुके हैं, इससे ग्रामों की तस्वीर बदलेगी।
कांग्रेस चावल जांच
कांग्रेस ने घटिया चावल वितरण मामले की जांच सीबीआई से कराने और जांच का दायरा बढ़ाने की मांग की है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज एक ट्वीट करते हुए कहा है कि - 'चावल घोटाला' सिर्फ बालाघाट और मंडला जिले तक ही सीमित नहीं है। यह कई जिलों तक फैला हुआ है और इसके तार ऊपर तक जुड़े हुए हैं। वहीं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मामले की जांच पहले ही ईओडब्ल्यू को सौंप दी है।
हनीट्रैप/एसआईटी
हनी ट्रैप मामले की हाईकोर्ट की पड़ताल हाई कोर्ट की निगरानी में विशेष जांच दल द्वारा की जाएगी। मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने मामले की जांच सीबीआई को सौंपने से इंकार कर दिया है। हाईकोर्ट की इंदौर बेंच द्वारा आज मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग को लेकर लगाई गई जनहित याचिकाओं की सुनवाई के दौरान यह फैसला सुनाया है।
मौसम
प्रदेश में अगस्त के बाद सितंबर का महीना भी झमाझम की झड़ी के साथ बीतने वाला है मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि पूर्वी और उत्तर पूर्वी जिलों में आगामी 5 दिनों तक अच्छी बारिश होगी। उत्तर पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी शनिवार 5 सितंबर से बारिश की गतिविधियां शुरू हो जाएंगी। 6 से 10 सितंबर के बीच प्रदेश के अधिकांश इलाकों में बारिश होने के आसार हैं। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अजय शुक्ला ने बताया की उम्मीद है कि इस सप्ताह 6 से 9 सितंबर के बीच पूर्वी मध्य प्रदेश में रीवा, सतना, पन्ना, छतरपुर, खजुराहो, सिंगरौली, सीधी, शहडोल, जबलपुर, नरसिंहपुर, उमरिया, मंडला, बालाघाट, डिंडोरी, छिंदवाड़ा में मध्यम से तेज बारिश देखने को मिलेगी। इसके अलावा भोपाल, रायसेन, होशंगाबाद समेत मध्य जिलों में भी बारिश होने की संभावना है।
अब कुछ समाचार संक्षेप में
1. रायसेन जिले के गैरतगंज में स्वास्थ्य विभाग ने नवाचार करते हुए चलित अस्पताल का शुभारंभ किया। यह अस्पताल हाट-बाजारों में जाकर मरीजों का चेकअप करेगा।
2. आगर मालवा में केंद्रीय मंत्री थावरचंद गहलोत ने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि उपचुनाव में भाजपा की जीत होगी और सरकार पूर्ण बहुमत के साथ यथावत बनी रहेगी।
3. शिक्षक पात्रता परीक्षा पास अभ्यर्थियों ने आज शिवपुरी में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को एक ज्ञापन सौंपा और भर्ती प्रक्रिया को जल्द पूरा करने की मांग की।
4. दमोह जिले के हिंडोरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत इंदौर से रीवा जा रही एक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी, जिसमें 13 यात्री घायल हो गए।
5. अनलॉक-4 को लेकर जारी दिशा-निर्देशों के बाद राजधानी भोपाल से रविवार का लॉकडाउन हटाए जाने के बाद रात का कर्फ्यू भी हटा लिया गया है।
इस बुलेटिन में इतना ही घर पर रहिए सुरक्षित रहिए और पढ़ते रहिए प्रादेशिक समाचार नमस्कार ।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें