08 अगस्त, 2020

मध्य प्रदेश समाचार | आज के समाचार | दिनांक 08.08.2020

Leave a Comment

 

भोपाल से प्रस्तुत हैं प्रादेशिक समाचार

नमस्कार समाचारों के साथ में जितेंद्र रघुवंशी पहले मुख्य समाचार

1. प्रधानमंत्री आज नई दिल्ली में राष्ट्रीय स्वच्छता केंद्र का उद्घाटन करेंगे ।
2. प्रदेश में कोविड-19 के बढ़ते मरीजों के बीच अब तक 27000 से अधिक लोग स्वस्थ हुए । रिकवरी दर भी बढ़कर 74% से ज्यादा हुई
3. प्रदेश में जन्माष्टमी, गणेश उत्सव, मोहर्रम सहित आगामी त्यौहार सार्वजनिक रूप से नहीं मनाए जाएंगे ।
4. भारत छोड़ो आंदोलन की 78 वीं वर्षगांठ आज प्रदेश में आकाशवाणी के जरिए रेडियो स्कूल कार्यक्रम में सुनाई जाएंगी स्वतंत्रता संग्राम की कहानियां ।

अब समाचार विस्तार से

पीएम/स्वच्छता केंद्र
        प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली स्थित राजघाट के पास राष्ट्रीय स्वच्छता केंद्र का उद्घाटन करेंगे । यह स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत अनुभव साझा करने का माध्यम होगा । राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 अप्रैल 2017 को गांधी जी के चंपारण सत्याग्रह के शताब्दी समारोह के अवसर पर पहली बार राष्ट्रीय स्वच्छता केंद्र की घोषणा की थी । इस केंद्र से देश के स्वच्छता अभियान से संबंधित विशेष दृश्य-श्रव्य कार्यक्रम का लाभ लिया जा सकेगा । इसमें विश्व के इतिहास में सबसे बड़े व्यवहार परिवर्तन अभियान से संबंधित भारत की स्वच्छता यात्रा के बारे में बताया जाएगा ।

तोमर
       केंद्रीय पंचायती राज मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा है कि पंचायतों के सरपंच और अन्य निर्वाचित प्रतिनिधियों को गांव के समग्र विकास की जिम्मेदारी पूरी करनी चाहिए । उन्होंने कहा कि पंचायतों के प्रतिनिधियों को शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण जैसे विषयों पर कार्य करने की पहल करनी चाहिए ताकि देश का प्रत्येक गांव समग्र विकास की दिशा में आगे बढ़ सके । नई दिल्ली में राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार वितरण समारोह के वीडियो कांफ्रेंस के जरिए आयोजित समारोह में श्री तोमर ने पुरस्कार जीतने वाले पंचायत प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि अन्य पंचायतों को भी पुरस्कार विजेता पंचायतों से प्रेरणा लेनी चाहिए ताकि वे अगले साल पुरस्कार जीत सकें । उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना महामारी के दौर में आत्मनिर्भर भारत अभियान का शुभारंभ करके देश को नई दिशा दी है ।

कोरोना प्रदेश
          प्रदेश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 37 हजार से ज्यादा हो गई है । वहीं इनमें से 27000 से ज्यादा लोग स्वस्थ हो चुके हैं जिस से सक्रिय मामलों की संख्या मात्र 9000 बची है । वही रिकवरी दर बढ़कर 74% से अधिक हो गई है । सबसे ज्यादा प्रभावित इंदौर जिले में पिछले 24 घंटों के दौरान 184 नए मरीज मिलने से संक्रमित लोगों की संख्या 8343 तक पहुंच गई है । जिले के विभिन्न अस्पतालों में 2162 कोरोना प्रभावितों का उपचार जारी है । अब तक 5851 मरीज स्वस्थ होकर घरों को लौट चुके हैं । उज्जैन में कल 14 नए प्रकरण मिले वही 8 लोग स्वस्थ हुए । 
झाबुआ में कल 11 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं । जिससे एक के मरीजों की संख्या 86 हो गई है । खंडवा में दो लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है । वही मंदसौर में  कल  कोरोना  के  19 मई मरीज मिले हैं  जिससे जिले में प्रभावितों की संख्या 500 से ज्यादा हो गई है । जबलपुर में 85, मंडला में 3, दमोह में 10, सागर में 13, शिवपुरी में 5 और नीमच में 16 नए प्रकरण सामने आए हैं । टीकमगढ़ में कल 4 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई । वहीं नरसिंहपुर में 17 संक्रमित मिले । सतना में सिविल जज सहित 6 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है वही रतलाम में 11 और ग्वालियर में 38, पन्ना में 10, विदिशा में 12 और निवाड़ी में 9 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है ।

कोविड/उत्सव
          प्रदेश में कोविड संक्रमण को देखते हुए आगामी गणेश उत्सव, मोहर्रम, जन्माष्टमी आदि त्योहारों सार्वजनिक रूप से नहीं मनाया जा सकेंगे । इसके अलावा गणेश प्रतिमाएं सार्वजनिक रूप से स्थापित नहीं की जा सकेगी तथा जन्माष्टमी एवं मोहर्रम पर जुलूस व ताजिए भी नहीं निकाले जा सकेंगे । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेशवासियों से कहा है कि वे घर पर ही इन त्योहारों को मनाए । पूजा स्थलों पर एक बार में 5 से अधिक व्यक्ति इकट्ठे नहीं हो । इस बार स्वतंत्रता दिवस भी सीमित रूप से मनाया जाएगा । कहीं भी भीड़ इकट्ठा होने की इजाजत नहीं होगी ।

कोरोना बचाव
          प्रदेश में कोरोनावायरस संक्रमण की रोकथाम एवं बचाव के मकसद से गृह विभाग ने मध्य प्रदेश के समस्त जिला कलेक्टरों को नए दिशा निर्देश जारी किए हैं । इनमें कहा गया है कि डिस्ट्रिक्ट क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप के परामर्श से केवल प्रत्येक रविवार को ही बाजार बंद रखे जाने की कार्यवाही की जा सकेगी । इसके साथ ही प्रदेश में कर्फ्यू रात्रि 10:00 बजे से प्रातः 5:00 बजे तक की लागू किया जा सकेगा । यह कार्यवाही भीड़ को नियंत्रित करने के लिए की जाएगी । पूर्व में सप्ताह में रविवार के अलावा शनिवार या सोमवार को शामिल करते हुए लगातार दो दिन बाजार बंद किए जाने के निर्देश दिए गए थे ।

विमान दुर्घटना
         दुबई से कल शाम केरल के कोझीकोड आ रहे एयर इंडिया के विमान दुर्घटना में दो पायलट सहित 17 लोग मारे गए । दुर्घटना स्थल पर राहत कार्य पूरा हो गया है । विमान में दो पायलट और चालक दल के 5 सदस्य सहित 191 लोग सवार थे । चालक दल के 4 सदस्य सुरक्षित हैं । नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने बताया कि विमान कारीपुर हवाई अड्डे पर उतरते समय रनवे से 35 फुट नीचे गिर गया और दो टुकड़ों में टूट गया । माना जा रहा है कि भारी वर्षा दुर्घटना का एक कारण हो सकती है । राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और गृह मंत्री ने दुर्घटना पर दु:ख व्यक्त किया है । प्रधानमंत्री ने इस मामले में केरल के मुख्यमंत्री से बात की ।

भारत छोड़ो आंदोलन
        भारत छोड़ो आंदोलन की आज 78वीं वर्षगांठ मनाई जा रही है । 1942 में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने अंग्रेजों को देश से निकालने के लिए भारतीयों से करो या मरो का आवाहन किया था । यह आंदोलन मुंबई में ग्वालिया टैंक से प्रारंभ हुआ था । प्रतिवर्ष आज का दिन अगस्त क्रांति दिवस के रूप में मनाया जाता है ।

हमारा घर हमारा विद्यालय
        स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा है कि 15 अगस्त तक प्रदेश के स्कूली विद्यार्थी 'हमारा घर हमारा विद्यालय' कार्यक्रम के तहत स्वाधीनता सप्ताह मना रहे हैं । इस दौरान रेडियो स्कूल प्रसारण में हर दिन, स्वतंत्रता संग्राम और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों पर आधारित एक प्रेरक कहानी सुनाई जाएगी । आकाशवाणी के प्रदेश स्थित सभी 14 प्राथमिक प्रसारण केंद्रों एवं वन्या सामुदायिक रेडियो के सभी आठों प्रसारण केंद्र से प्रसारित होने वाले रेडियो स्कूल के सायंकालीन प्रसारण में शाम 5:00 से 5:30 तक यह विशेष प्रसारण सुना जा सकेगा । श्री परमार ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा है कि इस वर्ष हम स्वतंत्रता समारोह एक दिन नहीं बल्कि पूरे सप्ताह मनाएंगे ।

नदी शुद्धिकरण
        इंदौर जिला प्रशासन और नगर निगम जल संरक्षण व संवर्धन की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए शहर से बहने वाली सरस्वती और कान्ह नदी शुद्धिकरण के लिए एक विशेष अभियान चला रहा है । इन नदियों का मूल स्वरूप लौटाने के लिए विभिन्न विभागों के समन्वय से कार योजना बनाई गई है ।

      "किसी समय में इंदौर की जीवनधारा कहलाने वाली दो नदियां सरस्वती और कान्ह प्रदूषण और जल प्रवाह के थमने से अपना अस्तित्व खो रही हैं । इन नदियों के मूल स्वरूप को लौटाने के लिए नगर निगम पिछले कई दिनों से गहरीकरण का अभियान चला रहा है । नगर निगम आयुक्त सुश्री प्रतिभा पाल ने बताया कि इन नदियों के मार्ग में आने वाली कठिनाइयों को हटाकर जल प्रभाव को निरंतर करने का प्रयास जारी है । साथ ही शहर के विभिन्न स्थानों से नदी में मिलने वाले नालों को रोकने का कार्य किया जा रहा है । राजस्व विभाग ने इन नदियों का सीमांकन कर दिया है, जिसके बाद अनेक स्थानों पर दीवार बनाकर इनके तटों को सुरक्षित किया जाएगा । सुश्री पाल ने बताया कि नदियों के तटों का कटाव रोकने और पर्यावरण संरक्षण के लिए वन विभाग के सहयोग से दोनों तटों पर विशाल स्तर पर पौधारोपण का कार्य जारी है । नदी की स्वच्छता को बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने किनारे बसी झुग्गी बस्तियों के रहवासियों को अन्यत्र फ्लैट दिए जाने की कार्य योजना बनाई है । साथ ही जिला प्रशासन ने इन नदियों के किनारे से 33 मीटर की दूरी तक किसी भी तरह के निर्माण कार्य पर प्रतिबंध लगा दिया है ।"

अब कुछ समाचार संक्षेप में
1. विदिशा कलेक्टर ने कहा है कि कोविड केयर में लापरवाही बरते जाने पर अनु विभागीय स्तर पर एसडीएम उत्तरदाई माने जाएंगे ।
2. आदिम जाति कल्याण मंत्री मीना सिंह ने कल डिंडोरी में कलेक्टर सभाकक्ष में वनाधिकार अधिनियम एवं विभागीय योजनाओं की समीक्षा की ।
3. संगीत सम्राट तानसेन की जन्मस्थली बेहट में प्राचीन शिव मंदिर परिसर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा ।
4. गुना कलेक्टर ने एक बैठक के दौरान कहा है कि आदिवासियों से मारपीट एवं दुर्व्यवहार की घटनाओं को अधिक गंभीरता से लिया जाएगा ।
5. मुरैना मैं कल हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा में उत्तीर्ण हुए विद्यार्थियों को कलेक्टर ने सम्मानित किया ।

इस बुलेटिन में इतना ही घर पर रहिए सुरक्षित रहिए और पढ़ते रहिए प्रादेशिक समाचार नमस्कार

If You Enjoyed This, Take 5 Seconds To Share It

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें