नमस्कार समाचारों के साथ में जितेंद्र रघुवंशी पहले मुख्य समाचार
1. प्रधानमंत्री ने कहा कोविड-19 महामारी पर नियंत्रण के प्रयास प्रभावी सिद्ध हो रहे हैं, मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़ी ।
2. राज्य में कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या 39000 से अधिक, वही 30,000 से ज्यादा लोग हुए स्वास्थ्य ।
3. मुख्यमंत्री ने कहा युवाओं को रोजगार देने के लिए प्रदेश में जॉब पोर्टल तैयार किया जाएगा ।
4. देशभर में कल हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा कृष्ण जन्माष्टमी पर्व ।
अब समाचार विस्तार से
पीएम कोरोना-चर्चा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि कोविड-19 महामारी पर नियंत्रण के प्रयास प्रभावी सिद्ध हो रहे हैं, क्योंकि देश में कोविड मरीजों का प्रतिशत घट रहा है और स्वस्थ होने की दर बढ़ रही है । वीडियो कांफ्रेंस के जरिए 10 राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बातचीत के अंत में श्री मोदी ने कहा कि सबसे अधिक महत्वपूर्ण बात लोगों का विश्वास है, जो बढ़ रहा है और डर दूर हो रहा है । प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्यों ने आज के विचार-विमर्श के जरिए एक दूसरे के अनुभवों से बहुत कुछ सीखा है । प्रधानमंत्री ने कहा कि संक्रमित व्यक्तियों के संपर्क में आए लोगों का पता लगाने, नियंत्रण और निगरानी कोविड-19 महामारी से निपटने के सबसे प्रभावशाली उपाय हैं ।
कोरोना-प्रदेश
प्रदेश में कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या 39000 से अधिक हो गई है । वहीं दूसरी ओर स्वस्थ होने वालों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है । अब तक 30000 से ज्यादा लोग स्वस्थ हो चुके हैं । राजधानी भोपाल में आज 107 नए मरीज मिले हैं । जिले में अब तक मिले 8000 से अधिक संक्रमितों में से 5000 से अधिक मरीज स्वस्थ हो चुके हैं । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि उनकी 'कोविड-19' रिपोर्ट नेगेटिव आई है । और वह चिकित्सकों की सलाह पर कल तक आइसोलेशन में रहेंगे । श्री चौहान ने ट्वीट करें जानकारी दी । खंडवा जिले में आज तीन लोगों को स्वस्थ होने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी । अशोकनगर जिले में आठ संक्रमित मिलने के बाद संक्रमितों की संख्या 124 हो गई है ।
सीएम-रोजगार
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि हर रोजगार चाहने वाले व्यक्ति को उसकी योग्यता के अनुरूप रोजगार मिले । उन्होंने कहा कि रोजगार चाहने वाले इतने सक्षम बन जाए कि एक दिन स्वयं रोजगार देने की स्थिति में आ जाएं, इस दिशा में प्रयास किए जाएंगे । श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में एकीकृत जॉब पोर्टल तैयार किया जाएगा । इससे युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में अपने हुनर से रोजगार दिलवाना आसान होगा । प्रदेश में जब कोरोना काल मे रोजगार सेतु पोर्टल के माध्यम से स्किल मैपिंग की गई तो अनेक हुनरमंद सामने आए । इनकी संख्या 7 लाख से अधिक थी । प्रदेश में स्टार्टअप से लेकर एमएसएमई क्षेत्र तक प्रतिभा को अवसर देकर आगे बढ़ाया जाएगा, उन्हें हताश नहीं होने दिया जाएगा ।
स्वतंत्रता समारोह
15 अगस्त को प्रदेश में देश के 74 वें स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह राजधानी भोपाल के लाल परेड ग्राउंड स्थित मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा । कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ध्वजारोहण करेंगे । इस अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी जाएगी । इसके बाद मुख्य अतिथि स्वतंत्रता दिवस पर अपना संदेश देंगे । इस बार कोरोना के चलते स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित होने वाले समारोह को संक्षिप्त किया गया है । जिसके चलते पदक अलंकरण कार्यक्रम भी स्थगित किया गया है । साथ ही पदक प्राप्त अधिकारियों कर्मचारियों को बाद में एक कार्यक्रम आयोजित कर सम्मानित किया जाएगा ।
जन्माष्टमी
प्रदेश में कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धार्मिक हर्षोल्लास के साथ कल मनाया जाएगा । हालांकि अष्टमी तिथि 2 दिनों तक होने के कारण कई स्थानों पर आज भी यह पर्व मनाया गया । राजधानी भोपाल में जन्माष्टमी के अवसर पर लक्ष्मी नारायण, श्री कृष्ण प्रणामी, गुफा मंदिर के साथ-साथ पटेल नगर में इस्कॉन मंदिर और अन्य मंदिरों में कृष्ण जन्म की झांकियां सजाई गई हैं । मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है । उज्जैन में जन्माष्टमी पर्व आज और कल 2 दिन तक मनाया जा रहा है । कोरोना संक्रमण के चलते शहर में नुक्कड़ चौराहे पर मटकी फोड़ के आयोजन भी नहीं होंगे । जबलपुर में कृष्ण जन्माष्टमी में शोभा यात्रा आयोजित नहीं की जाएगी । सीहोर में श्रद्धालुओं द्वारा जन्माष्टमी का पर्व आज मनाया जा रहा है । यहां कल भी जन्माष्टमी मनाई जाएगी । आगर मालवा जिले में भी जन्माष्टमी आज मनाई जा रही है । इस मौके पर मंदिरों में आकर्षक साज-सज्जा की गई है । कोरोना संक्रमण के चलते रायसेन जिले में सार्वजनिक स्थानों पर होने वाले विभिन्न परंपरागत कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे ।
राहत इंदौरी-निधन
मशहूर गीतकार और शायर राहत इंदौरी का आज निधन हो गया । कोरोना संक्रमण की वजह से उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया था । वे 70 वर्ष के थे । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित कई लोगों ने शोक व्यक्त किया है । अपनी शायरी से लाखों-करोड़ों दिलों पर राज करने वाले मशहूर राहत इंदौरी का जन्म 1 जनवरी 1950 में हुआ था । उनके वालिद देवास जिले के सोनकच्छ से रोजगार की तलाश में इंदौर आए और यहीं बस गए । राहत इंदौरी का बचपन का नाम कामिल था । बाद में इनका नाम बदलकर राहत उल्लाह कर दिया गया । राहत साहब का बचपन मुफलिसी में गुजरा । राहत ने भोपाल की बरकतउल्ला यूनिवर्सिटी से उर्दू में एमए किया था । राहत ने मुन्ना भाई एमबीबीएस, मीनाक्षी, खुद्दार, नाराज, मर्डर, मिशन कश्मीर, करीब, बेगम जान, घातक, इश्क, जानम, सर, आशियां और मैं तेरा आशिक जैसी फिल्मों में गीत लिखे । उर्दू शायरी ही नहीं हिंदी गीतों के चाहने वालों में राहत इंदौरी हमेशा जीवित रहेंगे । उनकी पुरजोश आवाज और हौसला मंद शायरी हमेशा याद आएगी ।
निबंध प्रतियोगिता
प्रदेश में स्कूली बच्चों के लिए "गंदगी मुक्त मेरा गांव" विषय पर ऑनलाइन चित्रकला और निबंध प्रतियोगिता 13 अगस्त को आयोजित की जाएगी । इसके अंतर्गत कक्षा 6 से 8 वीं के विद्यार्थी चित्रकला और कक्षा 9 से 12 वीं के छात्र निबंध प्रतियोगिता में शामिल हो सकेंगे ।
अब कुछ समाचार संक्षेप में
1. राज्यपाल एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत लालजी टंडन की अस्थियां आज होशंगाबाद के सेठानी घाट पर नर्मदा नदी में प्रवाहित की गई ।
2. गंदगी मुक्त भारत अभियान के तहत सागर जिले की ग्राम पंचायतों में दीवार लेखन और चित्र बनाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है ।
3. पर्यटन विकास निगम ने प्रदेश में स्थित अपने सभी होटल और रेस्टोरेंट का संचालन पर्यटकों की मांग पर फिर से शुरू कर दिया है ।
इस बुलेटिन में इतना ही घर पर रहिए सुरक्षित रहिए और पढ़ते रहिए प्रादेशिक समाचार नमस्कार
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें