भोपाल से प्रस्तुत हैं प्रादेशिक समाचार
नमस्कार समाचारों के साथ में जितेंद्र रघुवंशी पहले मुख्य समाचार
1. संक्रामक बीमारियों से निपटने के लिए देश में ब्लॉक स्तर पर स्थापित किए जाएंगे 100 बिस्तरों वाले केंद्र ।
2. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा प्रदेश में नई शिक्षा नीति का आदर्श क्रियान्वयन किया जाएगा ।
3. यात्री रेल सेवाएं 30 सितंबर तक रहेंगी बंद, मौजूदा विशेष ट्रेनों का संचालन रहेगा जारी ।
4. कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच राज्य में अब तक करीब 30 हजार मरीज हुए स्वास्थ्य । इंदौर में कल से शुरू होगा सीरो सर्वे ।
5. मौसम विभाग ने राजगढ़, होशंगाबाद, मंदसौर, नीमच सहित 18 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई ।
अब समाचार विस्तार से
आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश बेबीनार
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने कहा है कि केंद्र सरकार स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर सुविधाओं का विस्तार कर रही है । ये सुविधाएं चरणबद्ध तरीके से अमल में लाई जाएगी । डॉक्टर हर्षवर्धन आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के लिए शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे प्रमुख बिंदुओं पर आज आयोजित एक सेमिनार में बोल रहे थे । समापन सत्र को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि सरकार की ब्लॉक स्तर पर संक्रांमण बीमारियों से निपटने के लिए सौ बिस्तरों की सुविधा वाले केंद्र स्थापित करने की योजना है । उन्होंने प्रदेश सरकार से आग्रह किया कि प्रदेश के अस्पतालों और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन में खाली पड़े पदों को भरने की पहल करें ताकि रोजगार के साथ लोगों को ग्रामीण स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें । बेबीनार में केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने भी भागीदारी की । इस दौरान उन्होंने कहा है कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 छात्रों को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए सक्षम बनाने और भारतीय संस्कृति और भाषाओं से परिचित कराने के लिए है । श्री निशंक ने कहा कि नई नीति का उद्देश्य भारतीय शिक्षा प्रणाली के सभी पहलुओं में आमूलचूल बदलाव करना है । उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति में परंपरागत और अंतर-विषयों की प्रणाली के बीच संतुलन बनाया गया है । मुख्यमंत्री ने सेमिनार को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं है, शिक्षा ऐसी हो जिसमें भावी जीवन की तैयारी हो । उन्होंने कहा कि प्रदेश में नई शिक्षा नीति का आदर्श क्रियान्वयन किया जाएगा । स्वास्थ्य सेवाओं का जिक्र करते हुए श्री चौहान ने कहा की कोविड-19 ने हमें काफी जागरूक किया है । उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास किए जा रहे हैं जिससे कोई भी अस्पताल बिना डॉक्टर व सुविधा के ना रहे । अस्पतालों में उपचार व जांच की सभी सुविधाएं और संसाधन मौजूद हों । इसके साथ ही दवाओं के साथ-साथ सर्जिकल उपकरण भी प्रदेश में बने ।
रेलगाड़ी
अभी चल रही विशेष रेलगाड़ियों के अलावा पैसेंजर सहित बाकी ट्रेनें 30 सितंबर तक स्थगित रहेगी । इस संबंध में रेलवे ने आज आदेश जारी किया है । गौरतलब है कि कोरोना संक्रमण के कारण 24 मार्च से ट्रेनों का नियमित संचालन नहीं हो रहा है । हालांकि मई महीने में सरकार ने कुछ विशेष और श्रमिक ट्रेनों को चलाने की मंजूरी दी थी ।
गांधी ग्राम सेवा केंद्र
प्रदेश की सभी 5000 ग्राम पंचायतों में महात्मा गांधी ग्राम सेवा केंद्र स्थापित किए जाएंगे । इन सुविधा केंद्रों से सभी शासकीय एवं अन्य सेवाएं उचित दर पर आम आदमी को उपलब्ध कराई जाएंगी । जिससे ग्राम पंचायत स्तर पर सभी शासकीय अन्य कार्यों में पारदर्शिता सक्षमता और विश्वसनीयता में वृद्धि होगी, एवं ग्राम पंचायतें डिजिटलाइजेशन की और बढ़ेंगी ।
कोरोना प्रदेश
प्रदेश में कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या 39 हजार से अधिक हो गई है । वहीं दूसरी ओर स्वस्थ होने बालों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है । अब तक 29 हजार से ज्यादा लोग स्वस्थ हो चुके हैं । राजधानी भोपाल में आज 117 नए मरीज मिले, इनमें भोपाल मेमोरियल हॉस्पिटल के एक डॉक्टर भी शामिल हैं । जिले में अब तक मिले 7887 संक्रमितों में से 5444 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं । आज भी 135 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दी गई । शहडोल जिले में आज 14 और संक्रमित मिले इनमें 11 पुलिसकर्मी या उनके परिवार के लोग शामिल हैं । सिवनी में आज दो कोरोना संक्रमित मिले हैं, वही उपचार के दौरान 2 मरीजों की मृत्यु हुई है । रायसेन जिले में अब तक 429 पॉजिटिव मरीज मिले हैं जिनमें से 340 लोग कोरोना को हरा चुके हैं । मंदसौर में आज 13 मरीजों के स्वस्थ होने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी गई वहीं नीमच में भी 17 लोगों ने कोरोना पर विजय हासिल की । सीहोर से आज राहत की खबर मिली है जहां 16 दिन बाद आज कोरोना का कोई नया मामला सामने नहीं आया । खंडवा में भी संक्रमण में कमी आई है जहां 8 नए मरीजों का पता चला तो वहीं 20 मरीजों के स्वस्थ होने पर उन्हें कोविड सेन्टर से छुट्टी दी गई । वही सतना में पांच लोगों की दोबारा रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है । उधर अनूपपुर कलेक्टर कार्यालय को 2 दिन के लिए आम लोगों के लिए बंद किया गया है । कार्यालय के सभी अधिकारी-कर्मचारी की कोरोना जांच की जाएगी । जिले में आज 10 लोग कोरोना को मात देकर घर लौटे ।
इंदौर/सीरो सर्वेक्षण
इंदौर जिले में कोरोनावायरस के प्रति नागरिकों की रोग प्रतिरोधक क्षमता जांचने के लिए कल से सीरो सर्वेक्षण शुरू किया जा रहा है ।
इंदौर कोरोना संक्रमण के मामले में फिलहाल प्रदेश में शीर्ष स्थान पर है । कल 208 नए कोविड-19 प्रभावितों के मिलने से जिले में अब तक 8724 लोग कोरोना संक्रमित चुके हैं । राज्य सरकार ने कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण के लिए इंदौर में सीरो सर्वेक्षण कराने का निर्णय लिया है । भारत सरकार की ओर से शासकीय महात्मा गांधी चिकित्सा महाविद्यालय को सीरो सर्वेक्षण किट मिल चुकी है । इंदौर संभाग आयुक्त डॉ पवन शर्मा ने बताया कि आगामी 12 से 15 दिनों तक इंदौर की शहरी सीमा में 7000 लोगों के सीरो सर्वेक्षण का लक्ष्य रखा गया है । इसके तहत प्रत्येक घर से एक व्यक्ति का खून का नमूना लिया जाएगा । इसके बाद जांच के आधार पर यह पता लगाया जाएगा कि कितने लोगों में कोरोना वायरस से लड़ने वाले एंटीबॉडी विकसित हो चुके हैं । इस सर्वेक्षण से यह भी पता चल सकेगा कि कितने प्रतिशत आबादी में हर्ड इम्युनिटी यानी सामुदायिक रूप से रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित हो रही है । सर्वेक्षण के लिए इंदौर के 85 वार्डों में 85 दलों का गठन किया गया है । प्रत्येक दल में 2 सदस्य रखे गए हैं ।
जेल ई-मुलाकात
इंदौर की केंद्रीय जेल में कैदियों की उनके परिजनों और वकीलों से अब ई-मुलाकात करवाई जाएगी । इस योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन के आधार पर कैदी के परिजन या वकील मोबाइल फोन या कंप्यूटर के माध्यम से बात कर सकेंगे । केंद्रीय जेल अधीक्षक राजेश कुमार भांगरे ने बताया कि इस सुविधा का लाभ वे ही कैदी ले सकेंगे जिन्हें इनकमिंग दूरभाष की पात्रता है । इन कैदियों को 10 मिनट की अवधि की ई-मुलाकात की सुविधा माह में केवल एक बार मिलेगी ।
मौसम
अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के असर के चलते पिछले चौबीस घंटों में जबलपुर, मंडला, उमरिया सहित दो दर्जन से अधिक जिलों में बारिश हुई । जबलपुर में सबसे अधिक 103 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई । इसके अलावा प्रदेश के पूर्वी हिस्से में स्थित मंडला, उमरिया, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा और सिवनी में भी अच्छी बारिश हुई । वही बुंदेलखंड अंचल के सागर, दमोह टीकमगढ़, छतरपुर में बरसात दर्ज की गई । वहीं, विंध्य क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रीवा, सीधी के अलावा प्रदेश के कुछ पश्चिमी क्षेत्र और उत्तरी इलाकों में भी बारिश हुई है । विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अन्य स्थानों पर बारिश की गतिविधियों में इजाफे की संभावना जताई है । इस दौरान राजगढ़, होशंगाबाद, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर और आगर मालवा सहित 18 जिलों में भारी बारिश हो सकती है ।
अब कुछ समाचार संक्षेप में
1. बीएलएड नियमित प्रथम एवं द्वितीय वर्ष की परीक्षाएं 1 सितंबर से 11 सितंबर के बीच आयोजित होगी ।
2. स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित होने वाला राज्य स्तरीय कार्यक्रम भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में ही होगा लेकिन कार्यक्रम की अवधि और परेड में शामिल टुकड़ियों की संख्या कम कर दी गई है ।
3.एक मास्क-अनेक जिंदगी जन जागरूकता अभियान के तहत खंडवा जिले के रामनगर में स्पंदन समाज सेवा समिति ने 400 मास्क निर्धन लोगों को वितरित किए । जिले में बैंक ऑफ महाराष्ट्र की अधिकारी-कर्मचारियों ने मास्क बैंक में 1000 मास प्रदान किए हैं ।
4. कटनी में जल जीवन मिशन की जिला स्तरीय बैठक में आज 58 गांव की शेष प्रस्तावित योजनाओं का अनुमोदन किया गया ।
5. खरगोन में वायु निगरानी केंद्र स्थापित किया जाएगा ।
6. गुना कलेक्टर ने नवीन लक्षित हितग्राहियों की खाद्यान्न पर्ची जारी नहीं होने और आधार अपडेट कार्य की धीमी गति के चलते सभी कनिष्ठ अधिकारियों के इस माह का वेतन रोकने के आदेश दिए हैं ।
इस बुलेटिन में इतना ही घर पर रहिए सुरक्षित रहिए और पढ़ते रहिए प्रादेशिक समाचार नमस्कार

0 comments:
एक टिप्पणी भेजें