01 सितंबर, 2020

मध्य प्रदेश समाचार | आज के समाचार | दिनांक 01.09.2020

Leave a Comment
भोपाल से प्रस्तुत हैं प्रादेशिक समाचार ।

नमस्कार समाचारों के साथ में जितेंद्र रघुवंशी पहले मुख्य समाचार ।

1. पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी का निधन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित तमाम नेताओं ने दी श्रद्धांजलि ।
2. प्रदेश में बाढ़ के हालात सुधरे, मुख्यमंत्री ने दिए जनजीवन को सामान्य बनाने के निर्देश ।
3. राज्य में कोरोना संक्रमित की संख्या 63 हजार के पार, अब तक 48 हजार से अधिक लोग हुए स्वस्थ ।
4. राष्ट्रीय पोषण माह कल से, अति कुपोषित बच्चों की सेहत और किचन गार्डन पर दिया जाएगा खास ध्यान ।

पूर्व राष्ट्रपति निधन
          पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी का आज दिल्ली के सैन्य अस्पताल में निधन हो गया । वे 84 वर्ष के थे । श्री मुखर्जी को इस महीने की 10 तारीख को इलाज के लिए भर्ती किया गया था । 2012 से 2017 तक देश के 13वें राष्ट्रपति रहे स्वर्गीय मुखर्जी की गिनती देश के कुशल नेताओं में होती रही है । कांग्रेसी सरकारों के दौरान उन्होंने केंद्र में गृह, वित्त, विदेश मंत्रालय सहित कई महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाली । उनके निधन पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित विभिन्न नेताओं ने शोक संवेदना व्यक्त की हैं । राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अपनी श्रद्धांजलि में कहा कि उनके देहावसान से एक युग की समाप्ति हो गई । वहीं, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि श्री मुखर्जी ने राष्ट्र के विकास पथ पर एक अमिट छाप छोड़ी है । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें मां भारती का गुणी और राष्ट्र के प्रति समर्पित पुत्र बताया ।

बाढ़ स्थिति
         प्रदेश में बारिश रुकने से बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य में तेजी आई है । होशंगाबाद में नर्मदा नदी का जलस्तर कम हो रहा है । वहीं, बारना और तवा बांध के सभी गेट बंद कर दिए गए हैं । सीहोर, रायसेन, नरसिंहपुर, जबलपुर, सागर सहित अन्य बाढ़ प्रभावित जिलों में हालात बेहतर हो रहे हैं । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राहत कार्य में सहयोग के लिए सेना और एनडीआरएफ का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि बाढ़ के बाद बीमारियों से बचाव के लिए एक अभियान भी चलाया जाएगा । दूसरी तरफ विदिशा जिले में पिछले 24 घंटे से बारिश तो नहीं हुई लेकिन भोपाल में कलियासोत और भदभदा डैम के गेट खोले जाने के बाद से बेतवा के जलस्तर में बढ़ोतरी हो रही है और वह खतरे के निशान से 3 फुट ऊपर बह रही है । एसडीआरएफ और होमगार्ड के जवान लगातार लोगों के बीच पहुंचकर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर ले जा रहे हैं । अब तक लगभग 700 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है ।

अतिवर्षा समीक्षा
           मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अति वर्षा से प्रभावित हुए जनजीवन को सामान्य बनाने के संबंध में वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से बैठक की । श्री चौहान ने अधिकारियों से बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के प्रयासों की जानकारी ली । श्री चौहान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फसलों, सड़कों, पेयजल स्त्रोतों, मकानों आदि की क्षति का आकलन कर शीघ्र रिपोर्ट तैयार की जाए । प्रदेश में अति वर्षा से हुई क्षति की जानकारी केंद्र सरकार को भेजी जाएगी । मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को प्रदेश में हुई फसलों की स्थिति से अवगत कराया गया है । उन्होंने सोयाबीन की खेती का विस्तृत आकलन करने के निर्देश दिए हैं । मुख्यमंत्री ने आज भी सीहोर जिले सहित विभिन्न बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया ।

संस्कृत विश्वविद्यालय
          राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने कहा है कि कोविड-19 की लड़ाई में जीवन और आजीविका दोनों की सुरक्षा पर ध्यान देना जरूरी है । उन्होंने युवाओं का आव्हान किया है कि अपने सपनों को पूरा करने के प्रयासों में वे निरंतर जुटे रहे तो सफलता निश्चित है । श्रीमती पटेल आज महर्षि पाणिनि संस्कृत एवं वैदिक विश्वविद्यालय की योगेश्वर श्री कृष्ण योग भवन एवं आचार्य सांदीपनि शिक्षा भवन के शिलान्यास कार्यक्रम को लखनऊ राजभवन से ऑनलाइन संबोधित कर रही थी । राज्यपाल ने आव्हान किया है कि प्रत्येक नागरिक आत्मनिर्भर भारत की प्रतिज्ञा करें । यह तय करें कि आयात को कम से कम करने की दिशा में योगदान करेंगे । लघु उद्योगों को सशक्त बनाने लोकल के लिए वोकल बनेंगे । अधिक से अधिक नवाचार करेंगे ।

रक्षा मंत्रालय
         चीन के सैनिकों ने पूर्वी लद्दाख में एक बार फिर नापाक हरकत करते हुए दोनों देशों के बीच बनी सहमति का उल्लंघन कर यथास्थिति को बदलने की कोशिश की है जिसका भारतीय सैनिकों ने करारा जवाब दिया और विफल कर दिया है । रक्षा मंत्रालय ने आज एक बयान जारी कर बताया कि पूर्वी लद्दाख में पिछले 3 महीने से भी अधिक समय से चले आ रहे गतिरोध के बीच चीनी सैनिकों ने 29 और 30 अगस्त की रात को पेगांग झील के दक्षिणी किनारे पर भड़काऊ हरकत की और यथा स्थिति बदलने की कोशिश की । बयान में कहा गया है कि भारतीय सैनिकों ने चीन की नापाक हरकत को पहले ही भांप लिया और इसका करारा जवाब देते हुए इस कोशिश को विफल कर दिया ।

प्रदेश-कोरोना
          प्रदेश में कोविड-19 मामलों की संख्या 63 हजार से अधिक हो गई है, हालांकि अब तक 48 हजार से ज्यादा लोग स्वस्थ हो चुके हैं । मध्यप्रदेश में अभी भी 13500 से अधिक सक्रिय मामले हैं । भाजपा उपाध्यक्ष प्रभात झा भी कोरोना संक्रमित हो गए हैं । श्री झा ने एक ट्वीट के माध्यम से जानकारी देते हुए लोगों से अपील की है की इस दौरान जो भी लोग उनके संपर्क में आए हैं, वे अपनी जांच करा लें । इंदौर में संक्रमितों की संख्या 13 हजार के करीब हो गई है । भोपाल में आज 229 लोग मिले हैं, इसके फलस्वरूप राजधानी में कोरोना संक्रमितों की संख्या 10725 हो गई है । देवास में 15 नए मरीज मिले हैं, यहां कुल मरीजों की संख्या 718 हो गई है । हालांकि अब तक 576 लोग ठीक हो चुके हैं । मंदसौर में 26 लोग संक्रमित पाए गए है । वहीं अशोकनगर में 3 और कटनी में 9 लोग पॉजिटिव मिले हैं । इनमें पांच लोग एक ही बैंक के कर्मचारी हैं ।

मशरूम खेती
         प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर अभियान पर अमल करते हुए मंदसौर जिले के फतेहगढ़ गांव के किसान बालाराम धाकड़ ने बिना किसी प्रशिक्षण के घर में ही मशरूम की खेती शुरू की है । उनका कहना है कि यह कम समय में अच्छी आय का बेहतर विकल्प है ।

पोषण माह
          पोषण अभियान के अंतर्गत महिलाओं और बच्चों के पोषण स्तर की बेहतरी के उद्देश्य से इस बर्ष भी सितंबर माह को राष्ट्रीय पोषण माह के रुप में मनाया जाएगा । इस वर्ष पोषण माह 2020 दो मुख्य उद्देश पर आधारित है । पहला अति कुपोषित बच्चों को चिन्हित और उनकी मॉनिटरिंग करना तथा दूसरा किचन गार्डन को बढ़ावा देने के लिए पौधारोपण अभियान है । प्रदेश स्तर पर इस वर्ष पोषण माह के दौरान विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा । गौरतलब है कि वर्ष 2018 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पोषण अभियान को प्रारंभ किया था । इसका मुख्य उद्देश्य जन आंदोलन और जनभागीदारी से कुपोषण को मिटाना है । प्रधानमंत्री ने मन की बात में भी लोगों से पोषण माह के दौरान जागरूकता फैलाने की बात कही थी ।

अनंत चतुर्दशी
         आज अनंत चतुर्दशी है । इसके साथ ही 11 दिनों से चल रहा गणेश उत्सव संपन्न हो जाएगा । इस अवसर पर घर-घर विराजे गणपति की मूर्तियों का विसर्जन किया जाएगा । राज्य सरकार ने भगवान गणेश की मूर्तियों को इकट्ठा करने के लिए वार्ड स्तर पर केंद्र बनाए हैं । साथ ही लोगों से अपील की है कि वे संभव होने पर माटी गमलों में या घर के समीप ही मूर्तियों का विसर्जन करें । कोरोना के चलते मूर्ति विसर्जन के चल समारोह पर रोक लगाई गई है ।

अब कुछ समाचार संक्षेप में
1. लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जल भवन, बाणगंगा में राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है । यहां फोन नंबर 0755-2779417 पर संपर्क किया जा सकता है ।
2. विमुक्त, घुमक्कड़ और अर्ध घुमक्कड़ जनजाति कल्याण राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार रामखेलावन पटेल ने आज विमुक्त जाति दिवस पर वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से जिला के प्रतिनिधियों से योजनाओं के संबंध में चर्चा की ।
3. पन्ना जिले के पवई में एसडीओपी कार्यालय में पदस्थ रामप्यारे गर्ग को पुलिस विभाग में सराहनीय कार्य करने पर राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया जाएगा ।
4. बैतूल जिला कलेक्टर ने आज 1 सितंबर को अनंत चतुर्दशी के अवसर पर स्थानीय अवकाश घोषित किया है । यह अवकाश कोषालय एवं उप कोषालय पर लागू नहीं होगा ।
5. मध्य प्रदेश संविदा कर्मचारी अधिकारी महासंघ ने शिक्षा मंत्री से मुलाकात कर संविदा कर्मचारियों को नियमित करने तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय तथा बालिका छात्रावासों में कार्यरत विधवा और परित्यक्ता सहायक वार्डनो के स्थानांतरण आदेश निरस्त करने की मांग की है ।
6. खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया ने सोमवार को टी.टी. नगर स्टेडियम में मध्यप्रदेश में खेलो इंडिया अभियान की समीक्षा की ।
7. बैतूल जिले में सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई और एक की हालत गंभीर है ।

इस बुलेटिन में इतना ही घर पर रहिए सुरक्षित रहिए और पढ़ते रहिए प्रादेशिक समाचार नमस्कार ।
If You Enjoyed This, Take 5 Seconds To Share It

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें