04 सितंबर, 2020

मध्य प्रदेश समाचार | आज के समाचार | दिनांक 04.09.2020

Leave a Comment
भोपाल से प्रस्तुत हैं प्रादेशिक समाचार ।

नमस्कार समाचारों के साथ में जितेंद्र रघुवंशी पहले मुख्य समाचार ।

1. ईओडब्ल्यू करेगा खराब चावल की आपूर्ति की जांच, मंडला और बालाघाट के संबंधित अधिकारियों को हटाया ।
2. प्रदेश में अब तक 51 हजार से ज्यादा लोगों ने दी कोरोना को मात ।
3. खंडवा में जैविक खाद बनाकर महिलाएं बन रही है आत्मनिर्भर ।
4. एक बार फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, प्रदेश के 6 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी ।

चावल-कार्रवाई
          मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि उपभोक्ताओं को खराब चावल प्रदाय करने का मामला गंभीर है । इसकी ईओडब्ल्यू से जांच करवाई जाएगी । मुख्यमंत्री ने आज इस संबंध में उच्च स्तरीय बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए हैं । 
        गौरतलब है कि प्रदेश के बालाघाट और मंडला जिलों में चावल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदार गुणवत्ता नियंत्रको की सेवाओं को समाप्त कर दिया गया है । जबकि बालाघाट के जिला प्रबंधक को निलंबित कर दिया गया है । संबंधित मिल संचालक के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज करवाई जा रही है ।

प्रदेश-कोरोना
           प्रदेश में कोरोना के सक्रिय रोगियों की संख्या अब 14357 हो गई है । अच्छी बात यह है कि 11 सौ से ज्यादा मरीजों के स्वस्थ होने से कोरोना को मात देकर स्वस्थ हुए मरीजों की की संख्या अब 51 हजार से ज्यादा हो गई है । भोपाल में आज 253 और ग्वालियर में 248 नए मरीज मिले हैं जो जिले में अब तक का सबसे ज्यादा आंकड़ा है । इंदौर में 259 नए मरीज मिलने से कोरोना संक्रमितों कि संख्या 13752 तक पहुंच गई है । नीमच से अच्छी खबर है कि यहां 15 मरीज स्वस्थ हो गए हैं । अब तक यहां 1 हजार से अधिक मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, यहां अब केवल 198 एक्टिव केस हैं । वही देवास में भी 10 मरीज डिस्चार्ज हुए हैं । उधर अशोकनगर में 11 नए मरीज मिले हैं । इस बीच एक कोरोना संक्रमित की मौत हो गई है । उमरिया में 15 लोगों ने कोरोना के खिलाफ जंग जीती है । खंडवा में आज 7 नए मरीज मिले हैं । उधर जबलपुर में एक दृष्टिबाधित दिव्यांग ने कोरोना के खिलाफ जंग जीत कर आज घर वापसी की ।

लेह-नरवडे
         सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे, लद्दाख के 2 दिन के दौरे पर हैं । पूर्वी लद्दाख में पेगोंग झील के दक्षिण किनारे पर चीन की सेना के साथ भारतीय सेना के ताजा झड़प के बाद सेना प्रमुख वहां गए हैं । 29 और 30 अगस्त की रात को भारतीय सेना ने चीन की सेना की घुसपैठ की कोशिश को विफल कर दिया था । इस घटना के बाद दोनों देशों के बीच चुशुल सीमा पर 31 अगस्त से 3 दिन तक ब्रिगेडियर स्तर की बातचीत हुई । इस मुद्दे का समाधान कर पूर्वी लद्दाख क्षेत्र में शांति बहाल करने के प्रयास जारी हैं ।

वित्त-आयोग
         15वे वित्त आयोग की आर्थिक परामर्श परिषद की एक बैठक आज होगी । जिसकी अध्यक्षता आयोग के अध्यक्ष एनके सिंह करेंगे । बैठक में सकल घरेलू उत्पाद-जीडीपी की वृद्धि दर, केंद्र और राज्यों के कर स्वरूप, वस्तु तथा सेवा कर, क्षतिपूर्ति के भुगतान, राजस्व घाटा अनुदान और वित्तीय सुदृढ़ता के मुद्दे पर विचार-विमर्श किया जाएगा ।

चीनीऐप-साइबर विशेषज्ञ
          साइबर विशेषज्ञ पवन दुग्गल ने कहा है कि चीन के ऐप पर भारत द्वारा प्रतिबंध लगाने से चीन की अर्थव्यवस्था पर चोट पड़ेगी । श्री दुग्गल ने कहा कि इन एप्लीकेशन का वैश्विक मूल्य 50 से 60% तक गिर गया है । उन्होंने कहा कि इन एप से हजारों करोड रुपए कमाए जाते थे । उन्होंने कहा कि ब्लॉक किए गए ऐप के माध्यम से बड़ी मात्रा में डाटा भारत से बाहर जाता था । सरकार ने पब्जी सहित 118 मोबाइल एप्लीकेशन पर रोक लगाई है । इससे पहले जून में भी केंद्र सरकार ने टिक-टॉक सहित 59 मोबाइल ऐप पर प्रतिबंध लगाया था ।

प्रधानमंत्री-टि्वटर
           ट्विटर प्रबंधन ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तिगत वेबसाइट से जुड़ा और हैक किया गया अकाउंट अब बहाल कर दिया गया है । ट्विटर के एक प्रवक्ता ने कहा है कि वे इस स्थिति की गहन जांच कर रहे हैं । संबंधित अकाउंट में करीब 25 लाख फ़ॉलोवर्स थे । 15 जुलाई को एलन मस्क, बिल गेट्स, बराक ओबामा, जेफ बिजोस जैसे दिग्गज लोगों के अकाउंट हैक कर लिए गए थे ।

स्व-सहायता
           खंडवा में ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्व-सहायता समूह की महिलाएं जैविक खाद और कीटनाशक तैयार कर आत्मनिर्भर हो रही हैं । इसके अलावा यह महिलाएं वर्मी कंपोस्ट भी तैयार कर रही हैं । सीईओ रोशन कुमार ने कहा है कि महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर हो रही हैं ।

पेयजल
          लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री ऐंदल सिंह कंषाना ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रदेश के ग्रामीण अंचलों में वर्षाकाल में पेयजल की सुचारू व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाए । ग्रामीणों को शुद्ध और पर्याप्त पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित हो ।

छात्र-रिसर्च
          निवाड़ी जिले की उबोरा गांव के एक छात्र और उसके दोस्तों की रिसर्च को इंटरनेशनल जनरल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में पब्लिश किया गया है । जवाहर नवोदय विद्यालय कुंडेश्वर के छात्र अजय देव परमार की इस रिपोर्ट ने उन्होंने रोबोटिक्स के क्षेत्र में ऑटोमेटिक क्लीनिंग रोबोट की रिसर्च की । इस रिसर्च में भारत के अलग-अलग राज्यों के 7 लोग शामिल थे । अजय ने बताया कि उन्होंने पूरी रिसर्च डिजिटल प्लेटफॉर्म के तहत घर से ही की ।

सहकारिता
            सहकारिता एवं लोक सेवा प्रबंधन मंत्री डॉ. अरविंद सिंह भदोरिया ने कहा है कि कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में सहकारिता आंदोलन की प्रमुख भूमिका है । उन्होंने निर्देश दिए हैं कि वे सहकारिता से संबंधित शासन की योजनाओं को पारदर्शिता के साथ प्रभावी रूप से मैदानी स्तर पर क्रियान्वयन सुनिश्चित कराया जाए ताकि हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ मिल सके । डॉ भदोरिया ने यह भी कहा है कि वे 5 सितंबर को विस्तार से समीक्षा करेंगे ।

मौसम
         एक बार फिर से मौसम का मिजाज बदलने वाला है । अगले दो दिनों में पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार हैं । मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है और मानसून की अक्षय रेखा इस सरकुलेशन के आसपास है । जिसके चलते राज्य के विभिन्न भागों पर फिर से मानसून सक्रिय हो रहा है । इस दौरान भोपाल, रायसेन, होशंगाबाद और आसपास के अन्य जिलों में भी बारिश हो सकती है । 6 से 8 सितंबर के बीच बारिश का एक नया दौर देखने को मिलेगा । मौसम विभाग ने 6 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है । रीवा, सतना, सीधी, शहडोल, उमरिया, पन्ना जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है ।

अब कुछ समाचार संक्षेप में
1. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान रायसेन तहसील के बाढ़ प्रभावित ग्रामों का द्वारा करेंगे श्री चौहान ग्राम पगनेश्वर में किसानों से संवाद भी करेंगे ।
2. शहडोल के पंडित शंभूनाथ शुक्ल विश्वविद्यालय की स्नातक अंतिम वर्ष और स्नातकोत्तर चतुर्थ सेमेस्टर की ओपन बुक सिस्टम परीक्षा 8 सितंबर से शुरू हो रही है । परीक्षा को लेकर सभी तैयारीयां पूरी कर ली गई है ।
3. सागर बीना रोड रेलवे गेट नंबर 11 पर एक ट्रक अनियंत्रित होकर बंद फाटक को तोड़ता हुआ वहां खड़े अन्य वाहनों और राहगीरों से टकरा गया । जिससे एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई ।
4. मंडी एक्ट के विरोध में होशंगाबाद जिले में 3 दिन मंडिया बंद रहेंगी ।

इस बुलेटिन में इतना ही घर पर रहिए सुरक्षित रहिए और पढ़ते रहिए प्रादेशिक समाचार नमस्कार ।
If You Enjoyed This, Take 5 Seconds To Share It

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें