नमस्कार समाचारों के साथ में जितेंद्र रघुवंशी पहले मुख्य समाचार ।
1. प्रदेश में आज से यात्री बसों का आवागमन शुरू, मुख्यमंत्री ने 5 महीने का बकाया वाहन कर माफ करने की घोषणा की ।
2. 29 नवंबर से पहले होंगे 27 विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव ।
3. आज देश भर में मनाया जा रहा है शिक्षक दिवस ।
4. प्रदेश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 70 हजार के पार, 53 हजार से ज्यादा मरीज हुए स्वस्थ ।
बस-संचालन/कर माफ
प्रदेश में यात्री बसों का आवागमन आज से शुरू हो गया है । अब ये बसें पूरी क्षमता के साथ चल सकेगी । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बस संचालकों और उनसे जुड़े लोगों की परेशानियों को ध्यान में रखते हुए 1 अप्रैल से 31 अगस्त तक की अवधि तक बसों पर बकाया वाहन कर पूरी तरह माफ करने की घोषणा की है ।
उपचुनाव
प्रदेश की 27 सीटों पर होने वाले विधानसभा उपचुनाव 29 नवंबर से पहले संपन्न हो जाएंगे । आयोग की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि विभिन्न राज्यों की विधानसभाओं की 64 सीटों और एक संसदीय सीट पर उपचुनाव बिहार विधानसभा चुनाव के साथ ही कराए जाएंगे। गौरतलब है कि 29 नवंबर से पहले बिहार विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया पूरी होना है। कोरोना संक्रमण के दौरान इन चुनावों को लेकर आयोग पहले ही दिशा निर्देश जारी कर चुका है। इनमें कहा गया है कि राजनीतिक दलों को जहां जनसंपर्क के लिए सीमित लोगों के साथ अनुमति दी जाएगी। वहीं प्रत्याशियों से ऑनलाइन नामांकन लिए जाएंगे। मतदाताओं को मतदान के दौरान मास्क और सैनिटाइजर के साथ-साथ लोगों को उचित दूरी का पालन भी करना होगा।
उच्चतम न्यायालय
उच्चतम न्यायालय ने दूसरी बार कोरोना संकट के कारण इंजीनियरिंग संयुक्त प्रवेश परीक्षा जेईई और मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट को स्थगित करने के अनुरोध को खारिज कर दिया है। छह विपक्षी दल शासित राज्यों ने उच्चतम न्यायालय के पहले दिए गए आदेश की समीक्षा करने और परीक्षा स्थगित करने का आग्रह किया था। इधर प्रदेश में जेईई की परीक्षा चल रही है। राज्य सरकारों द्वारा परीक्षार्थियों को परिवहन सेवा उपलब्ध कराई जा रही है।
ट्रेन संचालन
रेल यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भोपाल के हबीबगंज स्टेशन से रीवा के बीच चलने वाली विशेष ट्रेन का संचालन आज से शुरू हो रहा है। यह ट्रेन भोपाल से रात 10:00 बजे रवाना होगी। वहीं, रीवा से रात 8:05 पर प्रस्थान करेगी। इसके अलावा जबलपुर से भोपाल होते हुए इंदौर के लिए भी आज से ट्रेन चलाई जाएगी। उधर जबलपुर के मदन महल स्टेशन से रीवा और मदन महल से सिंगरौली के बीच स्पेशल ट्रेन आज से ही शुरु हो रही है।
शिक्षक दिवस-राष्ट्रपति
आज देशभर में शिक्षक दिवस मनाया जा रहा है। यह दिन शिक्षाविद और पूर्व राष्ट्रपति डॉक्टर सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर मनाया जाता है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने इस अवसर पर शिक्षकों को बधाई दी है। राष्ट्रपति आज वर्चुअल माध्यम से राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार भी प्रदान करेंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शिक्षक दिवस पर शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा है कि समाज को गढ़ने का महत्वपूर्ण काम शिक्षक ही करते हैं। श्री चौहान ने कहा कि कोरोना काल मे भी शिक्षकों ने ऑनलाइन कक्षाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षित करने का कार्य किया। उनकी यह भूमिका सराहनीय है। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ मोहन यादव शिक्षक दिवस के अवसर पर आज दोपहर 1:00 बजे से प्रदेश के अध्यापकों से वेबीनार के जरिए उच्च शिक्षा की चुनौतियां के साथ नई शिक्षा नीति को लेकर प्राध्यापकों से बात करेंगे। स्कूल शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने भी शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षकों को बधाई दी है।
टीकमगढ़ शिक्षक
शिक्षक दिवस के अवसर पर टीकमगढ़ के शिक्षक संजय जैन को शिक्षा के क्षेत्र में अपने उल्लेखनीय योगदान के लिए राष्ट्रपति पुरस्कार के लिए चुना गया है। उन्होंने बच्चों को खेल खेल में शिक्षा देने के लिए एक अलग मॉडल विकसित कर महत्वपूर्ण नवाचार किया है। श्री जैन ने बताया कि खेल-खेल में सीखा गया पाठ जीवन भर याद रहता है। वही विद्यार्थी भी अपने शिक्षक की इस उपलब्धि से खुश हैं।
अनलॉक-4
कोरोना महामारी के चलते लगे ज्यादातर प्रतिबंध हटा लिए गए हैं। अनलॉक-4 को लेकर जारी दिशा निर्देशों के बाद राजधानी भोपाल में अब सभी तरह के प्रतिबंध हटा लिए गए हैं। यहां रविवार का लोकडाउन हटाए जाने के बाद जिला प्रशासन ने रात का कर्फ्यू भी हटाने के आदेश जारी कर दिए हैं। कलेक्टर अविनाश लवानिया ने बताया कि राजधानी में अब सभी गतिविधियां सामान्य दिनों की तरह ही होंगी। शासकीय कार्यालय में भी सभी कर्मचारियों को काम पर उपस्थित होना होगा।
कोरोना-प्रदेश
प्रदेश में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 70 हजार से अधिक हो गई है। जबकि 53 हजार से ज्यादा मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। राजधानी भोपाल में 209 नए मरीज मिलने से कुल संक्रमितों की संख्या 11985 हो गई है। वहीं इंदौर में 284 नए मरीज मिले हैं, इन्हें मिलाकर संक्रमितों का आंकड़ा 14315 हो गया है, जबकि 9896 लोग स्वस्थ हो चुके हैं।
अब कुछ समाचार संक्षेप में
1. केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति राज्य मंत्री प्रहलाद पटेल आज अपने गृह नगर नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव पहुंच रहे हैं। वे यहां स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
2. संघ लोक सेवा आयोग दिल्ली द्वारा आयोजित एनडीए और एनए प्रथम-द्वितीय परीक्षा कल राजधानी भोपाल के 55 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।
3. प्रदेश के 5 जिलों-रायसेन, सीहोर, होशंगाबाद, देवास और हरदा में प्रधानमंत्री फसल बीमा राशि जमा कराने की तिथि 7 सितंबर की गई है। इसके लिए रविवार को भी बैंक खुले रहेंगे।
इस बुलेटिन में इतना ही घर पर रहिए सुरक्षित रहिए और पढ़ते रहिए प्रादेशिक समाचार नमस्कार ।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें