12 अगस्त, 2020

मध्य प्रदेश समाचार | दोपहर के समाचार | दिनांक 12.08.2020

Leave a Comment

नमस्कार समाचारों के साथ में जितेंद्र रघुवंशी पहले मुख्य समाचार

1. प्रदेश में कोविड-19 की रिकवरी दर 75% से ज्यादा हुई कल 843 नए मरीज मिले, वही 922 स्वस्थ होकर घर लौटे।
2. भोपाल में योग क्लास और जिम खोलने के लिए दिशानिर्देश जारी, खंडवा में भी आज से खुलेंगी व्यायाम शालाएं ।
3. 1 सितंबर से राज्य में आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश के रोडमैप पर कार्य होगा शुरू ।
4. प्रदेश भर में आज हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा कृष्ण जन्माष्टमी पर्व ।

प्रदेश-कोरोना
       प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 843 नए मामले सामने आने के बाद राज्य में कोविड-19 मामलों की संख्या बढ़कर 40734 हो गई है । वही रिकवरी दर बढ़कर 75% से ज्यादा हो गई है ।
        उज्जैन में कल 9 व्यक्तियों के स्वस्थ होने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी गई । जिले में अब 1100 से ज्यादा कोरोना को हरा चुके हैं । इसी तरह इंदौर में भी कल 75 मरीजों की कोरोना संक्रमण से मुक्त होने पर उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया । जिले में अब तक 6076 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं । सिवनी में कल 9 व्यक्तियों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई । वही कटनी में 16 नए मरीजों का पता चला । डिंडोरी में सबसे अधिक कल 14 कोविड-19 के प्रकरण सामने आए । खंडवा जिले में भी 10 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है । वहीं तीन लोगों के स्वस्थ होने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी गई है । झाबुआ में 4 नए मरीजों के साथ संक्रमितों का आंकड़ा 240 हो गया है । गुना में कल प्राप्त 74 रिपोर्ट में से 2 लोगों के नमूने पॉजिटिव पाए गए । मंडला में 7 नए मरीजों के साथ संक्रमितों की संख्या 81 हो गई है ।
        श्योपुर में कल 20 नये प्रकरण सामने आए । इनमें 16 विजयपुर के मरीज शामिल हैं । मुरैना में 10, नीमच में 23 नए मरीज मिले हैं । उधर दमोह में कल एक महिला के स्वस्थ होने पर उसे अस्पताल से छुट्टी दी गई । पिछले दिनों महिला की कोविड केयर सेंटर में भी सुरक्षित प्रसव कराया गया था ।


योग क्लास
        भोपाल में योग क्लास और जिम खोलने के लिए दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं । जिला प्रशासन की एडवाइजरी में कहा गया है-जिम में फ्लोर एरिया के हिसाब से व्यक्तियों को प्रवेश दिया जाए । प्रति व्यक्ति 4 स्क्वायर मीटर का क्षेत्र आरक्षित रहेगा । इसके अलावा जिम में मशीनों के बीच दूरी कम से कम छह फिट होना चाहिए। मशीनों को समय-समय पर सैनिटाइज करने और वर्कआउट के लिए अलग से जूते लाए जाने के निर्देश दिए गए हैं । अगर अधिकारियों के निरीक्षण के दौरान संख्या से अधिक लोग मिले तो जिम को 15 दिन के लिए सील किया जा सकता है । उधर खंडवा में भी योग संस्थान, व्यायामशाला और जिम खोले जाने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं । प्रशासन के इस फैसले का जिम संचालकों ने स्वागत किया है ।

कोरोना-अभियान
          प्रदेश में कोरोना के खिलाफ 15 अगस्त से "सहयोग से सुरक्षा" अभियान शुरू किया जाएगा । स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव से फैज अहमद किदवई ने कहा कि सहयोग और संकल्प से ही इस महामारी पर विजय प्राप्त होगी । श्री किदवई ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस से वृहद स्तर पर इस अभियान की शुरुआत की जा रही है । इस दिन भोपाल में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शपथ लेंगे । साथ ही प्रत्येक जिला मुख्यालय में भी स्थानीय जन-प्रतिनिधियों द्वारा शपथ ली जाएगी । अभियान के दौरान आमजन से अपील की जाएगी कि कोविड-19 के संक्रमण से बचाव के लिए जरूरी सावधानियों को अपने व्यवहार में शामिल करें । इस अपील में स्थानीय खेल प्रतिभाओं, कलाकारों एवं क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को जोड़ा जाएगा ।

आत्मनिर्भर-रोडमैप
            1 सितंबर से राज्य में आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश के रोडमैप पर कार्य शुरू हो जाएगा । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कल कहा कि प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत को साकार करने के लिए आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश का रोड मैप तैयार किया जा रहा है । इसके लिए आयोजित की गई चार दिवसीय बेबिनार में महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त हुए हैं । इन सुझावों को शामिल कर रोडमैप को अंतिम रूप देने के लिए प्रदेश के मंत्रियों के समूह गठित किया जा रहे हैं । मंत्री समूह अपना ड्राफ्ट 25 अगस्त तक प्रस्तुत कर देंगे । इस ड्राफ्ट पर नीति आयोग के सदस्यों के साथ विचार-विमर्श उपरांत 31 अगस्त तक आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश के रोडमैप को अंतिम रूप दे दिया जाएगा ।

जन्माष्टमी
            भगवान कृष्ण का जन्मोत्सव-जन्माष्टमी आज देश के विभिन्न भागों में मनाई जा रही है । उत्तर प्रदेश में मथुरा और वृंदावन में जन्माष्टमी पूरे विधि विधान के साथ मनाई जाएगी हालांकि कोरोना संक्रमण के कारण श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी । श्रद्धालुओं के लिए पूजा का सीधा प्रसारण उपलब्ध कराने के प्रबंध किए गए हैं । राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों को जन्माष्टमी की बधाई दी है । प्रदेश में भी कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धार्मिक हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा । हालांकि अष्टमी तिथि 2 दिनों तक होने के कारण कल भी कई स्थानों पर यह पर्व मनाया गया । राजधानी भोपाल में जन्माष्टमी के अवसर पर लक्ष्मीनारायण, श्री कृष्णप्रणामी, गुफामंदिर के साथ-साथ पटेल नगर में इस्कॉन मंदिर व अन्य मंदिरों में कृष्ण जन्म की झांकियां सजाई गई हैं ।

अब कुछ समाचार संक्षेप में
1. सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी और रोडमल नागर कल आगर मालवा में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में शामिल हुए ।
2. गुना कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक वन भूमि पर अनाधिकृत कब्जे नहीं करने की समझाइश देने के लिए कल जिले के बमोरी और कुशेपुर पहुंचे । इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत की ।

इस बुलेटिन में इतना ही घर पर रहिए सुरक्षित रहिए और पढ़ते रहिए प्रादेशिक समाचार नमस्कार
If You Enjoyed This, Take 5 Seconds To Share It

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें