13 अगस्त, 2020

मध्य प्रदेश समाचार | आज के समाचार | दिनांक 13.08.2020

Leave a Comment
भोपाल से प्रस्तुत हैं प्रादेशिक समाचार ।

नमस्कार समाचारों के साथ में जितेंद्र रघुवंशी पहले मुख्य समाचार ।

1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल ईमानदार करदाताओं पर केंद्रित वेब पोर्टल की करेंगे शुरुआत ।
2. प्रदेश में कोरोना संक्रमित की संख्या 41 हजार के पार, अब तक 75 फीसद से ज्यादा हुए स्वास्थ्य ।
3. श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर प्रदेश भर में कार्यक्रम, मंदिरों में सजी कृष्ण जन्म की झांकियां ।
4. प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मानसून सक्रिय । 10 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी ।

वेब पोर्टल-पीएम
       प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल पारदर्शी कराधान-ईमानदार का सम्मान बेब पोर्टल की शुरूआत करेंगे । प्रत्यक्ष कर सुधारों की दिशा में सरकार के महत्वपूर्ण उपायों के अंतर्गत इस पोर्टल की शुरूआत वीडियो कांफ्रेंस के जरिए की जाएगी । इस वेब पोर्टल के शुरू होने से कर सुधारों की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी । केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड-सीबीडीटी ने हाल के वर्षों में अप्रत्यक्ष कर प्रणाली के क्षेत्र में कई बड़े सुधार किए हैं । पिछले साल कॉरपोरेट्स कर की दरों को 30% से घटाकर 22% किया गया था । आयकर विभाग कोविड महामारी के दौरान करदाताओं के लिए अनुपालन आसान बनाने के प्रयासों के लिए प्रतिबद्ध है । इसके तहत आयकर रिटर्न की वैधानिक समय सीमा बढ़ाई गई है । लोगों के पास नकदी बढ़ाने के लिए कर रिफंड की प्रक्रिया में भी अत्यधिक तेजी लाई गई ।

प्रदेश-कोरोना
        प्रदेश में कोविड-19 मामलों की संख्या बढ़कर 41 हजार के करीब पहुंच गई है । जबकि रिकवरी दर बढ़कर 75% से ज्यादा हो गई है । भोपाल में आज 86 नए मामले सामने आए हैं । गौरतलब है कि 28 दिनों बाद संक्रमितों की संख्या 100 से कम आई है । राजधानी में संक्रमितों की संख्या बढ़कर अब 8000 से अधिक हो गई है । सीहोर जिले में आज 18 नए मरीज मिले हैं । जिससे कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 406 हो गई है । जिनमें 274 लोग स्वस्थ होकर अपने घर लौट चुके हैं । देवास जिले में आज 4 नए मरीज मिलने से पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा 500 के पार हो गया है । छिंदवाड़ा जिले में 9 नए संक्रमित मरीज मिलने से कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 249 हो गई है । आगर मालवा जिले में 10 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है । जिससे कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 129 पर पहुंच गया है । इनमें से छह लोगों की मौत हो गई है, वहीं 89 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं । होशंगाबाद जिले में 17 नए मरीज मिले हैं । जिले में संक्रमितों की संख्या 318 हो गई है । वहीं 234 लोग स्वास्थ्य हो गए हैं । शहडोल जिला जेल में 14 महिला कैदी कोरोना पॉजिटिव पाई गई है । नए संक्रमित होने वालों में पुलिस विभाग के 1 दर्जन से अधिक लोग भी शामिल हैं । जिले में 1 दिन में सबसे अधिक 33 नए मामले सामने आए हैं । संक्रमितों की संख्या बढ़कर 180 से अधिक हो गई है ।

वेबनार
         आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश के रोडमैप को अंतिम रूप देने के लिए प्रदेश के मंत्रियों के समूह गठित किए गए हैं । गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि मंत्रियों का समूह विशेषज्ञों और विद्वानों से प्राप्त हुए सुझावों के आधार पर 31 अगस्त तक ड्राफ्ट को अंतिम रूप दे देगा । तैयार ड्राफ्ट के आधार पर बनाए गए रोड मैप को एक सितंबर से लागू कर दिया जाएगा ।

स्व-निधि योजना
           प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत आवेदन करने वालों की संख्या पहले 41 दिनों में ही 5 लाख को पार कर गई है । इनमें से एक लाख लोगों को कर्ज भी मंजूर कर दिए गए हैं । इस योजना को लेकर रेहडी और पटरी विक्रेताओं में बहुत उत्साह देखा जा रहा है क्योंकि उन्हें लॉकडाउन के बाद अपना व्यवसाय फिर शुरू करने के लिए सस्ती दरों पर ऋण उपलब्ध कराए जा रहे हैं । इस योजना के अंतर्गत 1 वर्ष के लिए ₹10000 का कर्ज बिना किसी जमानत के दिया जा रहा है । इसके अलावा इन लोगों को कर्ज का नियमित भुगतान करने पर ब्याज में 7% वार्षिक की दर से सब्सिडी भी दी जाएगी । डिजिटल लेनदेन करने वालों को ₹1200 का कैशबैक मिलेगा ।

जन्माष्टमी
            भगवान श्री कृष्ण जन्माष्टमी आज प्रदेश में हर्षोल्लास के साथ मनाई जा रही है । हालांकि कोरोना संक्रमण के कारण श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश की अनुमति नहीं है । राजधानी भोपाल में जन्माष्टमी के अवसर पर लक्ष्मी नारायण मंदिर, श्री कृष्ण प्रणामी, गुफा मंदिर के साथ-साथ पटेल नगर में इस्कॉन मंदिर और अन्य मंदिरों में कृष्ण जन्म की झांकियां सजाई गई हैं । डिंडोरी जिले में श्री राधा कृष्ण मंदिर और बिट्ठल मंदिरों को सजाया गया है । जिले में कोई सामूहिक धार्मिक आयोजन नहीं किया जा रहा है । होशंगाबाद जिले में श्रीकृष्ण जन्माभिषेक और उनके दर्शन भक्तों को ऑनलाइन कराए जा रहे हैं । अधिकतर लोग घरों में ही रहकर श्री कृष्ण जन्मोत्सव मना रहे हैं । सतना, बैतूल सहित अन्य जिलों में भी जन्माष्टमी की धूम है ।

पुलिस पदक
          देश के 121 पुलिसकर्मियों को जांच पड़ताल के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए इस वर्ष केंद्रीय गृहमंत्री के पदक से सम्मानित किया गया है  इनमें प्रदेश के 10 पुलिसकर्मी भी शामिल हैं । पदक पाने वालों में सीबीआई के 15 कर्मी, महाराष्ट्र के 10, उत्तर प्रदेश के आठ और केरल तथा पश्चिम बंगाल पुलिस के सात-सात कर्मी भी शामिल हैं । इनमें 21 महिला पुलिस अधिकारी भी हैं । अपराध की व्यवसायिक जांच के उच्च मानकों और जांच अधिकारियों द्वारा उत्कृष्ट जांच कार्यों को बढ़ावा देने के लिए 2018 में यह पुरस्कार शुरू किया गया था ।

अतुल्य उपकरण-कोविड-19
           केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग तथा सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री नितिन गडकरी ने आज नागपुर में अतुल्य नाम का एक उपकरण जारी किया जो किसी भी परिसर को केवल 30 सेकंड में कोविड-19 कीटाणु रहित कर सकता है । रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन द्वारा प्रमाणित और फ्रांसीसी तथा अमेरिकी मानकों पर आधारित यह उपकरण देश में ही तैयार किया गया है ।

होटल संचालन
         कोरोना संक्रमण के कारण अब तक बंद राज्य पर्यटन विकास निगम के प्रदेश में स्थित सभी होटल और रेस्टोरेंट फिर से शुरू कर दिए गए हैं । इनमें भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, खजुराहो और पचमढ़ी क्षेत्र के सभी होटल और रेस्टोरेंट शामिल हैं । निगम के प्रबंध संचालक एस विश्वनाथन ने बताया कि इन होटलों का संचालन केंद्र और राज्य सरकार के कोरोना संक्रमण की रोकथाम के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाएगा ।

मौसम
         प्रदेश में पिछले चौबीस घंटों के दौरान अनेक स्थानों पर बारिश दर्ज की गई । आज शहडोल, रीवा, सागर और जबलपुर संभाग में बारिश हुई । सतना जिले में आज सुबह से लगातार बारिश होने से निचली बस्तियों में पानी भर गया है । शिवपुरी जिले में लगातार चार दिन से बारिश हो रही है । वहीं मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में सीधी, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, सागर, टीकमगढ़, हरदा, देवास, मुरैना और श्योपुरकला जिलों में भारी बारिश की आशंका जताई है । साथ ही विभाग ने रीवा, सतना सहित 10 जिलों में अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है ।

अब कुछ समाचार संक्षेप में
1.केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं ।
2. छिंदवाड़ा जिले में पुलिस ने 6 किलो गांजा जप्त कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है ।

इस बुलेटिन में इतना ही घर पर रहिए सुरक्षित रहिए और पढ़ते रहिए प्रादेशिक समाचार नमस्कार ।
If You Enjoyed This, Take 5 Seconds To Share It

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें