02 सितंबर, 2020

मध्य प्रदेश समाचार | आज के समाचार | दिनांक 02.09.2020

Leave a Comment
भोपाल से प्रस्तुत हैं प्रादेशिक समाचार ।

नमस्कार समाचारों के साथ में जितेंद्र रघुवंशी पहले मुख्य समाचार ।

1. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा बाढ़ प्रभावित लोगों को उनके नुकसान का सर्वे कर उचित राशि शीघ्र दिलाई जाएगी ।
2. जेईई परीक्षा शुरू, प्रदेश में शामिल हो रहे हैं 47 हजार से ज्यादा छात्र ।
3. कोरोना संक्रमितों की संख्या 65 हजार से अधिक अब तक 49 हजार से ज्यादा लोग हुए स्वस्थ ।

मुख्यमंत्री दौरा
           मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज देवास और सीहोर जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों की स्थिति का जायजा लिया । मुख्यमंत्री ने देवास जिले के नेमावर के प्रभावित इलाके में पीड़ितों से संवाद किया । इस दौरान उन्होंने कहा कि बाढ़ से नुकसान तो हुआ है । लेकिन पुलिस, प्रशासन, एनडीआरएफ सहित कई लोगों ने इस आपदा में जनहानि नहीं होने दी । उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को उनके मकान, खेत और फसलों के नुकसान का सर्वे कर उचित राशि शीघ्र दिलवाई जाएगी । श्री चौहान ने कहा कि सरकार बाढ़ पीडितों की हरसंभव मदद करेगी इस दौरान मुख्यमंत्री ने नेमावर में फ्लाईओवर ब्रिज के निर्माण की घोषणा भी की ।

कोविड-देश
          देश में कोविड-19 के रोगियों के स्वास्थ्य होने की दर में और सुधार होने से यह 76.94 प्रतिशत हो गई है । पिछले 24 घंटों के दौरान लगभग 65 हजार से अधिक रोगी स्वस्थ हुए हैं । केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि अब तक लगभग 2 लाख 84 हजार लोग ठीक हो चुके हैं । इस समय कुल संक्रमित लोगों में से केवल 21.29% रोगी ही संक्रमित हैं जिनका इलाज चल रहा है । मंत्रालय ने कहा है कि स्वास्थ्य होने वालों की संख्या अगस्त के आखिरी सप्ताह में जुलाई के पहले सप्ताह के मुकाबले 4 गुना अधिक हो गई है । प्रभावी तरीके से नमूनों की जांच और रोगी के संपर्कों का पता लगाने तथा उपचार करने से बड़ी संख्या में लोग स्वस्थ हुए हैं और मरने वालों की संख्या भी कम हुई है । इस समय देश में कोरोना से होने वाली मृत्यु दर 1.77 प्रतिशत है ।

संयुक्त प्रवेश परीक्षा
          देश के शीर्ष इंजीनियरिंग कॉलेजों में प्रवेश के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा जेईई पूरी तैयारी के साथ शुरू हुई । लगभग 660 केंद्रों पर 6 सितंबर तक आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए लगभग 9 लाख 58 हजार उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया है । कोविड महामारी के दौरान आयोजित होने वाली यह ऐसी पहली परीक्षा है जिसमें लगभग 10 लाख छात्रों के लिए 600 से अधिक केंद्र बनाए गए हैं । प्रदेश में 11 जिलों में 26 परीक्षा केंद्रों पर सोशल डिस्टेंसिंग सहित स्वास्थ्य विभाग की गाइडलाइंस का खास ख्याल रखा  गया । राजधानी भोपाल में इस परीक्षा के लिए 4 केंद्र बनाए गए हैं । प्रशासन द्वारा विद्यार्थियों को सेंटर तक पहुंचाने के लिए परिवहन की सुविधा भी दी गई । परीक्षा में प्रदेश से लगभग 47 हजार से अधिक छात्रों ने अपना पंजीयन कराया है ।

कोरोना प्रदेश
         प्रदेश में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 65 हजार से अधिक हो गई है, वही 49 हजार से ज्यादा लोग कोरोना को मात दे चुके हैं । अब राज्य में 13 हजार से अधिक सक्रिय मामले हैं । राजधानी भोपाल में आज 199 नए मामले सामने आए है, जिससे संक्रमितों की संख्या बढ़कर 11000 के करीब पहुंच गई है । इंदौर में 258 नए मरीज मिलने से संक्रमितों की संख्या 13500 के करीब हो गई है, हालांकि इनमें से 9000 से ज्यादा लोग स्वस्थ हो चुके हैं । उज्जैन में 15, अशोकनगर में 16, बैतूल में 42, खंडवा में 14 नए मामले सामने आए हैं ।

दिव्यांग अधिकार
          राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत प्रदेश में दिव्यांग लोगों को भी इस योजना का लाभ दिया जा रहा है । प्रमुख सचिव फैज अहमद किदवई द्वारा जारी आदेश के मुताबिक इस अधिनियम में प्राप्त सुविधाओं में वंचित रह गए दिव्यांगजन हितग्राहियों को 15 सितंबर तक विशेष अभियान चलाकर योजना का लाभ दिया जाएगा । आधिकारिक जानकारी के अनुसार राज्य की स्पर्श पोर्टल में 6 लाख 63 हजार से अधिक दिव्यांगजन दर्ज हैं । जिनमें से 5 लाख 23 हजार से अधिक दिव्यांग जनों को योजना का लाभ मिल रहा है । वहीं सरकार ने कोविड-19 के संक्रमण के चलते आगामी आदेश तक दिव्यांग शिक्षकों को विद्यालय में आने से छूट प्रदान की है ।

मौसम
प्रदेश में तेज बारिश का दौर थमने के बाद भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर और होशंगाबाद संभागों में बारिश दर्ज की गई । मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान भोपाल, इंदौर, उज्जैन, होशंगाबाद और रीवा संभागों के कुछ जिलों में तथा उमरिया, डिंडोरी, मंडला और बालाघाट जिलों में बारिश होने की संभावना जताई है ।

अब कुछ समाचार संक्षेप में
1. राजीव कुमार ने आज देश के चुनाव आयुक्त का कार्यभार संभाल लिया है   1984 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी श्री कुमार तीसरे आयुक्त के रूप में कार्य करेंगे ।
2. अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री रामखेलावन पटेल ने कहा है कि, राज्य में वक्फ बोर्ड की संपत्तियों की देखरेख इस तरह से की जाए जिससे बोर्ड की आय बढ़ सके ।
3. बड़वानी जिले के सेंधवा गांव के पास मोटरसाइकिल की सड़क दुर्घटना में एक महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई ।
4. इंदौर लोकायुक्त पुलिस ने श्योपुर पदस्थ खनिज अधिकारी के विरुद्ध छापेमार कार्यवाही की जिसमें करोड़ों रुपए की संपत्ति जांच में सामने आई है ।
5. शिवपुरी जिले में युवाओं ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नाम ज्ञापन दिया है, जिसमें उन्होंने रोजगार के अवसर बढ़ाने की मांग की है ।

इस बुलेटिन में इतना ही घर पर रहिए सुरक्षित रहिए और पढ़ते रहिए प्रादेशिक समाचार नमस्कार ।
If You Enjoyed This, Take 5 Seconds To Share It

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें